Showing posts with label Ayodhya Verdict. Show all posts
Showing posts with label Ayodhya Verdict. Show all posts

Monday, May 9, 2011

अयोध्या विवाद:हाई कोर्ट के फैसले पर सुप्रीम कोर्ट की रोक



नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद मालिकाना हक विवाद पर इलाहाबाद हाई कोर्ट की ओर से दिए गए फैसले पर रोक लगा दी है। सुप्रीम कोर्ट ने राम जन्‍मभूमि-बाबरी मस्जिद से जुड़ी विवादित जमीन पर किसी तरह की धार्मिक गतिविधि पर रोक लगाते हुए आज कहा कि इस मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट का फैसला 'हैरान' कर देने वाला है।

हाईकोर्ट के फैसले पर टिप्‍पणी करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि करीब 67 एकड़ की विवादित जमीन को किसी भी पक्ष ने बांटने की मांग नहीं की थी। ऐसे में विवादित जमीन को तीन हिस्‍सों में बांटे जाने का इलाहाबाद हाई कोर्ट का फैसला 'अजीब' और 'चौंकाने' वाला है।

गौरतलब है कि पिछले साल सितंबर में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने इस मामले पर अपना फैसला सुनाया था, जिसे सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई थी। निर्मोही अखाड़ा, अखिल भारतीय हिंदू महासभा, जमीयत उलेमा ए हिंद और सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी।

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने अपने फैसले में अयोध्या में राम जन्मभूमि स्‍थल को तीन हिस्सों में बांटने का आदेश दिया था। हाई कोर्ट ने बहुमत से फैसला किया था कि विवादित भूमि जिसे राम जन्मभूमि माना जाता रहा है, उसे हिंदू गुटों को दे दिया जाए। वहां से रामलला की प्रतिमा को नहीं हटाया जाएगा।

अदालत के दो जजों न्यायमूर्ति एसयू ख़ान और न्यायमूर्ति सुधीर अग्रवाल ने यह फैसला भी दिया था कि इस भूमि के कुछ हिस्सों पर मुसलमान प्रार्थना करते रहे हैं इसलिए जमीन का एक तिहाई हिस्सा मुसलमान गुटों दे दिया जाए। हालांकि न्यायमूर्ति धर्मवीर शर्मा इस फैसले से सहमत नहीं थे और उन्होंने कहा था कि पूरी जमीन हिंदू संगठनों को दे दी जानी चाहिए। लेकिन वक्फ बोर्ड और जमीयत उलेमा के हिंद का कहना है कि ये फैसला सबूतों पर नहीं आस्था पर आधारित है और इसे खारिज कर देना चाहिए। दूसरी ओर अखिल भारतीय हिंदू महासभा की मांग थी कि हाई कोर्ट के उस फैसले को खारिज किया जाए, जिसमें एक तिहाई जमीन मुसलमानों को देने का फैसला किया गया है।


Thursday, September 30, 2010

अयोध्या पर हाईकोर्ट का ऐतिहासिक फ़ैसला


लखनऊ: अयोध्या के विवादित मुद्दे पर आखिरकार इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खण्ड़पीठ ने आज फ़ैसला सुना दिया। इस फ़ैसले पर देशभर की निगाहें टिकी हुई थी। जस्टिस डीवीशर्मा, जस्टिस एसयू खान और जस्टिस सुधीर अग्रवाल की बेंच ने इस मुद्दे पर बहुमत से अपना फ़ैसला सुनाया। तीनो जजों ने माना की विवादित स्थल राम का जन्म स्थान है। वहीं तीनों में से दो जजों ने पूरे विवादित स्थल को तीन हिस्सों में बांटने की बात भी कही जिसमें एक हिस्सा हिन्दू महासभा, दूसरा निर्मोही अखाड़ा और तीसरा हिस्सा सुन्‍नी वक्‍फ बोर्ड को देने की बात कही गई है। वहीं सुन्नी सेन्ट्रल वक्फ बोर्ड़ के वकील ज़फ़रयाब जिलानी ने फ़ैसले ने नाखुश होकर सुप्रीम कोर्ट में जाने की बात कही है। हाईकोर्ट ने इस पूरे मामले में तीन महीनों तक यथास्थिति बनाये रखने का फ़ैसला सुनाया है। देश के सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने लखनऊ हाईकोर्ट के इस फ़ैसले का स्वागत किया है
।

