Showing posts with label 24-04-2011. Show all posts
Showing posts with label 24-04-2011. Show all posts

Sunday, April 24, 2011

कयानी से कोई गुप्त वार्ता नहीं : पीएमओ


नई दिल्ली : प्रधानमंत्री कार्यालय ने रविवार को उन खबरों को सिरे से खारिज किया जिनमें कहा गया था कि डॉ. मनमोहन सिंह ने पाकिस्तान के सेनाध्यक्ष जनरल अशफाक कयानी से गुप्त मुलाकात की थी। रिपोर्टों में कहा गया था कि मोहाली में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी से मुलाकात से पहले मनमोहन सिंह ने कयानी से मुलाकात की थी।

प्रधानमंत्री के मीडिया सलाहकार हरीश खरे ने रविवार को इस तरह की सभी रिपोर्टों को खारिज कर दिया। एक बयान में खरे ने कहा कि कई मीडिया रिपोर्ट्स में एक ब्रिटिश अखबार के हवाले से यह कहा गया है कि प्रधानमंत्री ने युसुफ रजा गीलानी से मुलाकात से पहले कयानी से बात की थी। यह रिपोर्ट पूरी तरह से गलत है।

गौरतलब है कि लंदन के अखबार द टाइम्स ने खबर प्रकाशित की थी कि भारत और पाकिस्तान के बीच 24 मार्च को मोहाली में खेले गए क्रिकेट वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी से मुलाकात से पहले मनमोहन सिंह ने क्रिकेट डिपलोमेसी को मजबूत करने के लिए पाकिस्तान के सेनाध्यक्ष अशफाक परवेज कयानी से भी गुप्त बातचीत की थी।

इस रिपोर्ट में कहा गया था कि मनमोहन सिंह ने एक अनौपचारिक राजदूत को कयानी से संपर्क स्थापित करने के लिए तैनात किया था। अखबार ने अपनी रिपोर्ट में यह भी कहा था कि मनमोहन और कयानी के बीच इस बातचीत का मकसद पश्चिम देशों को यह भरोसा दिलाना था कि भारत और पाकिस्तान के बीच वार्ता सही रास्ते पर है।

वीरू के ’वार’ से पंजाब चित्त


नई दिल्ली : आईपीएल-चार के एक अहम मुकाबले में दिल्ली डेयरडेविल्स ने किंग्स इलेविन पंजाब को 29 रनों से हरा दिया। कप्तान वीरेंद्र सहवाग (77) और डेविड वार्नर (77) की धमाकेदार पारी के बाद शेन मार्श (95) ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर जोरदार अंदाज में जवाब दिया लेकिन किंग्स इलेवन पंजाब को दिल्ली डेयरडेविल्स के हाथों हार से नहीं बचा सका।

सहवाग ने महज 35 गेंद में आठ चौकों और चार छक्कों की मदद से 77 रन की पारी खेली जबकि वार्नर ने 48 गेंद का सामना करते हुए सात चौके और चार छक्के जड़ते हुए 77 रन बनाए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 146 रन की रिकार्ड साझेदारी की बदौलत 20 ओवर में चार विकेट पर 231 रन बनाए। जवाब में मार्श और कप्तान एडम गिलक्रिस्ट के संघर्ष के बावजूद पंजाब 20 ओवर में छह विकेट पर 202 रन ही बना सका। मार्श मात्र पांच रन से शतक से चूक गए और उन्होंने 46 गेंदों में नौ चौके व छह छक्के जड़े।
आईपीएल में पहली बार दोनों टीमों ने एक ही मैच में दो सौ रनों का आंकड़ा पार किया। आज के मैच में कुल 433 रन बने। दिल्ली द्वारा खड़ा किया गया यह स्कोर इस सत्र का सबसे बड़ा स्कोर होने के अलावा आईपीएल इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर भी है। लगातार तीन जीत दर्ज करा चुकी पंजाब की यह दूसरी हार है जबकि दिल्ली की पांच मैचों से यह दूसरी जीत है। दिल्ली जीत के बावजूद अंक तालिका में सबसे नीचे बनी हुई है जबकि पंजाब भी चौथे स्थान पर कायम है।

विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरे पंजाब ने सधी हुई शुरूआत की हालांकि पहले ओवर में सलामी बल्लेबाज महज चार रन जोड़ सके। टूर्नामेंट में रन बनाने के मामले में सबसे आगे चल रहे पाल वलथाटी ने दूसरे ओवर (इरफान पठान) की चौथी गेंद पर जीवनदान पाने के बाद अगले दो गेंदों पर जोरदार छक्का जमाया। अगले ओवर में एल्बी मोर्कल की गेंद पर मिले फ्री हिट में गिलक्रिस्ट ने भी छक्का ठोका। दोनों बल्लेबाजों ने पिछले मैचों की तरह आज भी तेज शुरूआत दी लेकिन वलथाटी चौथे ओवर में पठान की गेंद पर कैच आउट हो गए। 12 रन प्रति ओवर से ज्यादा के रन रेट के आधार पर लक्ष्य का पीछा करने का दबाव पंजाब के बल्लेबाजों पर खूब दिखा। गिलक्रिस्ट का साथ देने आए शान मार्श ने आतिशी अंदाज में रन बटोरना शुरू किया। मार्श ने सातवें ओवर में योगेश नागर की गेंद पर दो चौके व एक छक्के के साथ 16 रन ठोके। इसके अगले ओवर में गिलक्रिस्ट ने अजित अगरकर (2/47) की गेंद पर लगातार चार चौके जमाकर वांछित रन रेट को बनाए रखने की कोशिश की। भारत के संभवत: सबसे तेज गेंदबाज वरुण अरोन ने अपने दूसरे ओवर में गिलक्रिस्ट को बोल्ड कर दिया। उन्होंने 33 गेंदों में 42 रन (8 चौका व 1 छक्का) बनाए। दूसरी तरफ मार्श का धमाका जारी रहा और जेम्स होप्स की गेंद पर चौका मारकर 27 गेंदों में अपना लगातार दूसरा पचासा पूरा किया। पंजाब को तीसरा झटका दिनेश कार्तिक (6) के रूप में लगा। वह अगरकर की गेंद पर कैच आउट हो गए।

शाही शादी में ओबामा-सरकोजी को बुलावा नहीं


लंदन : ब्रिटिश राजघराने के प्रिंस विलियम और केट मिडलटन की 29 अप्रेल को होने जा रही शाही शादी के मेहमानों की लिस्ट में अमेरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और फ़्रांस के राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी का नाम नहीं है। इस शाही शादी में दुनियाभर से 1900 लोगों को आमंत्रित किया गया है।

ब्रिटेन के शाही परिवार की ओर शुक्रवार को शादी में बुलाए जाने वाले मेहमानों की पूरी सूची और अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। शादी में शरीक हो रहे 1,900 मेहमानों में से कुछ के नाम पहले ही मीडिया में आ चुके हैं। इनमें सॉकर खिलाड़ी डेविड बैकहम, उनकी पत्नी विक्टोरिया, संगीतकार एल्टन जॉन, निर्देशक गाय रिची शामिल हैं। इसके अलावा गायक जॉस स्टोन, मिस्टर बीन के अभिनेता रोऑन एटकिंसन जो कि प्रिंस चाल्र्स के गरीबी मित्रों को भी मेहमानों की लिस्ट में शामिल किया गया है।

सेंट जेम्स के महल से पहली बार इस बात की पुष्टि की गई है कि बाहरेन के राजकुमार सलमान बिन अहमद अल खलीफा भी इस शादी में शिरकत करेंगे।

