Showing posts with label 29-06-2010. Show all posts
Showing posts with label 29-06-2010. Show all posts

Tuesday, June 29, 2010

कंधमाल: भाजपा विधायक को सज़ा


उड़ीसा की एक अदालत ने कंदमाल में दंगे भड़काने के आरोप में स्थानीय भाजपा विधायक मनोज प्रधान को सात साल के कठोर कारावास की सज़ा सुनाई है | अदालत ने प्रधान को 2008 में कंधमाल में हुए सांप्रदायिक दंगों में भूमिका निभाने का दोषी पाया है |

यह फ़ैसला स्थानीय फास्ट ट्रैक कोर्ट के जज, 'एस के दास' ने सुनाया है | सज़ा 27 अगस्त 2008 को बुदेदी गांव में एक ईसाई परिखिता दिगल की हत्या से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान सुनाई गई.

प्रधान के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं 147 (दंगे भड़काने), 148 (घातक हथियारों को लेकर दंगे भड़काने), 149 (गैर कानूनी तरीके से इकट्ठा होना), 201 (सबूत नष्ट करने), 302 (हत्या), 341 (जोर जबरदस्ती), 436 (किसी के घर पर हमला करने के लिए आग या विस्फोटक पदार्थों का इस्तेमाल) के तहत मामला दर्ज किया गया |

उड़ीसा के जी उदयगिरी से भाजपा विधायक प्रधान ने कहा, "न्यायपालिका के प्रति मेरे मन में काफी सम्मान है. फ़ैसले के खिलाफ हम ऊंची अदालत में जाएंगे."

अदालत ने इस मामले में एक और व्यक्ति प्रफुल्ल मलिक को दोषी ठहराया, उन्हें दो से सात साल के कठोर कारावास की सज़ा सुनाई गई | प्रधान और मलिक दोनों को ही 6,000 रुपए का जुर्माना भरने का आदेश दिया गया. प्रधान को इसके पहले कंधमाल मामले से जुड़े सात मामलों से बरी कर दिया गया था | अदालत ने इस मामले में एक और व्यक्ति प्रफुल्ल मलिक को दोषी ठहराया, उन्हें दो से सात साल के कठोर कारावास की सज़ा सुनाई गई |


: न्यूज़लाइन एजेंसीज़

कश्मीर में हालात बेकाबू, मुख्यमंत्री ने मांगी सेना की मदद


नई दिल्‍ली - जम्‍मू कश्‍मीर के हालात एकाएक काबू के बाहर होते जा रहे हैं । मुख्‍यमंत्री उमर अब्‍दुल्‍ला ने आज राज्‍य में कानून-व्‍यवस्‍था की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए हालात पर काबू पाने के लिए केंद्र से सेना की मदद मांगी है। हालांकि अभी इस पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है, लेकिन राज्‍य की स्थिति को देखते हुए सेना को अलर्ट रहने को कह दिया गया है। यदि आने वाले समय में स्थिति नियंत्रण के बाहर हुई तो जम्‍मू-कश्‍मीर के उपद्रवगस्‍त क्षेत्रों को सेना के हवाले किया जा सकता है ।

इसके साथ ही मुख्‍यमंत्री ने इस मामले में एक उच्‍च स्‍तरीय टीम का भी गठन किया है। यह टीम घाटी के हिंसा प्रभावित राज्‍यों में जाएगी और वहां के हालात का जायजा लेगी। यह टीम हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में शांति बहाली के लिए स्‍थानीय प्रशासन की मदद करेगी। इस टीम में लोक स्‍वास्‍थ्‍य यांत्रिकी मंत्री ताज मोहिरुद्दीन, कृषि मंत्री गुलाम हसन मीर, मुख्‍यमंत्री के सलाहकार मुबारक गुल तथा सड़क एवं भवन निर्माण राज्‍य मंत्री जाविद अहमद डार शामिल हैं ।


अनंतनाग में आज हुई हिंसा की ताजा घटनाओं में 2 लोग मारे गए और 3 गंभीर रूप से घायल हो गए। बीते दो हफ्ते के दौरान घाटी में हिंसा की घटनाओं में मारे जाने वाले लोगों की संख्‍या 10 तक पहुंच गई है |

