Showing posts with label 11-03-2011. Show all posts
Showing posts with label 11-03-2011. Show all posts

Friday, March 11, 2011

वर्ल्ड कप: इंग्लैंड पर बांग्लादेश की शानदार जीत


चिटागॉंग : बांग्लादेश ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को 2 विकेट से मात दी और क्वार्टर फ़ाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को क़ायम रखा है। बांग्लादेश ने पुछल्ले बल्लेबाज़ों के शानदार प्रदर्शन के बदौलत इंग्लैंड के जबड़े से जीत छीन ली। सलामी बल्लेबाज़ तमीम इक़्बाल और इमरुल क़ाएस ने बांग्लादेश को अच्छी शुरूआत दी थी। इन दोनों ने पहले विकेट के लिये शानदार 52 रन जोड़े थे। तमीम इक़बाल को ब्रेसन्न ने बोल्ड मार कर बांग्लादेश को पहला झटका दिया था।

तमीम ने 5 चौके लगाकर 26 गेंदों में 38 रनों की शानदार पारी खेली। फिर आगे बांग्लादेश ने महज़ 21 रनों के बाद 2 विकेट और खो दिये। जिसमें जुनैद 12 रन बनाकर रन आउट हो गए। रक़ीबुल हसन बग़ैर खाता खोले ही शहज़ाद का शिकार बने। फिर कप्तान शाकिब अल हसन और इमरुल काएस के बीच चौथे विकेट के लिये 82 रनों की साझेदारी हुई जिसने बांग्लादेश की जीत की नींव रखी।

लेकिन इमरुल काएस के रन आउट हो जाने के बाद बांग्लादेश की बल्लेबाज़ी लड़खड़ा गई। इमरुल काएस ने 5 चौके लगाकर 100 गेंदों में 60 रन बनाए। 169 रन के स्कोर पर बांग्लादेश ने अपने 8 विकेट खो दिये थे। उस समय बांग्लादेश की हार निश्चित लगने लगी थी। लेकिन फिर मेहमूदुल्लाह और शफ़िउल इस्लाम के बीच हुई 9वें विकेट के लिये नाबाद 58 रनों की साझेदारी ने बांग्लादेश को जीत दिला दी। मेहमूदुल्लाह ने 2 चौकों की मदद से 42 गेंदों में नाबाद 21 रन बनाए जबकि शफ़िउल इस्लाम ने 4 चौके और 1 छक्का लगाकर 24 गेंदों में नाबाद 24 रन बनाए।

इंग्लैंड की ओर से ए शहज़ाद सबसे सफ़ल गेंदबाज़ रहे जिन्होंने 43 रन देकर 3 खिलाड़ियों को आउट किया। जबकि स्वान ने 42 रन देकर 2 विकेट लिये। ब्रेसन्न को 35 रन देकर 1 विकेट मिला। एन्डरसन महंगे साबित हुए, उन्होंने अपने 9 ओवरों में 54 रन दिये और उन्हें कोई सफ़लता भी नहीं प्राप्त हुई।

इससे पहले इंग्लैंड की टीम, जोनाथन ट्रॉट (67) और इयॉन मोर्गन (63) के अर्धशतकों के बावजूद 225 रन के मामूली स्कोर पर सिमट गई। इंग्लैंड 53 रन पर तीन विकेट गंवाकर गहरे संकट में था लेकिन ट्रॉट और केविन पीटरसन के हर्निया की चोट के बाहर विश्वकप से बाहर होने उनकी जगह शामिल किए गए मोर्गन ने चौथे विकेट के लिए 109 रन जोड़कर स्थिति को काफी हद तक संभाल लिया। लेकिन इस जोड़ी के टूटते ही इंग्लिश टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और 49.4 ओवर में 225 रन ही जुटा सकी।

बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया और उनके गेंदबाजों ने योजना के अनुरूप गेंदबाजी करते हुए इंग्लिश टीम को कभी भी संभलने का मौका नहीं दिया। नईम इस्लाम, अब्दुर रज्जाक और शाकिब अल हसन ने दो-दो विकेट लिए जबकि शफीउल इस्लाम, रुबेल हुसैन और महमूदुल्ला को एक-एक विकेट मिला।

बांग्लादेशी गेंदबाजों ने स्थानीय जहूर अहमद चौधरी स्टेडियम में खेले गए विश्वकप के इस पहले मुकाबले में अनुशासित गेंदबाजी करते हुए इंग्लिश गेंदबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।

वर्ल्ड कप: वेस्टइंडीज़ ने आयरलैंड को 44 रनों से हराया


मोहाली : ’ग्रुप बीके मैच में वेस्टइंडीज़ ने आयरलैंड को 44 रनों से मात दे दी।वेस्टइंडीज़ के 276 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की टीम 49 ओवरों मेंरन पर आल आउट हो गई। आयरलैंड की ओर से मध्यक्रम के बल्लेबाज़ों ने अच्छीपारियां खेलीं लेकिन 3 बल्लेबाज़ों को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज़ टिक कर नहीं खेलसका जिस कारण उनकी टीम को हार का मुंह देखना पड़ा। आयरलैंड की ओर से जोएसऔर जी विल्सन ने अर्द्धशतकीय पारियां खेलीं।

