Showing posts with label 15-02-2011. Show all posts
Showing posts with label 15-02-2011. Show all posts

Tuesday, February 15, 2011

वर्ल्ड़ कप: अभ्यास मैच में नीदरलैंड ने केन्या को हराया


वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले खेले जा रहे अभ्यास मैचों में आज नीदरलैंड़ ने केन्या को 2 विकेटों से मात दी। नीदरलैंड की ओर से आर एन टैन ने नाबाद 98 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई। केन्या ने टास जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला करते हुए 5 विकेट के नुक़सान पर 263 रनों का स्कोर खडा किया था।

केन्या ने ओपनर बल्लेबाज़ एस वाटर्स के नाबाद 126 रनों की बदौलत ये स्कोर खड़ा किया था। केन्या ने ए ओबान्ड़ा के रूप में महज़ 21 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट खो दिया था। इसके अलावा डी ओ ओबुया, अम ए औउमा ने केवल 20-20 रन बनाए। अनुभवी बल्लेबाज़ एस ओ तिकोलो केवल 8 रन बनाकर ही पवेलियन लौट गये। फिर आर आर पटेल ने ज़िम्मेदारी से खेलते हुए एस वाटर्स के साथ 5वें विकेट के लिये 129 रनों की साझेदारी निभाई। आर आर पटेल ने 64 रन बनाए।

नीदरलैंड़ की ओर से नाबाद 98 रन बनाने वाले आर एन टैन ने 2 विकेट भी लिये। इनके अलावा बेरेन्ड, बी पी लूट्स व पी एम सीलार ने 1-1 विकेट लिया।

फिर 264 रनों का लक्ष्य हासिल करने मैदान में उतरी नीदरलैंड की शुरूआत अच्छी रही। ओपनर करवेज़ी ने महज़ 33 गेंदों पर 49 रनों की ताबडतोड़ पारी खेली। नीदरलैंड को पहला झटका, 67 रन के योग पर लगा, जब बेहद ख़तरनाक खेल रहे करवेज़ी को एन ओढियाम्बो ने बोल्ड़ मार दिया। केन्या की ओर से स्टीव तिकोलो सबसे क़ाम्याब गेंदबाज़ रहे, जिन्होंने 39 रन देकर 4 बल्लेबाज़ों को आउट किया, लेकिन वो भी अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।

संवाददाता सम्मेलन में घोटालों पर जवाब देंगे प्रधानमंत्री


नई दिल्ली : घोटालों के कारण चौतरफ़ा घिरी केंद्र सरकार ने अब इन मुद्दों पर अपनी सफ़ाई देने का मन बनाया है। भ्रष्टाचार, घोटालों के कारण पूरे देश में केन्द्र सरकार की किरकिरी कर दी है और सरकार को आलोचनाओं का शिकार होना पड़ा है। अब, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह इन मुद्दों पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कल [बुधवार को] टीवी चैनलों के संपादकों से सवाल-जवाब के एक सत्र के लिए मुलाकात करेंगे और इस सम्मेलन का सीधा प्रसारण दूरदर्शन पर किया जाएगा।

देश में 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाला, राष्ट्रमंडल खेलों में अनियमितताओं, आदर्श हाउसिंग सोसायटी घोटाला और हाल ही में प्रकाश में आए एस बैंड विवाद को लेकर केंद्र सरकार विवादों से घिरी है और विपक्ष प्रधानमंत्री पर मूक दर्शक बने रहने का आरोप लगा रहा है, ऐसी स्थिति में उनका मीडिया के साथ यह पहला संवाद होगा।

सू़त्रों के मुताबिक़, प्रधानमंत्री भाजपा द्वारा मूक बने रहने के आरोपों पर अपनी बात रखने के लिए इस मौके का इस्तेमाल कर सकते हैं। कल, यह मुलाकात प्रधानमंत्री के रेसकोर्स रोड स्थित आवास पर होगी और दूरदर्शन पर पूर्वाह्न 11 बजे से इसका सीधा प्रसारण किया जाएगा। संसद के बजट सत्र से पहले प्रधानमंत्री की मीडिया से बातचीत में भ्रष्टाचार को रोकने के सरकार के प्रयासों को रेखाकित किया जा सकता है।

