Showing posts with label 05-03-2011. Show all posts
Showing posts with label 05-03-2011. Show all posts

Saturday, March 5, 2011

राख हुआ आस्कर पुरस्कार विजेता का आशियाना


मुंबई: कल बाद्रा की झुग्गी बस्तियों में लगी भयंकर आग में आस्कर पुरस्कार विजेता फिल्म 'स्लमडाग मिलिनेयर' की बाल कलाकार रूबीना अली का घर जलकर राख हो गया। माना जा रहा है कि झुग्गियों में बिल्डरों ने जानबूझ कर आग लगाई है।

बारह वर्षीय बाल कलाकार रूबीना ने कहा कि शुक्रवार रात जब गरीबनगर की झुग्गियों में आग लगी, तब वह घर में ही थी।उसने बताया कि हम सभी घर में टीवी देख रहे थे, तभी एक पड़ोसी ने हमें आग की खबर दी। हम तुरंत बाहर आए। हमने सारी रात रेलवे स्टेशन पर गुजारी। किताबें, तस्वीरें, अखबारों की क्लीपिंग और फिल्म के स्मृतिचिह्न समेत मेरा हर सामान स्वाहा हो गया। उधर रूबीना के पिता रफीक का कहना है कि हम इस बात से राहत महसूस कर रहे हैं कि हमारे परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। लेकिन दुख की बात यह है कि मेरी बेटी की सभी स्मृतिया राख में तब्दील हो गईं।

एक अग्निशमन अधिकारी के मुताबिक इस आग में चार अग्निशमनकर्मियों समेत कुल 21 लोग झुलस गए। झुलसे हुए लोगों को भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी ने कहा कि बहरहाल किसी के मरने की खबर नहीं है। लेकिन 2000 से अधिक लोग बेघर हो गए क्योंकि उनकी झुग्गिया आग में जलकर राख हो गईं।

मिस्र: पूर्व गृह मंत्री पर मुकदमा शुरू


काहिरा: मिस्र की जनता में सबसे अलोकप्रिय नेताओं में एक, पूर्व गृहमंत्री हबीब अल-अदले के खिलाफ शनिवार से मुकदमा शुरू हो गया। उन पर जनता के धन की हेराफेरी और भ्रष्टाचार के आरोप हैं। टीवी चैनल अल-जजीरा के मुताबिक देश के दूसरे सबसे बड़े शहर अलेक्जांद्रिया में लोगों ने हबीब के दफ्तर, इंटरनल सिक्योरिटी सर्विस [आइएसएस] पर जोरदार प्रदर्शन किया। माना जा रहा है कि पूर्व मंत्री के इस दफ्तर द्वारा अपने समय में हजारों लोगों को गिरफ्तार कर प्रताड़ित किया गया था।

मिस्र के तानाशाह होस्नी मुबारक के बेहद खास और पूर्व गृहमंत्री हबीब को गुंडों द्वारा आम जनों पर हमले करवाने और मानवाधिकार उल्लंघन के आरोप में पिछले महीने गिरफ्तार किया गया था। इतना ही नहीं सेना के नए शासन द्वारा उनके अलावा मुबारक काल के कई अन्य मंत्रियों और अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है, जिन पर एक-एक करके मुकदमे शुरू किए जाएंगे।

मिस्र के नए प्रधानमंत्री एस्साम शराफ ने जनता से पूर्व तानाशाह के शासनकाल में हुई सारी कारगुजारियों पर से पर्दा उठाने और दोषियों को सजा दिलवाने का वादा किया है।

मुंबई के अस्पताल में भर्ती है, हसन अली



मुंबई: देश में कर चोरी का सबसे बड़ा आरोपी और घोड़ा कारोबारी हसन अली मुंबई के अस्पताल में भर्ती है। इस बात का खुलासा उसके चार्टर्ड अकाउंटेंट सुनील शिंदे ने किया है।

प्रवर्तन निदेशालय ने कल अली के खिलाफ 'लुक आउट सर्कुलर' जारी किया था। सुप्रीम कोर्ट ने भी एक दिन पहले केंद्र सरकार को हसन मुद्दे पर फटकार लगाई थी। यह पूछे जाने पर कि हसन अली कहां है, शिंदे ने कहा कि वह मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती है, लेकिन उसने अस्पताल का नाम-पता नहीं बताया। शिंदे के अनुसार अली ने अभी अपना कोई वकील भी नहीं नियुक्त किया है, लेकिन अगले 15 दिन में 'सब ठीक हो जाएगा।

माना जा रहा है कि अली की 35, 952 करोड़ रुपये की संपत्ति का जो बड़ा हिस्सा ज्यूरिच,स्विट्जरलैंड के यूएसबी बैंक में है, वह उसका नहीं बल्कि एक प्रभावशाली महिला राजनीतिज्ञ का है और वह महिला उसे बलि का बकरा बना रही है। जांच एजेंसियों के अधिकारियों के मुताबिक अली इतनी बड़ी संपत्ति का अकेले मालिक नहीं हो सकता। उनका कहना है कि एक दक्षिण भारतीय राज्य की मुख्यमंत्री रह चुकी यह महिला इस काले धन की मुख्य स्रोत है। अधिकारियों के अनुसार अली को 'प्रभावशाली राजनेताओं' द्वारा बचाने की कोशिशें भी की जा रही हैं।

गौरतलब है कि 2007 में इनकम टेक्स अफसरों द्वारा कोरेगांव [पुणे] स्थित वेलेंटीना सोसायटी की ट्यूलिप बिल्डिंग पर मारे गये छापे में हसन अली का नाम पहली बार सुर्खियों में आया था। तब अफसरों ने यहां से सैकड़ों कीमती चीजें, महंगी-विदेशी कारें, सोने और चांदी के गहने बरामद किए थे।

