
नई दिल्ली: आज देश के सबसे प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी गयी है। पद्म विभूषण पुरस्कार मोंटेक सिंह अहलूवालिया, अजीम प्रेमजी, विजय केलकर, कपिला वात्स्यायन, ब्रजेश मिस्र, ए. नागेश्वर राव, एल. सी. जैन और शशि कपूर को दिया गया है। वहीं पद्मभूषण पुरस्कारों में खय्याम और वहीदा रहमान शामिल हैं।
पद्मश्री पुरस्कार पानेवालों में वी.वी.एस. लक्ष्मण, काजोल, इरफान खान, तब्बू, गगन नारंग और सुशील कुमार, कृष्णा पूनिया, उषा उथुप शामिल हैं।
इन पुरस्कारों में सैनिक सम्मान अशोक चक्र मरणोपरांत मेजर लेशराम सिंह को दिया गया है। साथ ही पांच सैनिकों को कीर्ति व 21 सैनिकों को शौर्य चक्र भी दिया गया है।
राज्य सरकारों, संघ राज्य प्रशासनों, केन्द्रीय मंत्रालयों, विभागों, उत्कृष्टता संस्थानों आदि से पद्म पुरस्कारों की जानकारी इकट्ठा की जाती हैं, और उन पर पुरस्कार समिति द्वारा विचार किया जाता है। पुरस्कार समिति की सिफारिश के आधार पर और प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और राष्ट्रपति के अनुमोदन के बाद गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर इन पद्म सम्मानों की घोषणा की जाती है।
पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री पुरस्कार शासकीय सेवकों द्वारा प्रदत्त सेवा सहित किसी भी क्षेत्र में असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किए जाते हैं।