Showing posts with label 14-03-2011. Show all posts
Showing posts with label 14-03-2011. Show all posts

Monday, March 14, 2011

फैशन डिजाइनर बनना चाहती थी सोनाक्षी



नई दिल्ली: अपनी पहली ही फिल्म से सफ़लता की सीढ़ीयां चढ़ने वाली सोनाक्षी का फिल्मों में आना महज़ एक संयोग है। सोनाक्षी फैशन डिजाइनर बनना चाहती थी, लेकिन संयोग उन्हें फिल्मों में खींच लाया।

दरअसल दबंग गर्ल सोनाक्षी सिन्हा का सपना फैशन डिजाइनर बनना था, लेकिन संयोग उन्हें फिल्मों में ले आया। हाल ही में दिल्ली आई सोनाक्षी ने कहा, फिल्मों में आने का मेरा कोई इरादा नहीं था। यह महज एक संयोग है कि मैं फिल्मों में आ गई। वास्तव में फैशन डिजाइनर का पाठ्यक्रम कर रही थी और उसी क्षेत्र से जुड़ना चाहती थी। शत्रुघ्न सिन्हा की बेटी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि वह परिवार की मर्जी से फिल्मों में आई और सबने मिलकर इस बारे में फैसला किया।

दबंग के बाद सोनाक्षी के पास फिल्मों के आफर आ रहे हैं लेकिन इस बारे में उनका कहना है, कि वो पटकथा देखने के बाद ही फिल्मों का चयन करेंगी। आखिर कैरियर का सवाल है। डाबर इंडिया ने अपने उत्पाद फेम ब्लीच के लिए सोनाक्षी को ब्रांड एम्बेस्डर बनाया है। फिल्मों के बारे में कुछ भी विस्तार से नहीं बताने वाली सोनाक्षी ने केवल इतना स्वीकार किया कि वह रेस 2 में भी काम करने वाली हैं। खबर है कि वह कमल हासन के साथ भी काम करने वाली हैं लेकिन इस बारे में उन्होंने कुछ भी बताने से मना कर दिया।

सोनाक्षी वास्तव में बालीवुड में असली दबंग रेखा को मानती हैं क्योंकि न केवल सुंदरता बल्कि अपने अभिनय के क्षेत्र में भी वह सभी कलाकारों से आगे हैं। हालांकि समकालीन अभिनेत्रियों के मामले में वे करीना कपूर को दबंग बताती हैं। सोनाक्षी ने कहा कि एक कलाकार के रूप में उन्हें अपने पिता से बहुत कुछ सीखने को मिला है।

बलात्कार कर भारतीय छात्रा को मौत के घाट उतारा


मेलबर्न : अपने उज्जवल भविष्य के लिये विदेश में पढ़ने गए भारतीय छात्रों-छात्राओं के लिये अब अपना लक्ष्य हासिल करना इतना ख़तरे से ख़ाली नहीं रह गया है। आए दिन विदेशों में, ख़ास कर ऑस्ट्रेलिया में भारतीय छात्र-छात्राओं के साथ उत्पीड़न, बलात्कार व हत्या की ख़बरें अब आम सी बात हो गई हैं।

ऑस्ट्रेलिया में हुए एक ताज़ा मामले में एक दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया गया है। ऑस्ट्रेलिया में एक भारतीय मूल की 24 वर्षीया छात्रा का यौन उत्पीड़न करने के बाद उसकी हत्या किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। छात्रा का शव सिडनी के एक पार्क में सूटकेस से बरामद किया गया।

समाचार पत्र 'द एज' के अनुसार पुलिस ने बताया है कि छात्रा का शव शुक्रवार सुबह पश्चिमोत्तर सिडनी के मिडोबैंक पार्क से सटी नहर से बरामद किया गया है। स्थानीय पुलिस की ओर से जारी बयान में बताया गया कि 11 मार्च की सुबह निर्माण कार्य में लगे मजदूरों ने मिडोबैक पार्क के पास की नहर से सूटकेस में रखे महिला के शव को देखने के बाद इसकी जानकारी को पुलिस को दी। मृतका की पहचान भारतीय छात्रा तोशा ठक्कर के रूप मं की गई है।

पुलिस शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत के कारणों का पता चल सके। पुलिस ने इस हत्या के मामले में 19 वर्षीय डेनियल स्टानी रेजिनाल्ड को गिरफ्तार किया है और पुलिस आरोपी से हत्या और दुष्कर्म के मामले को लेकर पूछताछ कर रही है। डेनियल पर आरोप है कि उसने पिछले बुधवार को छात्रा के साथ बलात्कार किया और फिर उसकी हत्या कर दी। डेनियल को शुक्रवार रात को गिरफ्तार किया गया था। सोमवार को इस मामले की संक्षिप्त सुनवाई बर्वुड स्थानीय अदालत में हुई। उन्होंने इस बात की पुष्टि की है कि मृतक छात्रा को आखिरी बार नौ मार्च को जिंदा देखा गया था। पुलिस तोषा के कॉलेज से तथ्य जुटाने में लगी है।

