Showing posts with label Karmapa Lama. Show all posts
Showing posts with label Karmapa Lama. Show all posts

Saturday, February 12, 2011

करमापा को अभी क्लीनचिट नहीं : धूमल

शिमला : हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा है कि बौद्ध धर्मगुरू करमापा लामा को अभी कोई क्लीनचिट नहीं दी गई है। मुख्यमंत्री धूमल ने कहा कि मामले की जांच चल रही है और ये सारा मामला भारत सरकार के अधीन है। राज्य सरकार ने करमापा को न तो दोषी करार दिया है और न ही क्लीन चिट दी है। मुख्यमंत्री धूमल का ये बयान प्रदेश के मुख्य सचिव के उस बयान के बाद आया है जिसमें उन्होंने करमापा को क्लीनचिट देने की बात कही थी।

वहीं धूमल ने ये भी साफ़ किया कि बडी़ बात ये है कि जो पैसा अवैध रूप से आया वो किसका है और क्या जमीन के बेनामी सौदे हुए हैं। इसकी जांच चल रही है।

इससे पहले शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य सचिव राजवंत संधू ने 17वें करमापा उग्येन त्रिनले दोरजे को क्लीन चिट दी थी। गौरतलब है कि करमापा पर चीनी एजेंट होने के आरोप लगे हैं। इसके अलावा उनके मठ से भारी संख्या में विदेशी मुद्रा जब्त की गई है। जिसके बाद से केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां इस मामले की जांच कर रही हैं।

धूमल ने राज्य के मुख्य सचिव राजवंत संधू का बचाव करते हुए कहा कि उनके बयान को मीडिया ने गलत तरीके से पेश किया है, संधू ने कभी भी करमापा को क्लीनचिट देने की बात नहीं की है।

Sunday, February 6, 2011

करमापा के मठ से दस्तावेज,चीनी सिम बरामद




हिमाचलप्रदेश: बौद्ध धर्म गुरु 17वें करमापा उग्येन त्रिनले दोरजी के चीनी कनेक्शन के राज़ धीरे धीरे सामने आ रहे हैं। दोरजी के ट्रस्ट कार्यालय से करोड़ों की बेनामी विदेशी मुद्रा बरामद होने के बाद अब प्रवर्तन निदेशालय ने उनके मठ से बहुत सारे चीनी मोबाइल सिम कार्ड, कम्प्यूटर और जमीन की खरीदी-बिक्री संबंधी दस्तावेज बरामद किए हैं।

पुलिस और प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों ने दोरजी के ट्रस्ट कार्यालय से कई सारे चीनी मोबाइल सिम कार्ड, कम्प्यूटर एवं अन्य सामग्री बरामद की है। इनमें कम्प्यूटर से कई सारी जानकारी हटा दी गई थी, जिसकी जाँच अब पुलिस कर रही है। हालाँकि यह जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है, कि मोबाइल सिम कार्ड्स में किन किन लोगों के नंबर हैं। लेकिन कुछ दस्तावेजों से साफ हुआ है कि करमापा का चीनी अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क रहा है।

गौरतलब है कि पिछले दिनों करमापा के मठ से करोड़ों की विदेशी मुद्रा बरामद होने के बाद करमापा का चीनी जासूस होने पर संदेह किया गया था। जिसके चलते पुलिस ने इस ट्रस्ट के सारे बैंक खाते सील कर दिए गए थे।

Monday, January 31, 2011

चीन ने कहा,जासूस नहीं है करमापा



बीजिंग: चीन ने तिब्बतियों के धर्म गुरु करमापा का चीनी जासूस होने से इंकार किया है। पिछले दिनों करमापा के मठ से करोड़ों की विदेशी मुद्रा बरामद होने के बाद उसके चीनी जासूस होने पर संदेह किया गया था। चीन का कहना है कि करमापा को चीनी जासूस कहना यह जताता है कि भारत को अब भी चीन पर पूर्ण रुप से भरोसा नहीं है।

करमापा के ऑफिस पर छापे को लेकर भारतीय मीडिया में आई खबरों पर चीन का कहना है कि , '17वें करमापा पहले ऐसे जीवित बुद्ध हैं जिन्हें चीन की केंद्रीय सरकार ने 1951 में तिब्बत की शांतिपूर्ण मुक्ति के बाद अपनी पुष्टि और स्वीकृति दी थी।' इतना ही नहीं करमापा को सर्वोच्च तिब्बती धर्म गुरु दलाई लामा और चीनी सरकार का समर्थन भी हासिल है।

करमापा का वास्तविक नाम उग्यान त्रिंगले डोरजी है और वह जनवरी 2000 में चौदह वर्ष की उम्र में चीन से भाग कर आए थे। तभी से वह धर्मशाला स्थित मठ में रह रहे हैं। उनकी संदिग्ध गतिविधियों पर पहले से ही निगाह रखी जा रही थी। गौरतलब है कि उनके पास से साढ़े छह करोड़ की मुद्रा मिलने के बाद से उनसे पूछताछ की जा रही है।

Saturday, January 29, 2011

करमापा का सच और हमारी विफ़लता

न्यूज़लाईन विशेष :बौद्ध गुरु करमापा उग्येन दोरजे के मठ से करोड़ों रूपये की विदेशी मुद्रा आख़िर कहां से और कैसे आई? क्या करमापा चीनी जासूस हैं? ये कुछ सवाल ऎसे हैं जिनका जवाब देशहित में नितांत आवश्यक है। दरअसल करमापा पर चीनी जासूस होने का आरोप यूं ही नहीं लग रहा है। करमापा को चीन का बेहद करीबी माना जाता है।

आश्रम में रखी करोड़ों की विदेशी मुद्रा का खुलासा भी तब हुआ जब हिमाचल पुलिस ने ऊना के रहने वाले दो लोगों को एक करोड़ रुपए के साथ गिरफ्तार किया। उनसे पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये पैसे लेकर वो करमापा दोरजे के आश्रम जा रहे थे। जब पुलिस ने तफ्तीश आगे बढ़ाई तो पता चला कि आश्रम से हवाला कारोबार चल रहा है जिसका सीधा संबंध दिल्ली के मजनूं के टीला इलाके से है।

बौद्ध गुरु करमापा उग्येन दोरजे पहले भी सवालों के घेरे में रहे हैं। जब करमापा उग्येन और उनके गुरु भाई रिम्पोछे 2000 में चीन से भागकर भारत पहुंचे थे तो उन पर चीन का जासूस होने का शक किया गया था। सरकार ने रिम्पोछे को तो सात दिन में भारत छोड़ने का भी आदेश दे दिया था। लेकिन करमापा को हिमाचल के धर्मशाला में शरण दी गई थी। तब से लेकर आज तक कई बार उन पर चीन के लिये जासूसी करने की बात सामने आती रही है। लेकिन उच्च स्तर से कभी भी इसकी ख़ुफ़िया जांच नहीं कराई गई।

करमापा उग्येन को दलाई लामा और पंचेन लामा के बाद तीसरे नंबर का तिब्बती बौद्ध धर्मगुरु माना जाता है। अपनी नियुक्ति के बाद से ही करमापा विवादित रहे हैं। हालांकि जांच एजंसियां करमापा से पूछताछ में लगी हैं लेकिन अभी तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सका है। करमापा का सच जो भी हो, लेकिन एक बार पूरी तरह साफ़ हो गई है कि हम एक बार फ़िर आंतरिक सुरक्षा के मुहाने पर विफ़ल हुए हैं।
ख़ालिद हसन
मुख्य संपादक, न्यूज़लाईन

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York