Showing posts with label 09-05-2011. Show all posts
Showing posts with label 09-05-2011. Show all posts

Monday, May 9, 2011

सरकार को मिले पीओके के 700 आतंकियों के आवेदन



श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को कहा कि सरकार को पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) से घर वापस आने और हिंसा त्यागकर मुख्यधारा में लौटने की इच्छा व्यक्त करने वाले करीब 700 स्थानीय आतंकवादियों के आवेदन प्राप्त हुए हैं।

उमर ने कहा कि पुनर्वास नीति (पाक अधिकृत कश्मीर के आतंकवादियों के लिए) को उम्मीद से बेहतर प्रतिक्रिया मिली है। हमें इस बारे में 600 से 700 आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि अब तक प्राप्त आवेदनों में राज्य प्रशासन ने 125 चरमपंथियों को राज्य में वापस लौटने की अनुमति प्रदान कर दी है। उन्होंने कहा कि इस आशय में उनके परिवार को सूचना भेजी जा रही है कि वह किस प्रकार से वापस लौटें।

गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने पिछले वर्ष पाक अधिकृत कश्मीर से घर वापस लौटने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए पुनर्वास पैकेज को मंजूरी दी थी।

अयोध्या विवाद:हाई कोर्ट के फैसले पर सुप्रीम कोर्ट की रोक



नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद मालिकाना हक विवाद पर इलाहाबाद हाई कोर्ट की ओर से दिए गए फैसले पर रोक लगा दी है। सुप्रीम कोर्ट ने राम जन्‍मभूमि-बाबरी मस्जिद से जुड़ी विवादित जमीन पर किसी तरह की धार्मिक गतिविधि पर रोक लगाते हुए आज कहा कि इस मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट का फैसला 'हैरान' कर देने वाला है।

हाईकोर्ट के फैसले पर टिप्‍पणी करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि करीब 67 एकड़ की विवादित जमीन को किसी भी पक्ष ने बांटने की मांग नहीं की थी। ऐसे में विवादित जमीन को तीन हिस्‍सों में बांटे जाने का इलाहाबाद हाई कोर्ट का फैसला 'अजीब' और 'चौंकाने' वाला है।

गौरतलब है कि पिछले साल सितंबर में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने इस मामले पर अपना फैसला सुनाया था, जिसे सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई थी। निर्मोही अखाड़ा, अखिल भारतीय हिंदू महासभा, जमीयत उलेमा ए हिंद और सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी।

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने अपने फैसले में अयोध्या में राम जन्मभूमि स्‍थल को तीन हिस्सों में बांटने का आदेश दिया था। हाई कोर्ट ने बहुमत से फैसला किया था कि विवादित भूमि जिसे राम जन्मभूमि माना जाता रहा है, उसे हिंदू गुटों को दे दिया जाए। वहां से रामलला की प्रतिमा को नहीं हटाया जाएगा।

अदालत के दो जजों न्यायमूर्ति एसयू ख़ान और न्यायमूर्ति सुधीर अग्रवाल ने यह फैसला भी दिया था कि इस भूमि के कुछ हिस्सों पर मुसलमान प्रार्थना करते रहे हैं इसलिए जमीन का एक तिहाई हिस्सा मुसलमान गुटों दे दिया जाए। हालांकि न्यायमूर्ति धर्मवीर शर्मा इस फैसले से सहमत नहीं थे और उन्होंने कहा था कि पूरी जमीन हिंदू संगठनों को दे दी जानी चाहिए। लेकिन वक्फ बोर्ड और जमीयत उलेमा के हिंद का कहना है कि ये फैसला सबूतों पर नहीं आस्था पर आधारित है और इसे खारिज कर देना चाहिए। दूसरी ओर अखिल भारतीय हिंदू महासभा की मांग थी कि हाई कोर्ट के उस फैसले को खारिज किया जाए, जिसमें एक तिहाई जमीन मुसलमानों को देने का फैसला किया गया है।


