Showing posts with label Yaman. Show all posts
Showing posts with label Yaman. Show all posts

Sunday, May 8, 2011

अब भी खतरनाक आतंकी संगठन है अलकायदा


वॉशिंगटन: अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के मुताबिक अलकायदा प्रमुख ओसामा बिन लादेन की मौत से अलकायदा को झटका तो लगा है लेकिन अब भी अमेरिका तथा शेष दुनिया के लिए खतरनाक आतंकी संगठन बना हुआ है।

अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने यह निष्कर्ष पाकिस्तान के ऐबटाबाद में एक अमेरिकी अभियान में अलकायदा प्रमुख ओसामा बिन लादेन के मारे जाने के बाद वहां से एकत्र सामग्री से मिली सूचना के प्राथमिक आकलन के बाद निकाला है। वहीं एक वरिष्ठ अमेरिकी खुफिया अधिकारी ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ मिली इस बड़ी सफलता के संदर्भ में खुफिया एजेंसियों ने अमेरिकी नागरिकों की सुरक्षा पर अपना ध्यान पूरी तरह केंद्रित कर रखा है। हम अलकायदा और अन्य आतंकी संगठनों पर गहरा दबाव बनाए रखेंगे।


अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि उन्हें अलकायदा तथा उससे जुड़े संगठनों के बारे में कुछ जानकारी मिली है, उनकी योजनाओं, इरादे तथा उनसे होने वाले अन्य खतरों के बारे में अधिक जानकारी मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि यदि बड़े खतरे की सूचना मिलती है तो अमेरिकी सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगी।

गौरतलब है कि पाकिस्तान के एबटाबाद में अलकायदा प्रमुख लादेन की उसके ठिकाने पर अमेरिकी हवाई हमले में मौत हो गई थी। इस ठिकाने से अमेरिका को आतंकवादी सामग्री का बड़ा भंडार मिला था जिसमें दस्तावेज, सीडी आदि थे। फिलहाल इस सामग्री का अध्ययन किया जा रहा है।

बहरहाल, अधिकारी ने कहा कि लादेन के ठिकाने से जो सामग्री मिली है वह बहुत ज्यादा है और उसके अध्ययन में समय लगेगा। अन्य सवालों के जवाब में अधिकारी ने कहा कि अभी उनके लिए यह बता पाना मुमकिन नहीं है कि क्या यमन में रह रहे अमेरिकी मूल के उलेमा और संदिग्ध आतंकवादी अनवर अल अवलाकी के लादेन से संबंध थे क्योंकि इसके बारे में लादेन के ठिकाने से मिली सामग्री में कोई जानकारी है।

Saturday, March 26, 2011

बहरीन, यमन में विरोध जारी



मनामा: बहरीन और यमन में सरकार विरोधी प्रदर्शन थमने का नाम ही नहीं ले रहें है। एक तरफ जहां बहरीन में एक धर्मगुरु ने नमाज के बाद आंदोलन जारी रखने की घोषणा की वहीं यमन में राष्ट्रपति और विद्रोहियों के नेता के बीच समझौता वार्ता विफल हो गई।

बहरीन में चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच देश के एक प्रमुख धर्मगुरु शेख इसा कासिम ने कहा कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ इस्तेमाल हो रहे क्रूर बल प्रयोग के बाद भी विरोध प्रदर्शन जारी रहेंगे और सुधारों की मांग को छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि महीनों से चल रहे विरोध प्रदर्शनों को दबाने के लिए सत्तापक्ष के बल प्रयोग के बावजूद जनता अपने अधिकारों और आत्म सम्मान की लड़ाई लड़ती रहेगी। कासिम ने यह बातें दुराज में कल की नमाज के दौरान हजारों लोगों के सामने कहीं।

उधर यमन के राष्ट्रपति अली अब्दुला सालेह के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच सालेह और देश के शीर्ष असंतुष्ट जनरल अली मोहसिन अल-अहमर के बीच हुई वार्ता किसी समझौते तक पहुंचने में नाकाम रही है।

Thursday, February 17, 2011

बगावत:मिस्र के बाद बहरीन, यमन, लीबिया में लोग सड़कों पर


मिस्र में हुस्नी मुबारक सरकार के पतन के बाद अरब देशों में मानो बदलाव की बयार बहने लगी है। अब एक साथ तीन देशों में लोग सरकार बदलने के लिये सड़कों पर उतर आये हैं। बहरीन, यमन और लीबिया में लोगों ने सरकार विरोधी आंदोलन तेज़ कर दिया है। प्रदर्शन के दौरान कईं लोगों के मारे जाने की ख़बर है।

गुरुवार को बहरीन की राजधानी मनामा के पर्ल चौक पर पुलिस ने सुबह तीन बजे प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस और रबड़ की गोलियां चलाईं जिससे चार लोगों के मारे जाने की सूचना है और 95 लोग घायल भी हुए हैं। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक पुलिस ने बिना चेतावनी भीड़ पर गोलियां चलाईं जिससे भगदड़ मच गई। बहरीन में सरकार विरोधी प्रदर्शनों में अब तक कुल छह लोग मारे गए हैं। झड़पों के बाद पूरे शहर में पुलिस को तैनात कर दिया गया है।

लीबिया में भी विरोध प्रदर्शनों पर रोक लगाने के लिए पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें हुईँ जिसमें चार लोग मारे गए। देश में इंटरनेट पर पाबंदी का विरोध कर रहे लोगों ने आक्रोश दिवस का एलान किया है। लंदन से चलाई जा रही एक वेबसाइट के मुताबिक लीबिया के नेता मुआम्मर गद्दाफी के शासन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर सुरक्षा बलों ने गोलियां चलाईं।

हिंसा में कम से कम चार लोग मारे गए हैं और कई लोग घायल हैं। मानवाधिकार संगठन ह्यूमन राइट्स सॉलिडैरिटी के मुताबिक प्रदर्शनों में 13 लोग मारे गए हैं. यूरोपीय संघ और अमेरिका ने लीबिया के अधिकारियों से हिंसा से बचने की अपील की है और अभिव्यक्ति की संवतंत्रता की मांग की है।

उधर एक और अरब देश यमन में भी पिछले सात दिन से विरोध प्रदर्शन चरम पर हैं। बुधवार को पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों पर लाठियां बरसाईं। प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति अली अब्दुल्लाह सालेह के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं जो तीस साल से भी ज्यादा समय से सत्ता में बने हुए हैं.

हालांकि विश्लेषकों का कहना है कि अमेरिका के करीबी दोस्त सालेह को पद से हटाना आसान नहीं होगा। लेकिन मिस्र में हुए बदलाव के बाद यहां पर भी बदलाव की बात को नकारा नहीं जा सकता है।

न्यूज़लाईन नेटवर्क ब्यूरो

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York