प्रधानमंत्री सितंबर में प्रिंट मीडिया के वरिष्ठ संपादकों व पत्रकारों से रूबरू हुए थे और उन्होंने उनके सवालों का जवाब दिया था। बजट सत्र से पहले प्रधानमंत्री और काग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाधी समेत पार्टी के आला नेताओं ने कल कोर समूह की बैठक में जेपीसी माग के मुद्दे पर चर्चा की थी।

निठारी हत्याकांड़: कोली की मौत की सज़ा बरक़रार


नई दिल्ली : देश भर में चर्चा का विषय बने निठारी हत्याकांड़ के आरोपी को दी गई मौत की सज़ा को बरक़रार रखते हुए आज सुप्रीम कोर्ट ने इस फ़ैसले पर अपनी मोहर लगा दी। सुप्रीम कोर्ट ने 14 वर्षीय रिंपा हलदर की हत्या करने के मामले को भयावह और बर्बर क़रार देते हुए आरोपी सुरिंदर कोली के ख़िलाफ़ ये फ़ैसला सुनाया।

निचली अदालत ने नोएडा के पास निठारी में लड़कियों के बलात्कार और उनकी हत्या के तीन मामलों में भी कोली को फासी की सजा सुनाई थी। अब न्यायमूर्ति मार्कंडेय काटजू और न्यायमूर्ति ज्ञानसुधा मिश्रा की पीठ ने 39 वर्षीय कोली को सुनाई गई मौत की सजा पर अपनी मुहर लगा दी।

कोली के खिलाफ कुल 16 मामले दर्ज किए गए थे। कोली के मालिक मनिंदर सिंह पंढेर को रिंपा हलदर मामले में मौत की सजा सुनाई गई थी लेकिन बाद में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने उसे बरी कर दिया था। लेकिन 54 वर्षीय पंढेर पर अन्य मामलों में मुकदमे चल रहे हैं।

पीठ ने कहा कि हमारे विचार से यह मामला दुर्लभ से दुर्लभतम की श्रेणी में आता है और इस मामले में आरोपी के लिये दया की कोई गुंजाइश ही नहीं है। कोली के इकबालिया बयान पर अदालत ने कहा कि मजिस्ट्रेट के समक्ष स्वेच्छा से अपराध कबूला गया है और इसमें कोई कमी नहीं है। कोली ने अपने बयान में इस बात का जिक्र किया था कि वह किस तरह लड़कियों को बहलाता था और उन्हें बाद में मार देता था।

सबसे पहले गाजियाबाद की सीबीआई विशेष अदालत ने कोली को मौत की सजा सुनाई थी, जिसे हाई कोर्ट ने बरकरार रखा था और आज सुप्रीम कोर्ट ने भी अपनी मुहर लगा दी। पीठ ने 16 मामलों में से पहले में उसकी अपील को खारिज कर दिया। वहीं, शीर्ष अदालत ने पंढेर को बरी किए जाने के फैसले के खिलाफ सीबीआई की अपील पर अपना फैसला लंबित रखा।

कोली को गाजियाबाद की अदालत ने 13 फरवरी 2009 को पंढेर के साथ मौत की सजा सुनाई थी। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने 11 सितंबर 2009 को कोली की मौत की सजा को बरकरार रखा लेकिन पंढेर को आरोपमुक्त कर दिया। इसके बाद मृत रिंपा के पिता अनिल हलदर ने पंढेर को बरी किए जाने के फैसले के खिलाफ चुनौती दी थी और उसे भी मौत की सजा दिए जाने की माग की थी।

अदालत ने कहा कि सीबीआई की अपील पर फैसला करने से पहले वह अन्य मामलों में नतीजों का इंतजार करेगी, जिनमें पंढेर अपने नौकर कोली के साथ आरोपी है।