आयरलैंड की शुरूआत बेहद ख़राब रही थी और 6 रन के स्कोर पर सुलेमान बेन ने स्टिरलिंग को पगबाधा आउटकर पवेलियन की राह दिखा दी थी। फिर पोर्टर्फ़ील्ड ने जोएस के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिये धीमी गति सेरन बनाते हुए 62 गेंदों में 36 रनों की साझेदारी निभाई। पोर्टर्फ़ील्ड सैमी की गेंद पर कैच आउट हुए। उन्होंने 34 गेंदों पर 2 चौके लगाकर 11 रन बनाए। फिर जोएस ने तीसरे विकेट के लिये एन ब्राएन के साथ मिलकर 44 रनों की साझेदारी की। लेकिन एन ब्राएन ज़्यादा देर नहीं टिक सके और 2 चौकों की मदद से 25 रन बनाकरसुलेमान बेन का शिकार बने।

फिर विल्सन और जोएस ने चौथे विकेट के लिये 91 रनों की साझेदारी निभाई। एन्ड्रे ससेल ने आयरलैंड कीउम्मीदो पर पानी फेरते हुए जोएस को बोल्ड मार कर इस साझेदारी को तोड़ दिया। जोएस ने 106 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 84 रन बनाए। इसके बाद आयरलैंड ने अपने स्कोर में महज़ 24 रन के इज़ाफ़े के साथ 4 महत्व्पूर्ण विकेट गंवा दिये। विल्सन और जोएस की साझेदारी टूटने के बाद आयरलैंड की टीम ताश के पत्तों कीतरह बिखर गई। उनके बाद कोई भी बल्लेबाज़ दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सका। केवल डाकरेल ने 3 चौकेलगाकर 19 गेंदों में 19 रन बनाए।

इससे पहले वेस्टइंडीज़ ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में सलामी बल्लेबाज डेवॉन स्मिथ नेशतक और कीरोन पोलार्ड ने विस्फोटक 94 रनों की बदौलत 275 रन बनाए थे। डेवॉन स्मिथ ने 133 गेंदों में 11 चौके और 1 छक्का लगाकर 107 रनों की शानदार पारी खेली थी। जबकि कीरोन पोलार्ड ने 8 चौके और 5 छक्केलगाकर महज़ 55 गेंदों में 94 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली थी। इनके अलावा शिवनारायण चंद्रपौल ने 3 चुकेलगाकर 35 रन बनाए थे। बाक़ी के सभी बल्लेबाज़ नाक़ाम रहे थे।

वेस्टइंडीज़ की ओर से सुलेमान बेन ने 53 रन देकर 4 खिलाड़ियों को आउट किया। जबकि डेरेन सैमी ने किफ़ायतीगेंदबाज़ी करते हुए केवल 31 रन देकर 3 विकेट लिये। इनके अलावा के रोच और एन्ड्रे रसेल को 1-1 विकेट मिला।

जापान में सुनामी-भूकंप से तबाही, 32 मौतों की पुष्टि

जापान में ज़बर्दस्त भूकंप और सुनामी से जान-माल का भारी नुक़सान हुआ है। 8.9 की तीव्रता वाले जबरदस्त भूकंप और उससे प्रशांत तट पर उठी भयानक सूनामी लहरों से भारी तबाही हुई है। अभी तक इस त्रासदी में 32 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। सैक्ड़ों लोग अब भी लापता हैं, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। हालांकि राष्ट्रीय पुलिस एजेंसी देश भर में भूकंप से हुई तबाही के आंकड़े जुटा रही है|
रिक्टर पैमाने पर 8.9 की तीव्रता वाले भूकंप से 10 मीटर ऊंची सूनामी लहरें उठी जो अपने रास्ते में आई हर चीज को बहा कर ले गईं। यहां तक कि घर और कारें भी बह गए। भूकंप के कारण कई इमारतों में आग लग गई। टोक्यो में लगभग चालीस लाख घरों की बिजली गुल हो गई। शेनदाई शहर में एक होटल की छत ध्वस्त होने की खबर है जिसके नीचे कईं लोगों के दबे होने की आशंका है।

जापान के सरकारी मीडिया संस्थान एनएचके ने खबर दी है कि भूकंप से बहुत से लोग घायल हुए हैं और लोगों को ऊंची इमारतों और तटीय इलाकों में ना जाने को कहा गया है| जापान में आए शक्तिशाली भूंकप के बाद फिलीपींस, ताइवान और इंडोनेशिया में सूनामी चेतावनी जारी की गई है| शुक्रवार को आए भूकंप ने 2004 की सूनामी की याद दिला दी है जिसमें जानमाल की भयानक तबाही हुई थी|

