Showing posts with label 24-10-2010. Show all posts
Showing posts with label 24-10-2010. Show all posts

Sunday, October 24, 2010

हाथी को मिला राष्ट्रीय धरोहर का दर्जा

भारी निर्माण और शहरीकरण के कारण हाथियों के प्राकृतिक वास तेज़ी के साथ ख़्त्म होते जा रहे हैं। इसलिये भारत सरकार ने हाथी को राष्ट्रीय धरोहर घोषित कर दिया है। भारतीय वन विभाग के महानिदेशक की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार इस फ़ैसले की सूचना सभी राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों को दे दी गई है।

पर्यावरण मंत्री जयराम रमेश का कहना है कि हाथियों के संरक्षण को वही महत्व दिया जाना चाहिए जैसा बाघों को दिया गया है। पिछले महीने ही पश्चिम बंगाल में तेज़ी से जाती एक ट्रेन के सामने आ जाने के कारण सात हाथी मारे गए थे। समिति का कहना है कि हाथियों के संरक्षण के लिए एक विशेष प्राधिकरण बनाया जाना चाहिये।

पर्यावरण मंत्रालय के मुताबिक़ भारत में इस समय लगभग 29,000 हाथी हैं। समिति का मानना है कि हाथियों को विशेष दर्जा दिए जाने से उसके संरक्षण में मदद मिलेगी साथ ही इससे भारतीय परंपरा और संस्कृति में हाथियों को दिए गए विशेष स्थान को भी मान्यता मिलेगी।

निर्दयी बाप ने कुल्हाड़ी से काटे तीन बेटों के सिर

मध्यप्रदेश: रायसेन जिले में एक निर्दयी बाप ने अपने तीन मासूम बेटों के सिर नीम के पेड़ की जड़ पर रखकर कुल्हाड़ी से काट डाले। तीनों बेटों की मौके पर ही मौत हो गई।

तेंदूखेड़ा हाईवे पर सब्जी की दुकान लगाने वाला प्रीतम कुशवाह (36) पड़ोसी दुकानदार से झगड़ा होने के बाद तनाव में था। कल देर रात लगभग 11 बजे उसने घर के पास ही उसने अपने तीन बेटों आनंद (13), पुरुषोत्तम (06) और टीकाराम (04) की हत्या कर दी।

प्रीतम रात में जब अपने बेटों को साथ ले जा रहा था तो उसकी पत्नी पार्वती ने उसे मना किया था। इस पर प्रीतम ने कहा था कि वो उन्हें कपड़े दिलाने ले जा रहा है। पार्वती ने देर होने की बात कही थी तो वो बच्चों को जबरदस्ती अपने साथ ले गया। नए कपड़े पहनने के चाहत में तीनों बेटे भी खुशी-खुशी प्रीतम के साथ चले गये। बच्चों की हत्या करने के बाद प्रीतम अपनी ससुराल भाग गया था जहां से आज पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। प्रीतम का एक दो साल का बेटा भी है जो उसकी पत्नी के पास होने के कारण बच गया।

प्रीतम का कहना है कि उसने दवाब में आकर अपने बेटों की हत्या की है। उसका कहना है कि कुछ लोगों ने उसे कहा कि या तो तुम खुद अपने बच्चों को मार दो नहीं तो हम उन्हें मौत के घाट उतार देंगे। हालांकि पुलिस प्रीतम के बयान पर यकीन नहीं कर रही है।


रिकॉर्ड मूल्य पर नीलाम हुआ ब्लू डायमंड



आखिरकार सबकी नजर में आने वाला शानदार हीरा न्यूयार्क में रिकॉर्ड मूल्य पर नीलाम हो गया। इस हीरे को दुनिया की सबसे बड़ी नीलामी करने वाली एजेंसी क्रिस्टी ने नीलाम किया है। इसे एक एशियाई ने खरीदा है जिसकी पहचान को गुप्त रखा गया है। दुनिया भर के पारखी कुदरत के इस करिश्मे और इस नीलामी को देखने के लिए मौजूद थे। लेकिन नीलामी में भाग लेने वालों में से सिर्फ एक ही वहां था।