तोशा ठक्कर सिडनी कॉलेज ऑफ बिजनेस एंड आईटी में अकाउंट की पढ़ाई कर रही थी और वह ऑस्ट्रेलिया की स्थाई निवासी थी। समाचारपत्र के मुताबिक युवती के एक मित्र ने बताया, "हम बहुत दुखी हैं और न्याय की उम्मीद कर रहे हैं। वह बहुत अच्छी थी और सभी के साथ मिलजुलकर रहती थी। यह काफी दुखद घटना है।"

गिरफ़्तार आरोपी डेनियल रेजीनॉल्ड क्रोडॉन में ठक्कर के निवास के समीप ही रहता है। उसे पुलिस ने एशफील्ड मोटल से गिरप्तार किया। उसे पारामट्टा के स्थानीय कोर्ट में पेश किया गया, लेकिन जज ने उसे जमानत नहीं दी। सुनवाई के दौरान कोर्ट में बड़ी संख्या में भारतीय छात्र मौजूद थे। अदालत के बाहर भी भारतीय छात्रों ने घटना के विरोध में प्रदर्शन किया।

मामले की प्रमुख जांचकर्ता निरीक्षक पामेला योंग ने कहा कि युवती एक सम्मानित महिला थी और इस तरह की घटना की उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि युवती के माता-पिता ने अभी ऑस्ट्रेलिया आने की योजना नहीं बनाई है। पुलिस हिंदू परम्परा के अनुसार अंतिम संस्कार के लिए शव भारत भेजने पर विचार कर रही है।

बाबरी विध्वंस भाजपा की छवि के लिये नुकसानदायक़: आडवाणी


नई दिल्ली : भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने बाबरी विध्वंस मामले में अफ़सोस ज़ाहिर करते हुए कहा कि इस घटन से भाजपा की छवि खराब हुई। उन्होंने अपने ब्लॉग पर लिखा कि इससे पार्टी की विश्वसनीयता पर बहुत बुरा असर पड़ा। आडवाणी ने 1992 में बाबरी विध्वंस घटनाक्रम को भाजपा की छवि के लिए नुकसानदायक बताया।

विध्वंस के दो हफ्ते बाद एक अखबार में अपने लेख को याद करते हुए उन्होंने कहा, ‘मैंने घटना वाले दिन को तब भी अपनी जिंदगी का सबसे बुरा दिन बताया था।’ हालांकि, उन्होंने अपनी टिप्पणी में आगे जोड़ा कि उन्हें गर्व है कि वे अयोध्या आंदोलन का हिस्सा रहे। लेकिन इस बात का दु:ख है कि पार्टी ने विश्वसनीयता खो दी।

इसके साथ-साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, सीवीसी नियुक्ति मामले में यूपीए सरकार पर हमला बोलने से भी नहीं चूके। उनके मुताबिक मनमोहन सिंह सरकार की विश्वसनीयता तार-तार हो गई है। सरकार ने घोटालेबाजों पर लगाम कसने की जिम्मेदारी पूरी तरह छोड़ दी है। आडवाणी ने अपने ब्लॉग ये विचार जताए हैं।

उन्होंने लिखा है कि चाहे वह थॉमस का मामला हो या राजा, हसन अली अथवा फिर कॉमनवेल्थ गेम्स अधिकारियों का, सरकार के बजाय सुप्रीम कोर्ट ने ही कार्रवाई की। उन्होंने सभी गड़बड़ियों के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय को भी जिम्मेदार ठहराया। भाजपा नेता के मुताबिक, इन घोटालों ने सरकार की नाकामी से ज्यादा नैतिक पतन को उजागर किया है। आडवाणी ने अपनी टिप्पणी में गृहमंत्री चिदंबरम की बात का भी सहारा लिया। इसमें उन्होंने कुछ दिन पहले सरकार से नैतिकता के मामले में गंभीर चिंतन की मांग की थी।

6 नक्सली मुठभे़ड में ढेर, 10 गिरफ़्तार


पटना : बिहार में पुलिस को नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में एक बड़ी सफ़लता हाथ लगी है। चम्पारण जिले के दरमाहा गांव में हुई इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 6 नक्सलियों को मार गिराया जबकि 10 को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार शाम चार बजे शुरू हुई यह मुठभे़ड सोमवार सुबह चार बजे तक चली।

पुलिस के मुताबिक मुठभे़ड के बाद छह नक्सलियों के शव और मुठभे़ड स्थल से राइफलें तथा विस्फोटक बरामद किया गया है। इस अभियान को बिहार मिलिट्री पुलिस, सीआरपीएफ और एसटीएफ ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया।

