
Saturday, June 26, 2010
लूट की वारदातों में दिन ब दिन बढ़ोतरी

मुज़फ़्फ़रनगर में मानवता हुई शर्मसार
भारतीय दूतावास की साइट, अब बनी पोर्न वेबसाइट !

दुबई. भारतीय दूतावास की साइट अब पोर्न साइट बन चुकी है । जी हां, बहरीन में आजकल इसी मुद्दे को लेकर चर्चा का बाज़ार गर्म है । कभी बहरीन में भारतीय दूतावास की वेबसाइट रहे वेब पोर्टल पर आजकल एक ‘टीन-पोर्न साइट’ चल रही है। सेवा प्रदाता स्थानीय टेलीकॉम ऑपरेटर ने इसके लिए भारतीय दूतावास को ही जिम्मेदार ठहराया है ।
"डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट इंडियनएम्बेसी-बह डॉट कॉम" नाम की इस टीन वेबसाइट के पते का पहले भारतीय दूतावास इस्तेमाल कर रहा था। भारतीय दूतावास ने पिछले साल अपनी वेबसाइट "डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट इंडियनएम्बेसी बहरीन डॉट कॉम" के पते पर स्थानांतरित कर ली है। स्थानीय टेलीकॉम ऑपरेटर बाटेल्को के एक अधिकारी के मुताबिक, दूतावास को वेब पता बदलने के बाद भी पुराने पते को छोड़ना नहीं चाहिए था ।
बाटेल्को इस मामले में कुछ नहीं कर सकता क्योंकि उसके पास केवल ‘डॉट बीएच’ पते की डोमेन ही रजिस्टर होती हैं। भारतीय दूतावास के एक अधिकारी का कहना है,‘हमने इस पुराने पते का इस्तेमाल जुलाई में ही करना बंद कर दिया था क्योंकि हम एडमिनिस्ट्रेटर की सेवा से खुश नहीं थे।
उसके बाद से ही हमें हजारों कॉल्स मिल रही हैं जिनमें लोग इस पते के पोर्न साइट के लिए इस्तेमाल की शिकायतें करते हैं।’इस अधिकारी के मुताबिक, दूतावास ने पुरानी वेबसाइट के नियंत्रक इनकार्नेट (एमई) से बात की तो उनकी ओर से कहा गया कि वेबसाइट को नियंत्रित करने वाला व्यक्ति भारत चला गया ।
हालांकि कंपनी और दूतावास उससे संपर्क करने में असफल रहे। ऐसे में दूतावास लोगों को नए पते के बारे में बताने के अलावा कुछ नहीं कर पा रहा है। गूगल पर अगर आप ‘इंडियन एम्बेसी बहरीन’ सर्च करें तो यह पोर्न वेबसाइट दूतावास की आधिकारिक साइट के पहले दिखाई देता है ।
: न्यूज़लाइन एजेंसीज़
घर के बजट पर लगा महंगाई का तड़्का