प्रशांत सूनामी चेतावनी केंद्र ने पूरे प्रशांत क्षेत्र के अलावा कोलंबिया और पेरू जैसे दूरदराज के देशों के लिए भी सूनामी चेतावनी जारी की है. भूकंप का केंद्र राजधानी टोक्यो से 300 किलोमीटर दूर सेंदाई शहर में बताया जा रहा है। वहीं इस भयानक तबाही के बाद लोगों में दहशत का माहौल है।

हसन अली को मिली ज़मानत


मुंबई : टैक्स चोरी के मामले में फ़ंसे हसन अली को मुंबई की सेशन कोर्ट ने सबूतों के अभाव में ज़मानत दे दी। अदालत ने प्रवर्तन निदेशालय की अली की रिमांड बढ़ाने की अपील खारिज करते हुए कहा कि इसके लिए ईडी पर्याप्त सबूत पेश नहीं कर सका है।

हसन अली को प्रवर्तन निदेशालय ने सोमवार को हिरासत में लिया था। इसके बाद लगातार गुरुवार और शुक्रवार को ईडी ने उन्हें कोर्ट में पेश किया। निदेशालय ने बुधवार को अली से पूछताछ के लिए 14 दिन का रिमांड मांगा था, लेकिन कोर्ट ने साफ कहा कि वे अली के खिलाफ ठोस सबूत पेश करें, उन्हें रिमांड दे दिया जाएगा। अदालत ने सुनवाई को एक दिन के लिए टाल दिया। गुरुवार को फिर प्रवर्तन निदेशालय ठोस सबूत पेश करने में असफल रहा और अदालत ने फिर उन्हें एक दिन का वक्त दिया। लेकिन शुक्रवार को भी निदेशालय कोई ठोस साक्ष्य अदालत को देने में असफल रहा और इसके बाद अदालत ने उनकी जमानत मंजूर कर ली।

निदेशालय ने गुरुवार को कोर्ट को बताया था हसन ने अपने स्विस बैंक खाते से सात लाख डॉलर ब्रिटेन स्थानांतरित करने की बात कबूल कर ली है। सरकारी वकील नितिन पोंडे ने दलील दी कि हसन से पूछताछ अभी पूरी नहीं हो पाई है लिहाजा रिमांड बढ़ाने की जरूरत है। लेकिन इस बारे में वे कोई भी सबूत पेश नहीं कर सके।

गौरतलब है कि सरकार हसन अली और उसके साथियों से 71,845 करोड़ रुपए आयकर के अलावा 2 लाख 15 हजार करोड़ रुपए का जुर्माना भी वसूलने की तैयारी कर रही है। लेकिन अब हसन अली को ज़मानत मिलने के बाद इसे सरकार की किरकिरी माना जा रहा है।

दिल्ली पुलिस का दावा, राधिका का क़ातिल गिरफ़्तार


नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस के लिये गले की फांस बने दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा राधिका तंवर के हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफ़लता हाथ लगी है। हत्यारे को गिरफ़्तार करने का दावा कर रही दिल्ली पुलिस अब राहत की सांस ले रही है। बुधवार को पुलिस द्वारा जारी किए गए क़ातिल के स्केच से इस हत्यारे की शक्ल काफी मिलती-जुलती है। राधिका नाम की छात्रा की हत्या मंगलवार को उसके कॉलेज के सामने बने फुट ओवर ब्रिज पर कर दी गई थी।

साउथ दिल्ली के डीसीपी HGS धालीवाल ने दावा किया है कि कातिल का नाम विजय उर्फ राम सिंह है और ये उत्तर प्रदेश के सीतापुर का रहने वाला है। इसका कद करीब पांच फुट छह इंच का है और रंग गेहुंआं है। पुलिस का कहना है कि ये क़ातिल राधिका को अच्छी तरह से जानता था और राधिका के बारे में आने जाने की तमाम जानकारी इसको थी। डीसीपी के मुताबिक़, राधिका को गोली काफी पास से मारी गई और इसने इस परिवार से बदला लेने के लिये इस सनसनीख़ेज़ वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस अफसर धालीवाल के अनुसार हत्यारा विजय उर्फ राम सिंह राधिका तंवर के नारायणा स्थित घर से ही उसका पीछा कर रहा था। लेकिन कोई सूनसान जगह ना मिल पाने के कारण वो रास्ते में गोली नहीं चला सका। इसके बाद उसने धौला कुंआ इलाके में स्थित रामलाल आनंद कॉलेज के बाहर बने फुट ओवर ब्रिज पर राधिका की हत्या कर दी। हत्या के वक्त वहां पर कई लोग मौजूद रहे होंगे लेकिन किसी ने पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी थी इसीलिए केस सुलझाने में वक्त लग गया।

