Showing posts with label Vice President. Show all posts
Showing posts with label Vice President. Show all posts

Saturday, February 12, 2011

मिस्र में "मुबारक" बदलाव



काहिरा: आखिरकार शुक्रवार को मिस्र के राष्ट्रपति होस्नी मुबारक ने घुटने टेकते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा देने के साथ ही मुबारक अपने पूरे परिवार के साथ काहिरा छोड़कर जा चुके हैं। इस तरह मिस्र में मुबारक का 30 साल के शासन का अंत हो गया।

मिस्र के उप राष्ट्रपति उमर सुलेमान ने पुष्टि की है कि मुबारक अब राष्ट्रपति नहीं हैं। उन्होंने सरकारी टेलीविज़न पर घोषणा की है कि फ़िलहाल चुनाव होने तक सरकार का संचालन मिलिट्री काउंसिल करेगी। मिस्र की बागडोर सेना के हाथों में आने के बाद जहाँ मिस्र के भीतर जश्न मनाया जाने लगा वहीं दुनिया के अनेक देशों ने मुबारक के इस्तीफ़े का स्वागत किया।

अमेरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि मुबारक का इस्तीफ़ा मिस्र में बदलाव का अंत नहीं बल्कि एक शुरुआत है। अब सेना को देश में आपातकाल ख़त्म कर स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने चाहिए।

उधर स्विट्जरलैंड सरकार ने मुबारक तथा उनके परिवार की सारी संपत्ति जब्त कर ली है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लार्स नूचेल के मुताबिक यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार मिस्र की किसी भी सरकारी संपत्ति की हेराफेरी का खतरा नहीं लेना चाहती। सरकार ने उनकी किसी भी संपत्ति खासकर रियल एस्टेट की बिक्री पर पाबंदी लगा दी है। गौरतलब है कि 2009 के अंत तक स्विस नेशनल बैंक में मिस्र का 3.6 अरब स्विस फ्रैंक्स (3.5 अरब डॉलर) जमा था।

Friday, February 11, 2011

मुबारक अपनी ज़िद पर क़ायम, नहीं देंगे पद से इस्तीफ़ा


मिस्र में कई दिनों से मचे क़ोहराम के अब और बढ़ने के आसार बन गये हैं। मुबारक के इस बयान ने जनता द्वारा किये जा रहे विरोध प्रदर्शन को और हवा देने का काम किया है। जनता की मांग को ठुकराते हुए मिस्र के राष्ट्रपति होस्नी मुबारक ने अपना पद छोड़ने से इनकार कर दिया है। लेकिन, जनता के ज़ख़मों पर मरहम लगाते हुए मुबारक ने कहा है कि उन्होंने उपराष्ट्रपति उमर सुलेमान को कुछ अधिकार सौंपे है और उन्हें देश के युवाओं से बातचीत में कोई शर्मिंदगी नहीं है।

82 वर्षीय मुबारक ने राष्ट्र के नाम संबोधित अपने बयान में कहा कि हमने उन लोगों से वार्ता शुरू की है जो बदलाव और राजनीतिक शक्तियों की माँग कर रहे है और उनमें युवक भी शामिल है। हम सत्ता के शांतिपूर्ण परिवर्तन की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

मुबारक ने वादा किया कि मैं राष्ट्रपति पद के लिए चुनावी मैदान में नहीं उतरूँगा। मैंने यह भी कहा है कि जब तक जनता अगले सितंबर तक नए राष्ट्रपति का चुनाव नहीं कर लेती है, मैं संविधान की रक्षा का दायित्व निभाता रहूँगा। इसी बात की मैंने शपथ ली है और मिस्र को सुरक्षित स्थान तक पहुँचाने का प्रयास करता रहूँगा।

मुबारक ने बताया कि मैंने उपराष्ट्रपति को संविधान के आधार पर कुछ अधिकार हस्तांतरित करने का निर्णय किया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने संविधान के छह अनुच्छेदों को संशोधित करने और एक अनुच्छेद को रद्द करने का आग्रह किया है।