'आरकॉम' व 'टाटा टेलीसर्विसेज' ने एक-दूसरे पर लगाए आरोप


नई दिल्ली : अब 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले में देश की दो बड़ी कंपनियों ने एक दूसरे पर आरोपों की झड़ी लगा दी है। रिलायंस कम्यूनिकेशन्स और टाटा टेली ने एक दूसरे के ख़िलाफ़ मोर्चा खोल दिया है। 2जी स्पेक्ट्रम की बंदरबांट पर रतन टाटा और अनिल अंबानी भिड़ गए हैं। दोनों एक दूसरे पर 2जी पॉलिसी का फायदा उठाने के आरोप लगा रहे हैं।

रिलायंस कम्यूनिकेशन्स (आरकॉम) के मुताबिक़ टाटा टेली द्वारा आरकॉम के डुअल टेक्नोलॉजी पर उठाए गए सवालों में कोई दम नहीं है। कंपनी ने कहा है कि टाटा टेली की इस दलील को दिल्ली हाईकोर्ट और टीडीसैट पहले ही खारिज कर चुके हैं।

रिलायंस कम्यूनिकेशन्स ने ये भी कहा कि रतन टाटा का अचानक टाटा टेली से खुद को दूर करना संदेहास्पद लग रहा है। इसके जवाब में टाटा ग्रुप ने एक बयान जारी करते हुए कहा है कि टाटा टेली एक पब्लिक लिमिटेड कंपनी है न कि किसी एक परिवार की मल्कियत इसलिए टाटा ग्रुप को श्री रतन टाटा ग्रुप कहना गलत होगा।

टाटा टेली ने अपने बयान में कहा, 'यह वाकई पहेली है कि रिलायंस कम्युनिकेशन और दो अन्य ऑपरेटरों ने नीति घोषित किए जाने से पहले लाइसेंस के लिए आवेदन किया और डीओटी की मंजूरी हासिल की।' टाटा ग्रुप की कंपनी ने कहा कि यह और ज्यादा रहस्यमय है कि जनवरी 2008 में आरकॉम को तुरंत ही सभी सर्किलों के लिए स्पेक्ट्रम मिल गया, जबकि टीटीएसएल को 83 दिनों बाद डीओटी की मंजूरी मिली और उसके तीन साल बाद भी उसे दिल्ली और 9 टेलीकॉम सकिर्लों के 39 अहम जिलों में स्पेक्ट्रम नहीं मिल सका है।

रिलायंस कम्यूनिकेशन्स का कहना है कि जीएसएम लाइसेंस मिलने के बाद कंपनी को तुरंत ही सभी सर्किलों में स्पेक्ट्रम भी मिल गया था, जबकि टाटा टेली को 83 दिनों के बाद दूरसंचार विभाग की मंजूरी मिली थी, यही नहीं जीएसएम लाइसेंस लेने के 3 साल बाद भी टाटा टेली को दिल्ली में स्पेक्ट्रम नहीं मिला है।

12 साल की उम्र में महिला तैराक ने बनाया अनोखा रिकॉर्ड


रांची : झारखंड़ में जारी नेशनल गेम्स की तैराकी स्पर्धा में एक नया रिकार्ड क़ायम हुआ है। तैराकी स्पर्धा के इतिहास में पहली बार किसी 12 साल की महिला तैराक ने पदक जीता है। तमिलनाडु की एवी जयावीणा ने यह कमाल कर दिखाया है। उन्होंने 200 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक के महिला मुकाबले में कांस्य पदक जीता।

इस स्पर्धा में जयावीणा के साथ दिल्ली और देश की नंबर एक तैराक ऋचा मिश्रा और महाराष्ट्र की पूर्वा सेत्या भी शामिल थी। ऋचा ने 2.49.58 मिनट में 200 मीटर की दूरी तय कर स्पर्धा का गोल्ड जीता जबकि जयावीणा ने यह दूरी 2.53.09 मिनट में तय की।