धालीवाल ने इस मामले में किसी तरह के संपत्ति या रुपए-पैसे से जुड़े विवाद होने से साफ इंकार किया है. उन्होने ये भी कहा कि मामला पूरी तरह से सुलझ चुका है क्योंकि राधिका की हत्या में केवल एक ही हत्यारा शामिल था और वो पकड़ा जा चुका है। धालीवाल ने कहा कि अगर वक्त रहते उसकी मदद की जाती तो राधिका को बचाया जा सकता था। लेकिन लोगों के गैर-ज़िम्मेदाराना रवैए के कारण उसे अस्पताल ले जाने में देरी हुई, नतीजतन उसे बचाया नहीं जा सका।

हत्या के पीछे का मकसद ये मालूम चल रहा है कि विजय उर्फ राम सिंह करीब 3 साल पहले राधिका के भाइयों के साथ काम किया करता था। वो मन ही मन राधिका को चाहता था। वो इतना ही नहीं, एक बार इसने राधिका को प्रेम-पत्र भी दिया था लेकिन तब राधिका ने इसे झिड़क दिया था। एक दिन राधिका ने अपने भाइयों से इसकी शिकायत की थी और राधिका के भाइयों ने राम सिंह की लात-जूतों से ज़बर्दस्त पिटाई कर डाली थी और इसे काम से निकाल दिया था। इस अपमान को राम सिंह सहन नहीं कर सका था और अपना बदला लेने के लिए उसने राधिका की जान ले ली।

फिलहाल राम सिंह से पूछताछ की जा रही है। माना जा रहा है कि इस कड़ी में कुछ और अहम जानकारियों का खुलासा हो सकता है।

भारत पहुंची ’वॉल्वो’ की लग्जरी कार ‘एस-60’


दुनिया की जानी मानी कंपनी ‘वॉल्वो’ ने भारतीय बाज़ार में अपनी एंट्री लेवल की लग्जरी कार ‘एस-60’ को पेश किया है। भारत में इसकी कीमत 27 लाख रुपए से 34 लाख रुपए के बीच रहेगी। ‘एस-60’ वॉल्वो की भारत में मौजूद अब तक की सुपरलग्जरी कारों में से सबसे सस्ती कार है। ‘वॉल्वो’ को दुनिया में सबसे सुरक्षित वाहन बनाने वाली कंपनी के नाम से भी जाना जाता है। लेकिन लग्जरी बस सेगमेंट में धाक जमाने के बाद भी वॉल्वो भारत के बढ़ते कार बाजार में अपने पैर नहीं जमा पाई।

भारत में वॉल्वो की अब तक मौजूद कारें सुपरलग्जरी सेगमेंट की हैं जिनकी कीमत 50 लाख रुपये से भी ज्यादा है। लेकिन अब वॉल्वो ने इस सेगमेंट में एंट्री लेवल कार ‘एस-60’ उतार दी है। ‘एस-60’ पेट्रोल के साथ डीजल इंजन में भी मिलेगी। सुरक्षा के लिहाज से इसमें कई सेफ्टी फीचर दिए गए हैं जिनके लिए वॉल्वो पूरी दुनिया में जानी जाती है।

इस कार में ‘पेडेस्ट्रियन प्रोटेक्शन सिस्टम’ लगाया गया है। इस सिस्टम का कार्य ये है कि अगर 35 किलोमीटर की रफ्तार से चल रही इस कार के रास्ते में अगर कोई चीज आचानक आती है तो कार में खुद-ब-खुद ब्रेक लग जाते हैं।

इसके अलावा इसमें सेफ्टी के लिए ‘एडैप्टिव क्रूज कंट्रोल’, ‘फ्रंट में वाइड एंगल कैमरा’ और ड्राइवर अलर्ट सिस्टम दिया गया है। इसके पेट्रोल वेरिएंट में 3 लीटर का इंजन लगा है जो 304 बीएचपी पावर देता है और डीजल वेरिएंट में 2.4 लीटर का इंजन लगा है जो 205 बीएचपी पावर देता है।

‘एस-60’ पेट्रोल 9 किलोमीटर की माइलेज देती है जबकि डीजल वर्जन में माइलेज 14 किलोमीटर मिलेगी। वॉल्वो एस60 को मर्सिडीज की ‘सी क्लास’, बीएमडब्ल्यू की ‘3 सीरीज’ और ऑडी ‘ए-4’ से कड़ा मुकाबला करना होगा। क्योंकी ये तीनों पहले से ही लग्जरी सेगमेंट में खूब बिक रही हैं और बाज़ार में ख़ूब छाई हुई हैं।

जापान में सुनामी व भूकंप से भयंकर तबाही



टोक्यो : जापान में आज क़ुदरत के क़हर का ख़ौफ़नाक नज़ारा पेश आया जिसने पूरी दुनिया को दहला कर रख दिया। टोक्‍यो से करीब 400 किलोमीटर दूर समुद्र में अचानक लहरों उठकर अपने उफ़ान पर आईं और देखते ही देखते 7 मीटर ऊंची लहरों ने टोक्‍यो का रूख़ कर लिया। लहरें इतनी तेज़ थीं कि पानी के जहाज़ लहरों के साथ बहकर शहर के अंदर आ गए। कई छोटे-बड़े पानी के जहाज़ अनियंत्रित होकर शहर में घुसे और इमारतों, फ्लाईओवर, ओवर ब्रिज से जा टकराये।