: न्यूज़लाइन एजेंसीज़

साले बने हत्यारे


एटा : सिटी कोतवाली के किदवई नगर में सालों ने रिश्ते को ताक पे रखते हुए अपने जीजा की घर में घुसकर गोली मार कर हत्या कर दी । घटना को अंजाम देकर हत्यारे साले फ़रार |

: न्यूज़लाइन एटा ब्यूरो

खनन के नाम पर पर्यावरण से खिलवाड़

"न्यूज़लाइन विशेष"

'अवैध खनन से पर्यावरण को ख़तरा'

'कभी भी आ सकती है भयानक बाढ़'

"जे सी बी मशीनों से हो रहा अवैध खनन,
सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की उड़ रहीं धज्जियां"
उत्तर प्रदेश के ज़िला सहारनपुर में हथनीकुन्ड़ बैराज के आसपास खनन के नाम पर पर्यावरण के साथ खुले आम खिलवाड़ किया जा रहा है । खनन के नाम पर जे सी बी मशीनों से यमुना के सीने को छलनी किया जा रहा है । ये हाल तब है, जब सुप्रीम कोर्ट ने मशीनों द्वारा खनन किये जाने पर पूरी तरह रोक लगा रखी है । हथनीकुन्ड़ बैराज वो जगह है जहां से दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश को यमुना का पानी विभाजित किया जाता है । पर्यावरण विदों की राय में इस स्थान पर जे सी बी मशीनों से हो रहे अवैध खनन से पर्यावरण के लिये बड़ा ख़तरा पैदा हो रहा है । दर असल, जे सी बी मशीनों से यमुना में 70-80 फ़ुट गहरे गड़ढे बन चुके हैं, और उन गड़ढ़ों के कारण बाढ़ का ख़तरा पैदा हो गया है । बात यहीं ख़त्म नहीं होती, ये खनन माफ़िया ग्राम पंचायत के पट्टों से भी अवैध खनन करने से बाज़ नहीं आ रहे । आंध्र प्रदेश सरकार ने भले ही वहां के खनन मंत्री के खिलाफ़ मामला दर्ज कर खनन बंद करवा दिया है, लेकिन वहीं उत्तर प्रदेश मे सत्ताधारी पार्टी से लेकर विपक्ष के नेता इस मुद्दे को लेकर ना जाने क्यों खामोश हैं ?
: न्यूज़लाइन एजेंसीज़, इन्डिपेन्डेन्ट न्यूज़ नेटवर्क

टूटी उम्मीद, कम नहीं होंगे पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस के दाम


भारत की जनता आस लगाए बैठी थी कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह स्वदेश लौट कर पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतें कम कर सकते हैं। प्रधानमंत्री के विमान में दिये गये बयान के बाद भारतवासियों को निराशा की हाथ लगी है ।


प्रधानमंत्री ने अपने विशेष विमान में पत्रकारों से बात करते हुए साफ किया कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी करना जरूरी था । उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों में लंबे समय से सब्सिडी दी जा रही है । जिसका हमारे देश की अर्थव्यवस्था पर नकारात्मक असर पड़ रहा है ।

प्रधानमंत्री जी-20 सम्मेलन में शिरकत करने के बाद भारत लौट रहे हैं । उन्होंने कहा कि पेट्रोल की कीमतों पर सरकार का नियंत्रण अब खत्म हो चुका है । इसी तर्ज पर जल्दी ही डीजल की कीमतों को भी फ्री कर दिया जाएगा ।

तेल कंपनियां काफी समय से सरकार पर दबाव डाल रही थी कि वो पेट्रोल-डीजल की कीमतों को बढ़ाए । तेल कंपनियों को 115 करोड़ रुपये का घाटा प्रतिदिन हो रहा था । अभी तेल कीमतें बढ़ाने के बाद भी कंपनियों को 53,000 करोड़ का घाटा होगा । हांलाकि डीजल को डिरेगुलेट नहीं किया गया है लेकिन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह कहा कि उसे भी जल्दी डिरेगुलेट कर दिया जाएगा ।

दूसरी ओर, वित्तमंत्री प्रणव मुखर्जी पहले ही कह चुके हैं कि पेट्रोलियम उत्पादों के दामों में बढ़ोतरी का अल्पावधि में महंगाई पर जरूर असर होगा, लेकिन जुलाई के मध्य से कीमतों का दबाव कम होने लगेगा।

: न्यूज़लाइन एजेंसीज़ :