2 लाख 76 हजार डॉलर में बिकी डायना की पोशाक


लॉस एंजिल्स: अमेरिका के लॉस एंजिल्स शहर में हुई एक नीलामी में ब्रिटेन की प्रिंसेस डायना की पोशाक की एक जोड़ी को एक प्रख्यात संग्रहालय ने 02 लाख 76 हजार डॉलर मूल्य में खरीदा है।

जूलियन नीलामी गृह के डेरेन जूलियन ने रविवार को बताया कि इन दोनों पोशाकों को 1997 में डायना की मौत के बाद से ही अनुकूल वातावरण में रखा गया था और इसे एक प्रख्यात संग्रहालय ने क्रमश: 144 हजार डॉलर और 132 हजार डॉलर मूल्य में खरीदा। उन्होंने बताया कि इस नीलामी में विश्वभर से संग्रहकर्ताओं ने शिरकत की थी और अब पोशाकों की यह जोड़ी एक संग्रहालय में जा रही है जहां आम लोग भी इन्हें देख पाएंगे। हालांकि उन्होंने संग्राहलय के अधिकारियों की इजाजत के बगैर उसका नाम बताने से इंकार कर दिया।

उल्लेखनीय है कि राजकुमारी डायना की 144 हजार डॉलर में नीलाम हुई पोशाक एक काला क्रेप से बना शाम को पहने जाना वाला गाउन है जिसे 1992 में विदेश दौरे पर जाते समय उन्होंने पहना था। दूसरी पोशाक एक सिल्क शिफान से बनी एक स्ट्रेपलैस ड्रेस है जिसे उन्होंने कान्स फिल्मोत्सव के दौरान 1987 में पहली बार और 1989 में एक नाट्य मंचन का आनंद लेते समय दूसरी बार पहना था।

गौरतलब है कि डायना का विवाह 29 जुलाई 1981 को ब्रिटेन के प्रिंस चार्ल्स से हुआ था और फ्रांस की राजधानी पेरिस में 31 अगस्त 1997 को एक कार दुर्घटना में उनकी मौत हो गई थी।

ऑस्ट्रेलियाई कंपनी ने मांगी हिंदू समुदाय से माफी



मेलबर्न: बिकनी पर हिंदू देवी लक्ष्मी का चित्र प्रकाशित कर विवाद फैलाने वाली एक ऑस्ट्रेलिया स्विमवेयर कंपनी ने अब हिंदू समुदाय से माफी मांगी है।

लिजा ब्ल्यू स्विमवेयर कंपनी ने पिछले सप्ताह सिडनी में रोजमाउंट ऑस्ट्रेलियन फैशन वीक में जिस मॉडल को बिकनी पहने हुए रैंप पर उतारा उसकी बिकनी के सामने के हिस्से तथा पिछले हिस्से पर लक्ष्मी देवी का चित्र प्रकाशित किया था।

कंपनी द्वारा जारी बयान के अनुसार, ‘हमने अगर किसी की भी भावनाओं को आहत किया है तो हम उससे माफी मांगते हैं और सूचित किया जाता है कि देवी लक्ष्मी की तस्वीर नए सत्र में लिजा ब्ल्यू के स्विमवेयर पर प्रकाशित नहीं होगी। इसके साथ ही फैशन शो के दौरान रैंप पर पेश स्विमवेयर को भी बाजार से हटा लिया गया है।

बयान में कहा गया है कि स्विमवेयर की फैशन शो में प्रदर्शित रेंज दुनिया में किसी भी कंपनी ऑउटलेट पर बिक्री के लिए उपलब्ध नहीं होगी। हम हिंदू समुदाय से माफी मांगते हैं और इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं। हिंदू समुदाय द्वारा इस मामले पर कड़ा विरोध जताए जाने के बाद कंपनी ने यह माफी मांगी है। समुदाय का कहना था कि इससे हिंदू समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं।

गौरतलब है कि यूनिवर्सल सोसायटी फोर हिंदुइज्म के अध्यक्ष राजन जैद ने कंपनी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और इस रेंज के स्विमवेयर को बाजार से तुरंत वापस लिए जाने की मांग की थी।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York