घरों के बाहर और स़डकों पर ख़डे हजारों वाहन बहकर समुद्र में पहुंच गए हैं। हजारों लोग घरों की छतों पर शरण लिए हुए हैं और मदद की गुहार कर रहे हैं। सरकार ने मदद के लिए सेना को बुलाया है। सुनामी से काफी क्षति हुई है और पानी में दर्जनों कारें, नाव और यहां तक कि कई मकान भी बह गये। टोक्यो में 40 लाख घरों में बिजली गुल है। भूकंप के बाद सभी परमाणु संयंत्रों को बंद कर दिया गया है। अधिकारी भूकंप के कारण हुई क्षति के अलावा घायलों और मृतकों की संख्या का पता लगा रहे हैं, लेकिन फिलहाल उनके पास विस्तृत जानकारी नहीं है।

भूकंप के तेज झटकों के बाद सूनामी ने देश के उत्‍तरी तट को तबाह कर दिया। भूकंप की तीव्रता रिक्‍टर पैमाने पर 8.8 आंकी गई है। इनमें कई लहरें 13 मीटर तक की ऊंचाई वाली थीं। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वे के मुताबिक भूकंप का केंद्र राजधानी टोक्‍यो से करीब 400 किलोमीटर दूर 20 मील की गहराई में था। भूकंप से टोक्‍यो में कई इमारतें हिल गईं और डर के मारे लोग घरों से बाहर आ गए। भूकंप के बाद आई बाढ़ से समुद्र तट से सटे मियागी इलाके में कई इमारतें और कारें बह गईं।

पानी की लहरों में कारें, ट्रक, जीपें आदि तमाम वाहन कूड़े की तरह पानी में बह गए। इस दौरान कुछ देर के लिए ऐसा लगने लगा था कि पूरा टोक्‍यो डूब जायेगा। जापान के तटीय इलाकों में स्थित शहरों के अंदर करीब 50 किलोमीटर दूरी तक पहुंच गया। इसमें करीब 50 से अधिक शहर डूब चुके हैं। सदी के सबसे बड़े भूकंप में में कई इमारतों के नीचे के तीन से चार तल पूरी तरह डूब चुके हैं।

भूकंप के केंद्र के पास समुद्री तट पर आये सुनामी में कई मकान बह गये। टोक्यो से लोगों के घायल होने की भी खबरें है। कई अन्य देशों में भूकंप की आशंका जताई जा रही है। मौसम विज्ञान विभाग ने जापान के पूरे प्रशांत महासागर के तट के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की है। एनएचके ने चेतावनी दी कि तट के नजदीक रहने वाले लोग सुरक्षित इलाकों की ओर चले जाएं। हवाई में पैसिफिक सुनामी वार्निंग सेंटर ने कहा कि जापान, रूस, मार्कस आईलैंड और उत्तरी मारियाना के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की गयी है। गुआम, ताईवान, फिलिपिंस, इंडोनेशिया और अमेरिकी राज्य हवाई को सुनामी पर नजर रखने को कहा गया है।

मौसम विभाग ने कहा कि पूर्वी तट से करीब 125 किलोमीटर की दूरी पर दस किलोमीटर की गहराई में रात दो बजकर 56 मिनट पर भूकंप के झटके आये। यह इलाका तोक्यो से 380 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में है। तोक्यो में बड़ी संख्या में भवन हिलने लगे और सुरक्षा के लिए लोग सड़कों पर निकल आये। टीवी फुटेज में दिखाया गया है कि एक बड़े भवन में आग लगी हुई है और तोक्यो के ओदैबा जिले में घरों से धुआं निकल रहा है।

मध्य टोक्यो में रेलगाड़ियों को रोक दिया गया। भूकंप आने के आधे घंटे बाद भी टोक्यो में बड़े भवन हिलते रहे और मोबाइल नेटवर्क ने काम करना बंद कर दिया। तटरक्षक बल के अधिकारी योसुके ओ ने कहा कि जापान के तटरक्षक बल ने कार्यबल का गठन किया है और अधिकारी आपात स्थितियों के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि हम जल्द क्षति का आकलन करेंगे क्योंकि भूकंप काफी तगड़ा था।

वर्ल्ड कप: वेस्टइंडीज़ ने आयरलैंड़ को दिया 276 का लक्ष्य


मोहाली : आयरलैंड के आमंत्रण पर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज टीम, 50 ओवर में 275 रन पर ऑलआउट हो गई। कैरिबियाई टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज डेवॉन स्मिथ ने शतक जड़ा वहीं कीरोन पोलार्ड ने विस्फोटक 94 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज शिवनारायण चंद्रपॉल और डेवॉन स्मिथ ने टीम को धीमी शुरुआत दी। दोनों बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए 24.2 ओवर में 89 रन की पार्टनरशिप हुई। इस साझेदारी को केविन ओ ब्रायन ने तोड़ा। उन्होंने चंद्रपॉल को 35 रन पर पैवेलियन लौटाया। फिर उसी ओवर में केविन ओ ब्रायन ने तीसरे नंबर पर बल्लेबाज़ी करने आए डेवेन ब्रावो को बेहतरीन बोल्ड मारकर पवेलियन की राह दिखा दी।

