
लखनऊ: अखिल भारतीय इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा [एआईईईई] का पर्चा लीक होने के मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स [एसटीएफ] ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय प्रकाश ने बताया कि पंजाब नेशनल बैंक की जौनपुर स्थित शाखा में लिपिक फूल चंद्र नाम के व्यक्ति को कल देर रात लखनऊ में गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि फूल चंद्र पर्चा लीक कराने वाले उस गिरोह के सरगना का भाई है जिसने एआईईईई का प्रश्नपत्र लीक कराने की साजिश को अंजाम दिया। गिरफ्तार अभियुक्त ने कुछ लोगों के नाम बताए हैं जिन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस ने कल कहा था कि एआईईईई का पर्चा लीक कराने वाले गिरोह का सरगना जौनपुर जिले का रहने वाला है और गाजियाबाद तथा मुंबई में उसके कई ठिकाने हैं और वो वहां पर नाम बदलकर रहता है। उन्होंने बताया था कि उसके गिरोह के अन्य सदस्य बिहार के सासाराम तथा गुजरात के अहमदाबाद के निवासी हैं।
गौरतलब है कि सीबीएसई के सहायक सचिव करण सिंह सैनी ने पर्चा लीक होने के मामले में हजरतगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। जिसके बाद से ही मामले की जांच की जा रही है और एसटीएफ मामले से जुड़ी जानकारियों पर काम कर रही है।

No comments:
Post a Comment