दिल्ली - पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी ने लोगों को फिक्रमंद कर दिया है। एक ही झटके में उनका मासिक खर्च डेढ़ हजार रूपये बढ़ना लगभग तय है । पेट्रोल व गैस के दामों में बढ़ोतरी का सीधा असर जबकि डीजल की कीमतें बढ़ने के कारण किराना व दूसरी दैनिक उपयोग की चीजों का ट्रांसपोर्टेशन खर्च बढ़ेगा। अंतत: इसकी भरपाई आम आदमी को करनी पड़ेगी। एक बाइक, एक कार, दो सिलिंडर महीने की खपत वाले परिवार का बजट अभी अगर 12000 रूपये है तो मूल्यवृद्धि से इस पर 1500 रूपये के आसपास की बढ़ोतरी होना लगभग तय है ।
जिन घरों में एक दोपहिया वाहन है और रोजाना एक लीटर की खपत है, उन्हें महीने में 105 रुपए अधिक देने होंगे। दो दोपहिया वाहन होने पर यही खर्च बढ़कर 210 रुपए हो जाएगा। जिनके घर में कार वगैरह है और एक दिन में पांच लीटर की खपत है उन्हें महीने में 525 रुपए अधिक खर्च करने होंगे। इस तरह दो चारपहिया वाहन होने पर 1050 रुपए देने होंगे। थोक व्यापारियों की मानें तो डीजल के दाम में बढ़ोतरी की वजह से सब्जियों एवं किचन की सामग्री में 20 से 25 फीसदी की वृध्दि हो जाएगी। इससे महीने में राशन का खर्च अगर ढाई हजार है तो वह लगभग पांच सौ रुपए बढ़ जाएगा। इतना ही नहीं, एक सिलेंडर की खपत पर 35 और महीने में दो सिलेंडर का उपयोग करने पर 70 रुपए अतिरिक्त खर्च करने होंगे ।
वर्तमान में राजधानी में पेट्रोल सादा 41.08, प्रीमियम 51.43, डीजल 39.52 रुपए एवं रसोई गैस 310 रुपए में प्राप्त हो रही है। ऐसे में पेट्रोल में 3.50, डीजल में 2 एवं रसोई गैस में 35 रुपए की वृध्दि ने महंगाई और बढ़ा दी है। चार महीने में ही दूसरी बार वृध्दि होने पर लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर है ।
मेरा भारत महान, 91 साल बाद मिला शहीद का दर्जा

अमृतसर. - हमारे देश भारत में कोई भी काम पूरा होने में अर्सों लग जाते हैं । हमारे देश में एक ही रिवाज चलता है, सरकारें बदल जाती हैं, फ़ैसले अटक जाते हैं । देश कि इस दयनीय स्थिति को देखकर लोग यही कहते हैं कि "भगवान ही है जो इस देश को चला रहा है, ये सरकारों के बस का काम नहीं है" । सरकारी लेटलतीफी का ताजा उदाहरण अमृतसर का है जहां पर जलियांवाला बाग कांड के शहीदों को 91 साल बाद अधिकृत रूप से शहीद का दर्जा नसीब हुआ है ।
13 अप्रैल 1919 को बैसाखी वाले दिन शहीद हुए लोगों को स्वतंत्रता सेनानी मानने के लिए सरकार को तीस साल लग गए। लंबी लड़ाई के बाद शहीदों के परिजनों को शुक्रवार को सर्टिफिकेट जारी कर सम्मान से नवाजा गया। इस कांड में अमृतसर समेत देश के अन्य हिस्सों के सैकड़ों लोग ब्रिटिश हुकूमत की गोलियों का शिकार हुए थे। उस दौरान जो सूची तैयार हुई उसी में मामला उलझकर रह गया। 2000 के बाद मामले ने तूल पकड़ा और केंद्र सरकार ने 19 दिसंबर 2008 को शहीदों को स्वतंत्रता सेनानी माना।
सचिन-युवी की टीम में वापसी

मुंबई. - जुलाई में श्रीलंका के विरुद्ध होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए बीसीसीआई की चयन समिति ने 16 खिलाड़ियों का शनिवार सुबह ऐलान किया। टीम इंडिया में युवराज सिंह की वापसी हुई है। साथ ही मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर भी टीम में शामिल किए गए हैं।
खराब फॉर्म और फिटनेस के कारण टीम से बाहर चल रहे युवराज सिंह को चयनकर्ताओं ने दोबारा मौका दिया है। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी युवी को टीम में वापस देखना चाहते थे। युवराज के साथ सचिन भी टीम में लौट रहे हैं । सचिन ने स्वयं का नाम ट्वेंटी-20 विश्वकप और एशिया कप से वापस ले लिया था।
भारत 18 जुलाई से श्रीलंका के साथ तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलेगी।
टीम इस प्रकार है-
महेंद्र सिंह धोनी, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, वीवीएस लक्ष्मण, हरभजन सिंह, वीरेंद्र सहवाग, ज़हीर खान, गौतम गंभीर, सुरेश रैना, युवराज सिंह, वृद्धिमन साहा, मुरली विजय, प्रज्ञान ओझा, अमित मिश्रा, इशांत शर्मा और एस श्रीसंत।
: न्यूज़लाइन स्पोर्ट्स डेस्क