फिर स्मिथ और रामनरेश सरवन के बीच तीसरे विकेट के लिये 41 रनों की साझेदारी हुई। डाकरेल ने सरवन को मूनी के हाथों कैच आउट कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। सरवन ने 1 चौका लगाकर 11 रन बनाए। लेकिन फिर क़्रीज़ पर धाकड़ बल्लेबाज़ कीरोन पोलार्ड ने आयरलैंड के गेंदबाज़ों के छक्के छुड़ा दिये। कीरोन पोलार्ड ने स्मिथ के साथ चौथे विकेट के लिये 63 गेंदों में 88 रन जोड़ डाले। चौथे विकेट के रूप में स्मिथ भी केविन ओ ब्रायन का शिकार बने। स्मिथ ने 133 गेंदों में 11 चौके और 1 छक्का लगाकर 107 रन बनाए।

लेकिन इस साझेदारी के बाद कोई भी बल्लेबाज़ टिक कर नहीं खेल सका। केवल 10 रन आगे बनाकर वेस्टइंडीज़ ने अपने 2 विकेट और खो दिये थे। केवल कीरेन पोलार्ड ने एक छोर पर डटे रहकर आयरिश गेंदबाज़ों की जमकर ख़बर ली। पोलार्ड ने 55 गेंदों में 8 चौके और 5 ताबड़तोड़ छक्के लगाकर 94 रन बनाए। जबकि वो बदक़िस्मत रहे कि शतक से चूक गये नहीं तो वर्ल्ड़ कप के सबसे तेज़ शतक का रिकार्ड अपने नाम कर सकते थे। इनके अलावा वेस्टइंडीज का कोई भी बल्लेबाज़ दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सका। और आख़िरी ओवरों में पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई।

आयरलैंड की ओर से केविन ओ ब्रायन ने सबसे ज़्यादा 4 विकटें लीं। लेकिन वो काफ़ी महंगे भी साबित हुए, उन्होंने अपने 9 ओवरों में 70 रन दिये। उनके अलावा मूनी को 58 रन देकर 2 विकेट मिले। जबकि रैन्किन ने बेहद किफ़ायती गेंदबाज़ी करते हुए 35 रन देकर 1 विकेट लिया। डाकरेल और बोथा को भी 1-1 विकेट मिला।

प्यार पर कोई पाबंदी नहीं लगा सकता: नीतिश कुमार


पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार विधानसभा में प्यार भरे अंदाज़ में एक अजीब बयान देकर सबको चौंका दिया है। नीतिश ने कहा कि प्रेम पर प्रतिबंध नहीं लगाया जा सकता। ये किसी शासक के वश की बात नहीं है कि वह प्रेम पर प्रतिबंध लगा सके।

भाजपा के सोनपुर के विधायक विनय कुमार सिंह ने बिहार विधानसभा में मुख्यमंत्री नीतिश कुमार के समक्ष एक मामले उठाते हुए कहा था कि इन दिनों, राज्य के संजय गांधी जैविक उद्यान सहित राज्य के कई पार्कों में प्रेमी जोड़ों के कारण आम लोगों को ख़ासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बीजेपी विधायक के इस प्रश्न के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रेम पर किसी का जोर नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रेम पर प्रतिबंध नहीं लगाया जा सकता, यह किसी भी शासक के वश की बात नहीं है।

मुख्यमंत्री के इस बयान के कारण उन्हें विपक्ष ने अपना निशाना बनाना भी आरंभ कर दिया है। विधानसभा के बाहर पत्रकारों से चर्चा करते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक अब्दुल गफूर ने कहा कि मुख्यमंत्री के ऐसे बयान से वे आश्चर्यचकित हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार ने आज से निर्लज्जता को भी लाइसेंस दे दिया।

जेपीसी की पहली बैठक 24 मार्च को


नई दिल्ली : विपक्ष के साथ कड़े टकराव के बाद 2जी स्पेक्ट्रम मामले में जेपीसी जांच के लिये रज़ामन्द हुई केंद्र सरकार अब इस ओर पहला क़दम उठाने जा रही है। 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाले की जांच के लिए बनी संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की पहली बैठक 24 मार्च को होगी। जेपीसी के अध्यक्ष पीसी चाको ने बताया कि बैठक में समिति के रोडमैप को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसमें यह भी तय किया जाएगा कि किन लोगों को बुलाया जाएगा और कौन-से दस्तावेज मांगे जाएंगे।