बलगारी ब्लू नाम का यह खूबसूरत हीरा 15,762,500 डॉलर में नीलाम हुआ है। हर किसी की नजर इस हीरे पर थी क्योंकि यह हीरा अपनी तरह का खास है। और इसकी खासियत यह है कि ऐसा साफ नीला हीरा आज तक कभी नीलामी में नहीं आया।

इस हीरे का इतिहास ज्यादा पुराना नहीं है। 1970 में इसे एक रईस ने अपनी पत्नी को बेटा पैदा होने के उपलक्ष्य में भेंट किया था। उसने इसे उस समय एक लाख डॉलर में खरीदा था। यह हीरा एक अंगूठी में एक और सफेद हीरे के साथ जड़ा हुआ है।

हांलाकि इसका वजन सिर्फ 9.87 कैरेट ही है लेकिन अपने दुर्लभ रंग-रूप और क्लैरिटी के कारण यह लोगों के दिलों में बस गया।



महिला की हत्या कर शव के साथ २ दिन सोया


अमेरिका: न्यूयॉर्क में एक महिला की हत्या के दोषी 31 वर्षीय एक व्यक्ति को उम्र कैद की सज़ा सुनाई गई है। इस व्यक्ति ने इंसानियत की सारी मर्यादाओं को ताक पर रख पहले तो महिला की हत्या की फिर उसके शव के साथ पूरे दो दिन गुज़ारे और इस बीच मिशेल ने विभिन्न वेबसाइटों से यह जानने की कोशिश भी की कि शव को किस प्रकार से लंबे तक संरक्षित रखा जा सकता है। इतना ही नहीं यह व्यक्ति महिला के क्रेडिट कार्ड से शराब भी खरीदकर लाया था।

फॉक्स न्यूज़ के मुताबिक 2007 के इस मामले में मिशेल लेनाहन (31) पर लोरना सेंटियागो (24) की हत्या का आरोप सिद्ध हुआ है। कोर्ट में हुई सुनवाई में पता चला है कि हत्यारे ने लोरना की हत्या करने के बाद पूरे दो दिन उसके शव के साथ बिताए थे। जबकि मामले की सुनवाई के दौरान हत्या के दोषी मिशेल लेनाहन ने खुद को निरपराध बताया और पूरी घटना को सिर्फ के दुर्घटना करार दिया है।

एक प्लेट फिश कटलेट पड़ी 55,500 रुपए की!


नई दिल्ली: रेलवे के कैटरिंग स्टाफ ने एक दंपती को शाकाहारी के बजाय फिश कटलेट परोस दिया था। जिसकी वजह से रेलवे को एक फिश कटलेट की कीमत 55,500 रुपए पड़ गई। इसके खिलाफ दंपती ने लंबी कानूनी लड़ाई लड़कर इस रकम को हासिल किया है।

मामला आठ साल पहले का है। मानसी गर्ग और उनके पति राजधानी एक्सप्रेस से नई दिल्ली से कोलकाता जा रहे थे। उन्होंने शाकाहारी कटलेट का ऑर्डर दिया, लेकिन कैटरिंग स्टाफ ने उन्हें फिश कटलेट लाकर दे दिया। यही नहीं, स्टाफ अड़ा रहा कि यही शाकाहारी कटलेट है। दंपती ने इसके खिलाफ दिल्ली जिला उपभोक्ता मंच का दरवाजा खटखटाया। दंपती का आरोप था कि कैटरिंग स्टाफ ने उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। मंच ने दंपती की अर्जी को स्वीकार करते हुए उन्हें 50,000 रुपए मुआवजा और 5,000 रुपए बतौर वाद खर्च देने के आदेश रेलवे को दिए थे।

रेलवे ने इस आदेश को दिल्ली राज्य उपभोक्ता आयोग में चुनौती दी थी। आयोग ने मंच के फैसले को बरकरार रखा। उसने वाद खर्च की राशि 500 रुपए बढ़ा दी।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York