सेक्सी आईटम नंबर नहीं करेंगी सोनाक्षी



सुपरहिट फिल्म 'दबंग' से अपना फिल्मी करियर शुरु करने वाली सोनाक्षी इन दिनों अक्षय कुमार के साथ चंडीगढ़ में फिल्म 'जोकर' की शूटिंग कर रही हैं। कुछ दिनों पहले सुनने में आया था कि वह इस फिल्म में एक आईटम नंबर भी करेंगी लेकिन उन्होंने कहा है कि वह कोई आईटम नंबर नहीं कर रही हैं।

फिल्म के डायरेक्टर शिरीष कुंदर की पत्नी फराह खान ने ही पिछले दिनों यह बात कही थी कि सोनाक्षी इस फिल्म में मुन्नी और शीला की तर्ज पर नाचेंगी। मगर सोनाक्षी ने फ़िलहाल आईटम नंबर करने की बात से इंकार कर दिया है, उन्होंने साफ़ कहा कि उनकी आईटम नंबर करने की कोई योजना नहीं है|

कई अवार्ड फंक्शन्स में बेस्ट न्यूकमर का अवार्ड ले चुकी सोनाक्षी का कहना है कि वह इतनी बोल्ड नहीं है कि आईटम नंबर कर सकें। हालांकि एक अवार्ड फंक्शन में वह मुन्नी बदनाम पर थिरक चुकी हैं लेकिन उनका कहना है कि फिल्म में आईटम नंबर करने के लिए वह अभी सहज महसूस नहीं करती। चाहे कुछ भी हो सोनाक्षी का ऐसा कहना उनके फेंस को निराश कर सकता हैं।

मुंबई इंडियंस करेंगे हीरो होंडा की सवारी


अगले महीने से शुरु हो रहे आईपीएल सीजन फॉर के लिए खिलाड़ियों के साथ कंपनियों ने भी कमर कस ली है। एक खबर के मुताबिक मुकेश अंबानी की मुंबई इंडियनस ने स्पॉंसरशिप के लिए हीरो होंडा से करार किया है लेकिन फिलहाल हीरो होंडा ने इस पर कोई स्पस्ट टिप्पणी नहीं की है।

मुंबई इंडियनस ने इससे पहले कंज्यूमर इलैक्ट्रिक बनाने वाली कंपनी वीडियोकॉन के साथ स्पॉंसरशिप की थी। पिछले साल वीडियोकॉन ने मुंबई इंडियस के साथ 36 करोड़ में तीन साल का करार किया था लेकिन एक साल बाद ही दोनो के बीच यह रिश्ता खत्म हो गया। सूत्रो की माने तो हीरो होंडा मुंबई इंडियनस को तीन साल के लिए 60-65 करोड़ रुपए अदा करेगा।

वीडियोकॉन आईपीएल की शुरुआत से ही दिल्ली डेयरडेविल्स से जुडी हुई थी। हाल ही में डेयरडेविल्स ने दिल्ली में मुथुड फाइनेंस के साथ नया करार किया है लेकिन इस करार की राशि का खुलासा नहीं किया गया है।

माना जा रहा है कि आईपीएल टीमों की फ्रेंचाइसी पिछली प्रतियोगिताओं के मुकाबले आईपीएल सीजन फॉर से 20-25 प्रतिशत ज्यादा रेवेन्यू कमाने की सोच रही हैं इसलिए वह नई कंपनियों की ओर रुख कर रही हैं।

लीबिया में संघर्ष, 49 मरे


काहिरा: लीबिया के पूर्वी इलाके में हुए बम धमाकों एवं विद्रोहियों के साथ मुअम्मर गद्दाफी समर्थक सुरक्षाबलों के संघर्ष में कम से कम 49 लोग मारे गए।

अज जावियाह में विद्रोहियों के साथ सुरक्षाबलों का यह भीषण संघर्ष राजधानी त्रिपोली से 50 किलोमीटर दूर चल रहा है। अज जाविया विद्रोहियों के कब्जे में है और कज्जाफी के वफादार सुरक्षाबलों की उनसे झड़प होने के चलते अज जाविया तथा पूर्वी बंदरगाह रास लौंफ समेत कई शहरों से बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने की खबर है। अल जजीरा ने प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुरक्षाबलों द्वारा अज जाविया को अपने नियंत्रण में लेने के प्रयास किए जाने के दौरान भीषण संघर्ष में कम से कम 30 नागरिक मारे गए।

उधर एक अन्य घटनाक्रम में विद्रोहियों के कब्जे वाले बेंगाजी में एक सैन्य आयुध डिपो में दो विस्फोटों में कम से 19 लोगों की मौत हो गई तथा दर्जनों अन्य घायल हो गए। फिलहाल इन विस्फोटों के कारणों का पता नहीं चला है लेकिन अस्पताल सूत्रों के मुताबिक ये विस्फोट क्षेत्र में गद्दाफी समर्थक सुरक्षाबलों के हवाई हमले से नहीं हुए। गद्दाफी के युद्धक विमानों ने पहले विद्रोहियों का कब्जे वाले सैन्य अड्डों पर बम बरसाए थे, लेकिन उनका निशाना चूक गया था।

गौरतलब है कि लीबियाई नेता मुअम्मर गद्दाफी के 41 साल के शासन के खिलाफ जन विद्रोह के बाद देश का पूर्वी हिस्सा खासकर बेंगाजी के आसपास का इलाका कज्जाफी के नियंत्रण से निकल गया। गद्दाफी के खिलाफ यह विद्रोह फरवरी में शुरू हुआ था।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York