बल्क एसएमएस और एमएमएस पर 1 अक्टूबर तक रोक


नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने बल्क एसएमएस और एमएमएस पर लगे प्रतिबंध की सीमा बढ़ाकर एक अक्टूबर कर दी है। केंद्रीय गृह मंत्री ने बुधवार को कहा था कि अयोध्या विवाद पर इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ द्वारा फैसला सुनाए जाने के मद्देनजर बडे पैमाने पर एक साथ भेजे जाने वाले एसएमएस [बल्क एसएमएस] और एमएमएस पर केंद्र की ओर से लगाया गया प्रतिबंध अगले आदेश तक जारी रहेगा।
ऐसा इसलिये किया गया जिससे भड़काऊ माहौल पैदा करने की किसी भी कोशिश को नाकाम किया जा सके। केंद्र सरकार ने 22 सितंबर को बल्क एसएमएस और एमएमएस पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया था, जिसे बढ़ाकर पहले 29 सितंबर और फिर 30 सितंबर कर दिया गया था। चिदंबरम ने कहा कि गड़बड़ी फैलाने की कथित कोशिश के रूप में सरकार को एक संकेत मिला था कि बल्क एसएमएस के जरिए संदिग्ध संदेश भेजे जा रहे हैं इसी वजह से इस पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया गया था।
बुधवार को सुप्रीमकोर्ट के फैसले के बाद सरकार ने देशभर में बल्क शार्ट मैसेज सर्विसेज (एसएमएस) और मल्टी-मीडिया मैसेजिंग सर्विसेज (एमएमएस) पर लगी पाबंदी को कल तक के लिए बढ़ा दी है।

Wednesday, September 29, 2010

फ़ैसले को लेकर पूरे देश में हाई अलर्ट


अयोध्या पर कल आने वाले फ़ैसले के मद्देनज़र सुरक्षा इंतजाम कड़े कर दिये गये है और पूरे देश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। सभी पुलिसवालों की छुट्टियां रद्द कर दी गयी हैं। वहीं पूरे उत्तर प्रदेश में धारा 144 लागू की गई है और फोर्स के अलावा 1 लाख होमगार्ड़ भी तैनात किये गये है। उत्तर प्रदेश के 32 इलाकों को संवेदनशील घोषित किया गया और पूरे देश के 6 राज्यों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है।

मध्य प्रदेश में भी धारा 144 लागू कर दी गई है और सुरक्षा के मद्देनज़र भोपाल समेत कई जगहों पर सेना का फ्लैग मार्च भी हुआ है। इन्दौर में गतिविधियों पर नज़र रखने के लिये CCTV की मदद ली जा रही है तो जबलपुर में चाकू और तलवारें ज़ब्त कर लिये गये है।

इस फ़ैसले के मद्देनज़र सबसे ज़्यादा पुख़्ता इंतजाम अयोध्या में किये गये है। वहां फोर्स की 24 कंपनी तैनात की गई है और 1 लाख से ज़्यादा पुलिसकर्मी तैनात है। साथ ही जगह जगह पर सेना ने फ्लैग मार्च भी किया है।

गृह मंत्री पी चिदंबरम ने सुरक्षा के इंतजामों का जायज़ा लिया। और प्रधानमंत्री ने जनता से शांति बनाये रखने की अपील की है।

न्यूज़लाईन ब्यूरो

Tuesday, September 28, 2010

अयोध्या पर फ़ैसला टालने की याचिका खारिज़


नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने अयोध्या पर इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच के फ़ैसले को टालने वाली याचिका को खारिज़ कर दिया है। मुख्य न्यायधीश के नेतृत्व में बनी तीन जजों की खंडपीठ ने रमेश चंद्र त्रिपाठी की याचिका को खारिज़ किया। इस याचिका में इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच के फ़ैसले पर रोक लगाने को कहा गया था। अब पूरी तरह साफ हो गया है कि अगले दो दिन में अयोध्या मुद्दे पर इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खण्ड़पीठ का फ़ैसला आने में कोई अड़चन नहीं बची है।

