Showing posts with label 24-07-2011. Show all posts
Showing posts with label 24-07-2011. Show all posts

Sunday, July 24, 2011

दारूल उलूम से विदा हुए वस्तानवी


देवबंद : गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ़ से विवादों में आए दारुल उलूम देवबंद के वीसी गुलाम मोहम्मद वास्तानवी को आखिरकार उनके पद से हटा दिया गया। देवबंद में मजलिस-ए-शूरा की 13 सदस्यों की बैठक में यह फ़ैसला लिया गया है। वोटिंग के आधार पर हुए फ़ैसले में वस्तानवी के पक्ष में पांच वोट पड़े और विरोध में आठ वोट पड़े।

दो दिन से जारी मजलिस-ए-शूरा की मीटिंग में देर रात वस्तानवी पर इस्तीफ़ा देने का दबाव बनाया गया था लेकिन वस्तानवी ने साफ़ कहा था कि वह पद से इस्तीफा नहीं देंगे। वहीं उन्होने साफ़ कहा कि, वो अगर मुझे पद से हटाना सही समझते हैं तो वीसी पद से हटा सकते हैं।

वास्तवानवी ने कहा कि जो रिपोर्ट कमेटी के सामने पेश की गई है वो पूरी नहीं है। मैं अधूरी रिपोर्ट को खारिज करता हूं। उन्होंने कहा कि दारुल उलूम के छात्र उनके खिलाफ नहीं हैं। बल्कि इस मामले को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है।

गौरतलब है कि इसी साल 10 जनवरी को वस्तानवी को कुलपति चुना गया था। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि गुजरात के मुसलमानों को 2002 के दंगों को पीछे छोड़कर आगे बढ़ना होगा, हालांकि उन्होंने मोदी को क्लीनचिट देने से इंकार किया था। लेकिन उनके इस बयान से विवाद खड़ा हो गया था।

इसके बाद मामले की जांच के लिए 23 फरवरी को शूरा की बैठक में तीन सदस्यों की जांच समिति का गठन किया गया था।

नेपाल में होगी विशाल समलैंगिक परेड



काठमांडू: दक्षिणी नेपाल अगले महीने देश की अब तक की सबसे विशाल समलैंगिक परेड का आयोजन करने जा रहा है। यह परेड सदियों पुराने गायजात्रा यानि गाय उत्सव के साथ ही आयोजित होगी।

समलैंगिक अधिकारों संबंधी कार्यकर्ता और ब्ल्यू डायमंड सोसायटी के अध्यक्ष सुनील बाबू पांटा ने बताया कि 14 अगस्त को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में हाथियों का जुलूस, सांस्कृतिक प्रतीक, नकाब पहने नृतक और संगीतमय कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह एक विशाल आयोजन होगा जिसमें देश के 40 जिलों से हजारों की संख्या में समलैंगिक भाग लेंगे। काठमांडू के बाहर यह पहली समलैंगिक परेड होगी।

यह परेड गायजात्रा के समय संयोगवश आयोजित हो रही है। गायजात्रा में गायों को जुलूस की शक्ल में गलियों में इस उम्मीद के साथ ले जाया जाता है कि पूर्वजों की आत्मा को मोक्ष की प्राप्ति होगी। इस परेड का आयोजन चितवन में किया जाएगा जो नारायणी नदी के किनारे बसा है और काठमांडू तथा पोखरा के बाद नेपाल का तीसरा पर्यटन स्थल है।

चीन में ट्रेन दुर्घटना, 32 मरे, 100 घायल



बीजिंग: चीन में एक बुलेट ट्रेन के दो डिब्बे पुल से गिर जाने से कम से कम 32 लोग मारे गए और 100 अन्य घायल हो गए। यह घटना पूर्वी झेजियांग प्रांत में हुई।

सरकारी टेलीविजन ने बताया कि 32 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है जबकि 100 अन्य को उपचार के लिए अस्पतालों में भेजा गया है।

अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने बताया कि यह ट्रेन स्थानीय समय के अनुसार रात साढ़े आठ बजे झेजियांग में शुआनग्यू कस्बे में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। उन्होंने सरकारी संवाद एजेंसी शिन्हुआ को बताया कि तेज गति वाली ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतरने के बाद पुल से नीचे गिर गए।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York