तीस सदस्यीय जेपीसी संसद के अगले सत्र में अपनी रिपोर्ट देगी। उधर, इस घोटाले संबंधी कैग की रिपोर्ट पर लोक लेखा समिति (पीएसी) तेजी से जांच में लगी हुई है और लगातार बैठकें हो रही हैं। पीएसी अब प्रधानमंत्री कार्यालय के अधिकारियों को बुलाने की तैयारी में है।

इस घोटाले में सरकार को 1 लाख 76 हज़ार करोड़ रूपयों की राजस्व हानि पहुंची थी। एश ओ आराम की ज़िंदगी गुज़ारने वाले इस घोटाले के मुख्य आरोपी पूर्व दूरसंचार मंत्री ए.राजा अपनी काली करतूतों के कारण तिहाड़ जेल में सलाख़ों के पीछे की ज़िंदगी गुज़ार रहे हैं।

केंद्र से वार्ता विफल होने पर भड़के जाट आंदोलनकारी


मेरठ : आरक्षण के लिये क़रीब एक हफ़्ते से एड़ी चोटी का ज़ोर लगा देने वाले जाट आंदोलनकारियों को एक झटका लगा है जिस कारण उनका गुस्सा और भड़क उठा है। केंद्र सरकार के साथ हुई जाट आंदोलनकारियों की वार्ता विफल रही। इसके बाद आरक्षण की मांग कर रहे उत्तर प्रदेश और हरियाणा के जाट ताव में आ गए हैं। जेपी नगर के काफूरपुर में चल रहे जाट आंदोलन की आग गुरुवार को पूरे पश्चिम उत्तर प्रदेश में फैल गई। जहां एक ओर काफूरपुर रेलवे स्टेशन पर जाट समाज का कब्जा जारी है। तो वहीं अब हरियाणा के जाटों ने भी तेवर कड़े करते हुए आरक्षण की घोषणा तक रेलवे ट्रैक पर जमे रहने का एलान कर दिया है। एक तो हिसार से जुड़े तीन रेलमार्गो पर जाट पहले से ही जमे हुए हैं। साथ ही अब प्रदेश के उन रेलमार्गो की पहचान की जा रही है जहां जाम लगाया जा सकता है।

केंद्र सरकार के सचिव स्तरीय प्रतिनिधिमंडल से वार्ता विफल होने के कारण और उग्र हुए जाट समाज के लोगों ने बागपत, मुजफ्फरनगर में भी आंदोलन शुरू कर दिया है। गाजियाबाद में गंगनहर रेग्युलेटर पर प्रशासन ने एहतियातन फोर्स तैनात कर दी है क्योंकि पिछली बार के आंदोलन में जाट आंदोलनकारियों ने यहां से दिल्ली की वॉटर सप्लाई रोक दी थी। आंदोलनकारियों ने 14 सदस्यीय समिति का गठन कर कहा कि हाईकमान के निर्देश पर आगे फैसला किया जाएगा। बागपत में अखिल भारतीय जाट संघर्ष समिति व भाकियू ने संयुक्त रूप से कासिमपुर खेड़ी रेलवे स्टेशन पर कब्जा कर दिल्ली-सहारनपुर रेल मार्ग जाम कर दिया। अखिल भारतीय जाट संघर्ष समिति के राष्ट्रीय सचिव अभिषेक तोमर और भाकियू नेता उपेंद्र तोमर के नेतृत्व में पहुंचे सैकड़ों लोगों ने दिल्ली से हरिद्वार जा रही ट्रेन को रोक लिया। इससे दूसरी ट्रेनों पर भी असर पड़ा।

जबकि चेतावनी देते हुए आधे घंटे बाद उन्होंने ट्रैक खाली कर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही जाटों को केंद्र में आरक्षण देने की घोषणा न की गई तो दिल्ली सहारनपुर रेल मार्ग को बंद कर दिया जाएगा। काफूरपुर में जाट संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक ने सरकार के रुख पर नाराजगी जताते हुए शुक्रवार से पंजाब में भी आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया। उधर, हरियाणा में हिसार-जयपुर और हिसार-लुधियाना रेलमार्ग पर तीसरे दिन भी अलग-अलग स्थानों पर जाटों का कब्जा रहा। वहीं मय्यड़ में आठ लोगों की भूखहड़ताल जारी है। हिसार-लुधियाना मार्ग पर भी भूख हड़ताल शुरू कर दी गई है।

जाट आरक्षण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक और प्रदेश अध्यक्ष हवा सिंह सांगवान ने केंद्र सरकार द्वारा एक माह का समय मांगे जाने को अव्यावहारिक बताया। साथ ही उन्होंने धमकी दी अब जाट दिल्ली की रणनीति में जुट गए हैं। इस बीच लगातार पांचवें दिन गुरुवार को हिसार-भिवानी-दिल्ली रेल टै्रक पर मय्यड़ के पास जाटों का कब्जा बना रहा। बुधवार को केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों से जाट नेताओं की वार्ता विफल रही थी।