सातवी कक्षा में पढ़ने वाली जयावीणा ने जानकारी दी कि वह स्कूल से आने के बाद प्रतिदिन 4-5 घंटे अभ्यास करती हैं। जयवीणा अपनी जीत का श्रेय कोच और अपने माता पिता को देती हैं। उनका लक्ष्य ओलिंपक में गोल्ड जीतना है। जयवीणा की ये क़ामयाबी अन्य खिलाडियों ख़ासकर महिलाओं में खेल में अपने आप को साबित करने के लिये एक नया जोश पैदा करेगा।

लक्ष्मण, सचिन क्रिकइंफो पुरस्कार से सम्मानित


बेंगलुरु : सोमवार को बेंगलुरु में आयोजित समारोह में भारत के दिग्गज टेस्ट बल्लेबाज वेरी वेरी स्पेशल लक्ष्मण और दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज डेल स्टेन को चौथे 'ईएसपीएन क्रिकइंफो पुरस्कार' समारोह में सर्वश्रेष्ठ टेस्ट बल्लेबाज और गेंदबाज के पुरस्कार से नवाजा गया है।

इस समारोह के दौरान लक्ष्मण और स्टेन के अलावा भारत के बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर, पाकिस्तानी गेंदबाज उमर गुल, ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज माइकल हसी और न्यूजीलैंड के गेंदबाज टिम साउथी को भी अलग-अलग वर्गों में सम्मानित किया गया।

लक्ष्मण को 'टेस्ट बैटिंग पुरस्कार' से नवाजा गया। उन्हें यह सम्मान डरबन टेस्ट के दौरान मुश्किल क्षण में 96 रनों की बेशकीमती पारी खेलने के लिए दिया गया। स्टेन को नागपुर टेस्ट मैच के दौरान सपाट विकेट पर 51 रन देकर सात विकेट लेने के लिए 'टेस्ट बॉलिंग पुरस्कार' दिया गया।

सचिन को ग्वालियर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 200 रनों की नाबाद पारी खेलने के लिए 'वनडे बैटिंग पुरस्कार' से नवाजा गया। सचिन ने एकदिवसीय क्रिकेट के 40 वर्ष के इतिहास में पहली बार दोहरा शतक लगाया। सचिन ने दूसरी बार यह सम्मान हासिल किया है। सचिन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई अपनी 175 रनों की पारी के लिए बीते वर्ष यह पुरस्कार जीता था।

पाकिस्तानी तेज गेंदबाज उमर गुल को लगातार दूसरी बार 'वनडे बॉलिंग पुरस्कार' से नवाजा गया। गुल को बीते वर्ष इंग्लैंड के साथ ओवल में खेले गए एकदिवसीय मुकाबले के दौरान 42 रन देकर छह विकेट चटकाने के लिए सम्मानित किया गया।

ट्वेंटी-20 के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार साउथी ने जीता। साउदी ने हाल ही में पाकिस्तान के खिलाफ हैट्रिक सहित पांच विकेट लिए थे। वह हैट्रिक लेने वाले पहले कीवी गेंदबाज हैं।

निर्णायकों ने ट्वेंटी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल में हसी की 60 रनों की पारी को ट्वेंटी-20 क्रिकेट की अब तक की सर्वश्रेष्ठ पारी का दर्जा दिया। इस पारी ने हसी को 'ट्वेंटी-20 बैटिंग पुरस्कार' भी दिलाया। हसी ने अंतिम चार गेंदों पर 22 रन जुटाते हुए ऑस्ट्रेलिया को फाइनल में पहुंचाया था।

इन पुरस्कारों के निर्णायकों में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान केपलर वेसेल्स, पाकिस्तान के पूर्व कप्तान रमीज राजा, ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर इयान चैपल, टोनी ग्रेग, ज्योफ्रे बॉयकॉट, संजय मांजेकर और मार्टिन क्रो के अलावा क्रिक इंफो के वरिष्ठ सम्पादक शामिल थे।