Thursday, September 23, 2010

सबसे बड़ा "फ़ैसला" 5 दिनों के लिये टला

नई दिल्ली : अयोध्या मामले पर 24 सितंबर को आने वाले हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट ने 5 दिनों के लिए टाल दिया है। रमेश चंद्र त्रिपाठी की याचिका पर सुनवाई के बाद सुप्रीम कोर्ट ने यह निर्णय लिया। 24 सितंबर को आने वाले फैसले के खिलाफ रमेश चंद्र त्रिपाठी ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी, उस याचिका पर आज सुनवाई हुई। राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवाद पर 24 सिंतबर को इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच का फैसला आने वाला था। पूरा देश यह जानना चाह रहा था कि आखिर इस विवादित जमीन पर किसका मालिकाना हक है, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने 5 दिन के लिए इसे टाल दिया है। अब 28 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट रमेश चंद्र त्रिपाठी की याचिका पर सुनवाई करेगा, अगर उस दिन यह याचिका खारिज हो जाती है, तो फैसला 29 सितंबर को आएगा। गौरतलब है कि इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच पहले ही रमेश चंद्र त्रिपाठी की याचिका को खारिज कर चुकी है।

Friday, September 17, 2010

अयोध्या मुद्दे पर फ़ैसला टालने की याचिका खारिज़

लखनऊ: अलाहाबाद हाई कोर्ट की लखनऊ बेन्च ने विवादित अयोध्या मुद्दे पर 24 सितंबर के फ़ैसले को रोकने वाली याचिका को खारिज़ कर दिया है। अयोध्या के विवादित जमीन के मालिकाना हक को लेकर हाई कोर्ट में चल रहे मुकदमें का फ़ैसला अब 24 सितंबर को ही होगा। वहीं हाई कोर्ट की लखनऊ बेन्च ने याची रमेश त्रिपाठी पर 5 लाख का जुर्माना भी लगाया है। अदालत में इस याचिका पर सुनवाई के लिये अयोध्या विवाद से जुड़े सभी पक्षों को आज तलब किया था। सभी पक्षो को सुनने के बाद अदालत ने फ़ैसले को रोकने वाली याचिका को खारिज़ कर दिया। हांलाकि निर्मोही अखाड़ा ने बातचीत के जरिये इस विवाद को सुलझाने की बात अदालत को कही थी। लेकिन सुन्नी वक्फ बोर्ड़ ने कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से ही इस मुद्दे को सुलझाने की बात कही। आज पूरी तरह साफ हो गया कि अब 24 सितंबर को ही इस विवादित मुद्दे पर अदालत का फ़ैसला आयेगा।





विवादित फ़ैसला टालने वाली याचिका पर सुनवाई आज

नई दिल्ली: अयोध्या मुद्दे पर 24 सितंबर को आने वाले फ़ैसलो को टालने को लेकर दायर तीन याचिकाओं पर सुनवाई आज होगी।
साठ साल से चल रहे अयोध्या विवाद के मुकदमे में अब फैसले की तारीख को लेकर ही जबरदस्त कानूनी जंग छिड़ गयी है। इस अदालती जंग को देख कर लगता है, अयोध्या विवाद को लेकर सियासत अभी खत्म होने वाली नहीं है। गुरूवार को मुकदमे की अहम पक्षकार बाबरी एक्शन कमेटी ने अदालत में कहा कि सुलह की कोई गुंजाईश नहीं है लिहाजा अदालत अपना फैसला सुनाए। उधर एक और पक्षकार हिंदू महासभा ने अदालत में यह मांग उठाई है कि मुकदमे में अभी आम राय बनाने की कोशिश की जाय और फैसला टाल दिया जाए। क्योंकि इससे संभावित गड़बड़ी के चलते देश में होने जा रहे कामनवेल्थ गेम्स पर असर पड़ सकता है। अदालत ने इसी पर आज सभी पक्षों को तलब किया है।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York