समिति के प्रदेश अध्यक्ष कैप्टन हवा सिंह सांगवान ने कहा है कि आंदोलन को तीव्र रूप देने के लिए 12 मार्च को दिल्ली के जंतर-मंतर पर रोहतक से जाट नेता धरना देने के लिए जाएंगे। दो और ट्रेनें रद जाट आरक्षण की मांग को लेकर कई दिनों से हरियाणा के जिला हिसार में रेल लाइन पर बैठे आंदोलनकारियों के कारण फिरोजपुर रेल मंडल ने वीरवार को दो और ट्रेनें रद कर दी। इनमें फिरोजपुर छावनी से दिल्ली जाने वाली पैसेंजर 342 एवं लुधियाना सतलुज एक्सपे्रस 4629 शामिल हैं।

14 वर्षीय सिंधु बनी एनीमेशन कंपनी की सीईओ


चाहे इसको क़ुदरत का करिशमा कहें या फिर उस लड़की का भाग्य। लेकिन ये अपने आप में एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। यूं तो महज़ 14 साल की छोटी सी उम्र, बच्चों के खेलने कूदने की हई होती है। लेकिन ’सिंधु राजारमन’ नाम की इस १४ साल की बच्ची ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है कि उसके बारे में जानकर हर कोई आश्चर्यचकित रह जाए।

मात्र 14 साल की छोटी सी उम्र में ही यह बच्ची एक एनिमेशन कंपनी की सीईओ बन गई है। इस कंपनी का नाम है ‘सिप्पन’ और इसका मुख्य कार्यालय चेन्नई में है। लेकिन इस बच्ची के नाम के साथ इसके अलावा एक और उपलब्धि जुड़ गई है। 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली इस बच्ची को भारत में ‘फास्टेस्ट 2डी और 3डी एनिमेटर’ के खिताब से भी नवाज़ा गया है।

सिंधु राजारमन के लिए एनिमेशन की तकनीक बस चुटकियों का काम है। इनके एनिमेशन बनाने की स्पीड इतनी तेज है जिसे देखकर लगे कि मानों ये कंप्यूटर पर खेल रही हैं। इतना ही नहीं एक कंपनी के सीईओ के तौर पर भी ये अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाती हैं।

बताया जाता है कि सिंधु ने महज 9 साल की उम्र में ही एनिमेशन सीखना शुरू कर दिया था। और आज वो जिस मुकाम पर हैं उसे हासिल करने में लोगों को सालों साल लग जाते हैं। सबसे तेज एनिमेशन फिल्म बनाने के लिए उनके नाम गिनिज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी दर्ज किया जा चुका है।

पति से तलाक लेकर फिल्में करेंगी आयशा


कई फिल्मों शानदार अभिनय कर चुकी अभिनेत्री आएशा टाकिया ने होटल व्यवसायी फरहान आज़मी से शादी कर अपने फ़िल्मी करियर की तिलांजलि दे दी थी। लेकिन अब वह अपने इस फैसले पर पछता रही है क्योंकि वह फिल्मों में वापसी करना चाहती है। उनके पति इस फैसले के खिलाफ हैं और वह नहीं चाहते कि आएशा फिल्मों में काम करें।

पति के इस तरह से विरोध करने पर गुस्से में आई आएशा अपने पति को तलाक देने का मन बना रही हैं और उसके बाद फिल्मों में काम करेंगी। हाल ही में जब मीडिया ने आएशा से पति से अनबन की बात पूछी तो वह भड़क गईं और गुस्से में उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इससे पहले कुछ अख़बार भी आएशा की फिल्मों में वापसी की बात कह चुके हैं।

गौरतलब है कि नागेश कुकुनूर की फिल्म डोर में काम कर चुकी आएशा कि एक फिल्म को लेकर नागेश से दोबारा बात चल रही है, और अब वह अगले महीने उनके साथ नई फिल्म की शूटिंग शुरू करने जा रही है।

BSNL ऑफरः100 से ज्यादा रिचार्ज पर फुल टॉकटाइम


अगर आप भी बीएसएनएल यूज़र है तो आपके लिये एक खुशखबरी है। अब सरकारी टेलीकॉम कंपनी बीएसएनएल ने अपने ग्राहकों के लिए एक खास ऑफर का ऐलान कर दिया है। बीएसएनएल के इस प्रोमोशनल ऑफर के तरह उसके 2जी और 3जी जीएसएम ग्राहको को 100 रुपए या इससे ज्यादा के रिचार्ज पर फुल टॉकटाइम दिया जाएगा।

कंपनी का कहना है कि चाहे आप बीएसएनएल का रिचार्ज वाउचर खरीदें, टॉप अप कार्ड लें या फिर फ्लैक्सी टॉपअप लें, हर तरह के रीचार्ज पर आपको फुल टॉकटाइम ही मिलेगा।

बताया जा रहा है कि बीएसएनएल की तरफ से इस खास ऑफर की पेशकश होली को देखते हुए की गई है। बीएसएनएल की ये खास स्कीम 10 मार्च से 31 मार्च तक चलेगी।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York