स्लोवाकिया को हराकर हॉलैंड अंतिम 8 में



डरबन - अर्जेन रोबेन और वेस्ले स्नाइडर के एक-एक गोल की बदौलत स्लोवाकिया को 2-1 से हराकर हॉलैंड फुटबॉल वर्ल्ड कप के क्वॉर्टरफाइनल में पंहुच गया। रोबेन ने 18वें और स्नाइडर ने 84वें मिनट में गोल किए। अंतिम आठ में हॉलैंड का सामना पांच बार के चैंपियन ब्राजील या चिली से होगा ।

रोबेन ने वर्ल्ड कप में अपना पहला गोल दागा । जर्मनी के क्लब बेयर्न म्यूनिख के लिए खेलने वाले अनुभवी फॉरवर्ड रोबेन ने तीन खिलाड़ियों को छकाने के बाद 20 गज की दूरी से लगाए गए शानदार किक की मदद से यह गोल किया । रोबेन ने कैमरून के खिलाफ आखिरी ग्रुप मैच में 20 मिनट खेला था । मांसपेशियों में खिंचाव के कारण वह पहले दो मैच नहीं खेल सके थे। कोच बर्ट वान माविर्ज्क ने स्लोवाकिया के खिलाफ उन्हें शुरुआती लाइन अप में रखा। इस फैसले को सही साबित करते हुए उन्होंने 18वें मिनट में गोल दागा। मैच खत्म होने से कुछ देर पहले स्नाइडर ने गोल करके टीम की बढ़त को 2-0 कर दिया ।

अंतिम-16 दौर में अब तक पांच मुकाबले खेले जा चुके हैं। शनिवार को खेले गए पहले मैच में घाना ने अमेरिका को हराया था, जबकि उरुग्वे ने दक्षिण कोरिया की चुनौती समाप्त की थी। रविवार को जर्मनी ने जहां इंग्लैंड को बाहर का रास्ता दिखाया वहीं अर्जेंटीना ने मेक्सिको को हराकर अपना विजय अभियान जारी रखा है ।

: न्यूज़लाइन स्पोर्ट्स डेस्क

पादरी बना प्लेबॉय, उड़ा दिए चर्च के 13 करोड़ रूपये


हमारे देश में बाबाओं और धर्मगुरूओं की रंगरेलियों के किस्से तो बेहद आम हो चुके हैं । मगर अब विदेशों में भी ये खेल शुरु हो चुका है । फ्रांस के एक ऐसे पादरी ने अपने शौक पूरे करने के लिए चर्च के फंड को ही उड़ाना शुरु कर दिया ।

64 वर्षीय फादर एन्टॉनी विडेऊ को अजाकियो स्थित एक अदालत ने तीन साल की सजा सुनाई है। साल 2005 में एन्टॉनी विडेऊ को बैंक खातों का गलत इस्तेमाल करने और दान की राशियों की हेराफेरी के जुर्म में गिरफ्तार किया गया था। इस रंगीनमिजाज फादर ने चंदे के करीब 20 लाख पाउंड (13.87 करोड़ रुपए) अपने शौक पर उड़ा दिए ।

जांच के बाद पता चला कि ऐनटॉनी इन पैसों का इस्तेमाल रंगरेलियां मनाने के लिए करता था। इतना ही नहीं पादरी की लिबास का ऐन्टॉनी ने खूब गलत इस्तेमाल किया और परदे के पीछे रहकर व्हिस्की और वाइन का मजा लेना ऐन्टॉनी का प्रिय शगल था। कोर्ट ने उसे बीस साल तक लोगों को बेवकूफ बनाने का दोषी पाया।


इसके बाद से ही ऐन्टॅनी को प्लेबॉय पादरी के नाम से पुकारा जाने लगा। गिरफ्तारी के वक्त ऐन्टॉनी द्वारा 28 बैंक खातों के पैसों का गलत इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आयी थी।

तफ्तीश के दौरान ऐन्टॉनी पर लगे आरोप साबित हो जाने के बाद अदालत ने उन्हें यह सजा सुनाई है। जांच के बाद पता चला था कि ऐन्टॉनी इन पैसों से कैसिनो भी चलाता था। साथ ही उसे अपने अनुयायियों की भावना से खिलवाड़ करने का भी दोषी पाया गया है ।

: न्यूज़लाइन एजेंसीज़

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York