
नई दिल्ली: रविवार को अखिल भारतीय इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा [एआइईईई] का पर्चा लीक होने के कारण जिन केंद्रों पर परीक्षा नहीं हो पाई, वहां अब दोबारा परीक्षा आठ के बजाए 11 मई हो होगी।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड [सीबीएसई] के चेयरमैन विनीत जोशी ने बताया जिन छात्रों ने एक मई को परीक्षा दे दी हैं, उन्हें परीक्षा नहीं देनी है। केवल किसी भी कारण से परीक्षा देने से वंचित रह गए छात्र ही दोबारा होने वाली परीक्षा में बैठेंगे।
उन्होंने कहा कि पर्चा लीक होने के बाद सुबह की परीक्षा रद कर वह दोपहर 12 बजे कराई गई। 197 केंद्र ऐसे थे जहां आर्म्ड फोर्स मेडिकल कॉलेज, पुणे की प्रवेश परीक्षा व एआइईईई होनी थी।
इन केंद्रों को छूट दी गई थी कि चाहें तो व्यवस्था के अनुसार रविवार को परीक्षा दें, नहीं तो आठ मई को। लेकिन आठ मई को कई राज्यों में इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाएं हैं इसलिये एआइईईई की तिथि 11 मई निश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थी 011-22236110-15, 18002096030 और 1800117002 हेल्पलाइन नंबर पर काल करके अपनी परेशानी का हल पा सकते हैं।

No comments:
Post a Comment