राष्ट्रपति के संबोधन से प्रदर्शनकारियों की नाराजगी दूर नहीं हुई और काहिरा के तहरीर चौक पर 17 वें दिन भी करीब दो लाख लोगों ने सरकार के खिलाफ नारे लगाए। कुछ प्रदर्शनकारियों ने तुरंत आम हड़ताल का आह्वान किया और सेना के खिलाफ अपनी भड़ास निकाली। दरअसल सैन्य नेतृत्व ने कुछ घंटे पहले ही घोषणा की थी वह देश की सुरक्षा एवं लोगों की जायज माँगों को पूरा करने को सुनिश्चित करने के लिए हस्तक्षेप करेगा।

इसके अलावा, मुबारक ने मिस्र में लोकतंत्र की ओर परिवर्तन की प्रक्रिया को हवा दे रहे देशों पर अप्रत्यक्ष कटाक्ष करते हुए कहा कि मैं कभी भी विदेश की मर्जी के आगे नहीं झुका। मैंने हमेशा ही शांति तथा मिस्र एवं उसके स्थायित्व के लिए काम किया है।

Saturday, February 5, 2011

मिस्र: उग्र हुए प्रदर्शनकारी, उप राष्ट्रपति पर हमला


मिस्र में पिछ्ले कई दिनों से सरकार के खिलाफ किया जा रहा प्रदर्शन अब बेहद ही खतरनाक मोड़ ले चुका है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि हाल ही में राष्ट्रपति होस्नी मुबारक द्वारा नियुक्त किये गये मिस्र के उप राष्ट्रपति उमर सुलेमान पर प्राणघातक हमला किया गया। इस हमले में सुलेमान के दो अंगरक्षकों की मौत हो गई हालाँकि वे पूरी तरह सुरक्षित है।

एक अमेरिकी न्यूज चैनल पर दिखाई गई ख़बर के मुताबिक़ सुलेमान पर जानलेवा हमले के प्रयास को राष्ट्रपति होस्नी मुबारक के खिलाफ चल रहे विद्रोह के सिलसिले में खतरनाक संकेत माना जा सकता है। हाल ही में मुबारक ने सुलेमान को उप राष्ट्रपति नियुक्त किया है। ऐसा माना जा रहा है कि सुलेमान को नियुक्त करने का उनका प्रयास विरोध प्रदर्शन को शांत करने तथा सुलेमान को अपने संभावित उत्तराधिकारी की कतार में खड़ा करने के लिए है।

मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक काहिरा के तहरीर चौक पर चल रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान पिछले कुछ दिनों में आठ लोगों की मौत हो चुकी है और 800 से ज्यादा लोग जख्मी हुए हैं। वहीं संयुक्त राष्ट्र का अनुमान है कि 25 जनवरी से जारी प्रदर्शन में कम से कम 300 लोगों की मौत हो चुकी है और 4000 हजार से ज्यादा घायल हो चुके हैं।

Friday, November 5, 2010

देशभर में प्रकाशपर्व दीपावली की धूम


देशभर में दीपावली का त्योहार बड़ी धूमधाम से मनाया जा रहा है। दीपावली का त्योहार भारत का सबसे बड़ा त्योहार है। रोशनी का यह त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत का समारोह है। दीपावली के मौक़े पर हर तरफ़ के बाज़ार सजे हुए हैं, कहीं मिठाईयों से तो कहीं पटाखों से। जहां लोग घरों को सजाने के सामान खरीदने में व्यस्त हैं। वहीं बच्चे पटाखे खरीदकर दीपावली पूजन का ख़ास इंतज़ार कर रहे हैं।

दीपपर्व पर राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल, उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी एवं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी ने भी देशवासियों को शुभकामनाएँ दी हैं। राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा है कि बुराई पर अच्छाई, अंधेरे पर उजाले और सत्य पर असत्य की जीत का प्रतीक ज्योति का पर्व दीपावली देशवासियों के जीवन में ढेर सारी खुशियाँ लाए और उनका आने वाला समय उज्जवल एवं खुशियों की सौगात लेकर आए। वहीं सोनिया ने अपने संदेश में कहा है कि ज्योति का पर्व दिवाली देशवासियों के जीवन में शांति, सौहार्द एवं तरक्की की सौगात लेकर आए।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York