भारत, दुनिया के भरोसेमंद बाजारों में से एक: ओबामा


पिछले काफ़ी समय से भारत की ओर ख़ास नज़र किये हुए अमेरिका ने अब भारत के बाज़ार की दुनिया के भरोसेमंद बाज़ारों में गिनती की है। अपने देश में सालाना बजट प्रस्ताव भेजते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अपने सांसदों से ख़िताब करते हुए भारत को विश्व के सबसे महत्वपूर्ण उभरते हुए और भरोसेमंद बाजारों में से एक माना है।

ओबामा प्रशासन के सालाना बजटीय प्रस्ताव के मुताबिक, ‘भारत में अमेरिकी कंपनियों के पास अपने उत्पादों और सेवाओं को विस्तार देने का प्रचुर अवसर उपलब्ध है।’

व्हाइट हाउस के बजटीय प्रस्ताव के मुताबिक, ‘नवंबर में राष्ट्रपति की भारत यात्रा के इतर जिन कारोबारी लेनदेन की घोषणा की गई थी, उनका कुल मूल्य 14.9 अरब डॉलर था। इसमें अमेरिकी निर्यात 9.5 अरब डॉलर का होगा, जिससे रोजगार के 53,670 अवसर निर्मित होंगे।

प्रस्ताव के मुताबिक़, दोनों देशों के बीच होने वाले इस सार्वजनिक और निजी सहयोग के ज़रिये भारत-अमेरिका सामरिक भागीदारी मजबूत होगी और दोनों देशों की आर्थिक वृद्धि तथा विकास में मदद भी मिलेगी। ओबामा प्रशासन के बजटीय प्रस्ताव के अनुसार, जिन क्षेत्रों में विकास होगा उनमें व्यावसायिक और सैन्य विमानों, गैस तथा स्टीम टरबाइन की बिक्री शामिल है।

बजटीय प्रस्ताव कहता है कि चीन, भारत तथा अन्य विकासशील देशों की उभरती अर्थव्यवस्थाओं को शामिल कर जो विश्व बाजार उभरा है, वह अमेरिका को नए उपभोक्ताओं तक सामानों तथा सेवाओं को निर्यात करने का अवसर प्रदान करता है।

ओबामा के बजट प्रस्ताव के मुताबिक नसीहत दी गई है कि, विश्व के 95 फीसदी उपभोक्ता और तेजी से उभरते बाजार देश की सीमाओं के बाहर होने के चलते हमें हमारे आर्थिक विकास तथा रोजगार निर्माण की ओर से आक्रामक तरीके से ध्यान देना चाहिए।

जापान: महिलाओं ने दी क़ानून को चुनौती


जापान में नागरिकों के एक समूह ने देश के करीब 113 साल पुराने एक कानून को चुनौती दी है और उसके एवज में हर्जाना दिये जाने की भी मांग की है। जापान में एक क़ानून के तहत महिलाओं को शादी के बाद अपना उपनाम बदलना होता है।

इस क़ानून के मुताबिक़ शादीशुदा जोड़ों को शादी के बाद कोई एक उपनाम चुनना होता है, परंपरानुसार जो कि सामान्यत: पुरुष का ही होता है। इस मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि ये कानून देश में महिलाओं के संवैधानिक समानता के अधिकारों का हनन करता है।

चार महिलाओं तथा उनमें से एक के जोड़ीदार सहित पाँच लोगों ने सरकार से अपनी परेशानियों के लिए साठ लाख येन (70 हजार अमेरिकी डॉलर) की माँग की है और स्थानीय सरकारी कार्यालयों से उनके अलग-अलग उपनाम के सर्टिफिकेट देने को कहा है।

उनके साथ-साथ उनके समर्थकों का भी कहना है कि यह मुकदमा उपनाम संबंधी कानून को चुनौती देने वाला पहला मामला है। साथ ही यह प्रधानमंत्री नाओतो कान के लिए भी चुनौती है, क्यों कि उन्होंने शादीशुदा जोड़ों को अलग-अलग उपनाम रखने की इजाजत देने के लिए कानून में बदलाव का वादा किया था।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York