राज्य के पुलिस महानिदेशक नीलमणि के मुताबिक़, मुठभे़ड के बाद नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में अब तक दस नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें तीन महिला नक्सली भी शामिल हैं। नीलमणि ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम रविवार शाम दरमाहा गांव पहुंची। पुलिस को देखते ही नक्सलियों ने गोलीबारी प्रारंभ कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू की। जिसमें ये 6 नक्सली मारे गए। उन्होंने कहा कि पुलिस महानिरीक्षक (ऑपरेशन) केएस दि्ववेदी तथा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के उपमहानिरीक्षक घटनास्थल पर मौजूद हैं। गिरफ्तार नक्सलियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा, अभी भी नक्सली इन क्षेत्रों में छुपे हो सकते हैं।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई से घबराए नक्सली भाग निकले। मुठभे़ड के दौरान पुलिस ने छह नक्सलियों को मार गिराया। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से पुलिस ने 14 हथियार बरामद किए है, जिसमें पांच एसएलआर और आठ राइफल के अलावा ब़डी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ शामिल हैं। राज्य पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता राजवर्धन शर्मा ने बताया कि शुरूआत में नक्सलवादियों की गांववालों से भि़डंत हो गई थी।

इस अभियान का नेतृत्व बिहार के पुलिस महानिरीक्षक (ऑपरेशन) केएस दि्ववेदी और पुलिस अधीक्षक गणेश कुमार ने किया।

वर्ल्ड कप: बांग्लादेश ने नीदरलैंड्स को 160 पर समेटा


चटगांव : वर्ल्डकप ग्रुप बी मुकाबले में बांग्लादेश के विरुद्ध नीदरलैंड्स की टीम, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 46.2 ओवर में 160 रन पर ढ़ेर हो गई। मेजबान बांग्लादेश के सभी गेंदबाज़ों ने उम्दा प्रदर्शन कर आयरलैंड की बल्लेबाज़ी की धज्जियां उड़ा दीं। आयरलैंड को को पहला झटका बांग्लादेशी कप्तान शाकिब अल हसन ने दिया। उन्होंने सलामी बल्लेबाज वेस्ली बरेसी को 10 रन पर पगबाधा आउट किया।

नीदरलैंड की ओर से केवल डौएशेट ने बांग्लादेशी गेंदबाज़ों को डट कर सामना किया और अर्धशतकीय पारी खेली। डौएशेट ने 71 गेंदों में 2 चौकों और 1 छक्के की मदद से नाबाद 53 रन बनाए। तेज़ गति से रन बनाने के लिये तीसरे नंबर पर बल्लेबाज़ी करने आए मुदस्सिर बुख़ारी भी नाकाम रहे। वो 1 चौके की मदद से 6 रन बनाकर अब्दुर रज़्ज़ाक़ की गेंद पर कैच आउट हो गए। इनके अलावा, ज़्वार्ज़ीन्स्की ने 1 छक्का लगाकर 63 गेंदों में 28 रनों की पारी खेली। इनको शकिब अल हसन ने रन आउट किया। फिर बुख़ारी के आउट होने के बाद बल्लेबाज़ी करने आए कूपर भी चौथे विकेट के रूप में रन आउट हो गए। कूपर ने 41 गेंदों में 2 चौके लगाकर 29 रन बनाए।

फिर डौएशेट और कर्वेज़ी के बीच पांचवे विकेट के लिये 34 रनों की साझेदारी हुई जो नीदरलैंड की पारी की सबसे लंबी साझेदारी साबित हुई। कर्वेज़ी के आउट होने के बाद बल्लेबाज़ी करने आए सभी खिलाड़ी तू चल मैं आया की तर्ज पर आउट हो गए। जिसमें तीन खिलाड़ी अपना खाता भी नहीं खोल सके।

बांग्लादेश की ओर से शफ़िउल इस्लाम सबसे क़ामयाब गेंदबाज़ रहे जिनहोंने अपने 9.2 ओवरों में केवल 15 रन दिये जबकि उन्हें कोई सफ़लता प्राप्त नहीं हो सकी। इनके अलावा अब्दुर रज़्ज़ाक़ ने 29 रन देकर 3 खिलाड़ियों को आउट किया। जबकि शकिब अल हसन, रूबेल हुस्सैन और सुहरावादी शुवो, इन तीनो गेंदबाज़ों ने 1-1 विकेट लिया।

मेजबान बांग्लादेश का लक्ष्य क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की अपनी संभावनाओं को जीवंत रखना है। इंग्लैंड को पिछले मैच में हराने से बांग्लादेश के हौसले बुलंद है। अगर वह नीदरलैंड से जीता तो ग्रुप में छह अंकों के साथ चौथे स्थान पर आ जाएगा। ऐसे में यदि इंग्लैंड 17 मार्च को वेस्टइंडीज से हार जाता है तो बांग्लादेश का क्वार्टर फाइनल खेलना तय हो जाएगा।

उधर, क्वार्टर फाइनल की दौड़ से बाहर हो चुका नीदरलैंड सम्मान की जंग लड़ रहा है। डच टीम अब तक हुए चारों मुकाबले हार चुकी है।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York