डेनमार्क, नॉर्वे, स्पेन, थाईलैंड और मोरोको से करीब 40 अन्य विदेशी शाही परिवार के लोग इस शादी में शामिल होंगे। अन्य मेहमानों में ब्रिटिश सरकार और सुरक्षा अधिकारी, ब्रिटिश सेना के जवान जिन्होंनें अफगानिस्तान में हुए युद्ध में भाग लिया और प्रिंस विलियम के चेरिटी के लिए काम करने वाले लोग शामिल हैं।

महल के अधिकारियों ने बताया कि इस शाही शादी में राज्यों के शाही लोगों को ही बुलाया गया है। ऐसे देश जो ब्रिटिश कॉमन वैल्थ में शामिल नहीं हैं उनके राजनयिकों को बुलावा नहीं दिया गया है। इसीलिये अमेरिका और फ़्रांस राष्ट्रपति बराक ओबामा या फ्रासं के राष्ट्रपति सरकोजी को शादी में नहीं बुलाया गया है।

अन्ना ने मनाया, नहीं हटेंगे हेगड़े


नई दिल्ली। लोकपाल बिल का प्रारूप तैयार करने को गठित सिविल सोसाइटी के सदस्य जस्टिस संतोष हेगडे ने समिति से त्यागपत्र नहीं देने का फ़ैसला किया है। उन्होंने शनिवार को दिल्ली में समिति सदस्यों के साथ आयोजित बैठक के बाद यह फ़ैसला लिया। बैठक की अध्यक्षता अन्ना हजारे ने की। बैठक के बाद समिति के सदस्य अरविंद केजरीवाल ने बताया कि कर्नाटक के लोकायुक्त और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश संतोष हेगडे लोकपाल बिल का प्रारूप तैयार करने वाली समिति में बने रहेंगे।

वहीं भ्रष्टाचार के खिलाफ बिगुल बजाने वाले अन्ना हजारे के विरोध में अब तक उठते रहे सुर आंदोलन का रूप लेने जा रहा है। इसके लिए कुछ लोग अपने संगठनों के जरिए एक मंच पर आए हैं। तीसरा स्वाधीनता आंदोलन, इंस्टीट्यूट फॉर रिसर्च एंड डॉक्‍यूमेंटेशन इन सोशल साइंसेज (आईआरडीएस), नेशनल आरटीआई फोरम जैसे संगठनों 25 अप्रैल को 10 बजे से 1.30 बजे तक जंतर मंतर पर प्रदर्शन की तैयारी की है।

इन संगठनों ने मीडिया को इस बारे में जानकारी भेजी है। नेशनल आरटीआई फोरम की ओर से भेजी गई जानकारी में सवाल उठाया गया है कि अन्‍ना अपने कुछ साथियों पर लग रहे भ्रष्टाचार के आरोपों पर चुप क्यों हैं? इसमें भूषण पिता--पुत्र पर लग रहे आरोपों की स्वतंत्र जांच की मांग की गई है। जांच पूरी होने तक दोनों को लोकपाल बिल का ड्राफ्ट बनाने के लिए बनी समिति से बाहर रखने की मांग की गई है।

उधर, भ्रष्‍टाचार के खिलाफ मुहिम चलाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता अन्‍ना हजारे ने कहा है कि लोकपाल बिल की मसौदा समिति के सदस्‍यों को निशाना बना ठीक नहीं है। उन्‍होंने कहा कि लोगों को तो ऐसे लोगों का समर्थन करना चाहिए। शनिवार को दिल्‍ली के लिए रवाना होते समय पुणे में अन्‍ना ने कहा, यदि हमारी लड़ाई जायज नहीं होती तो लोगों का इतने बड़े पैमाने पर समर्थन क्‍यों मिलता।

अन्‍ना संतोष हेगड़े को ड्राफ्ट कमेटी में बने रहने के लिए राजी करने के लिए दिल्‍ली पहुंचे। शाम में दोनों की बैठक हुई। बैठक में हेगड़े को समिति में बने रहने के लिए मनाने में अन्‍ना कामयाब रहे।

औसत बजट पर भी अच्छा व्यवसाय


नई दिल्ली: अब दर्शकों के लिए फिल्मों की भव्यता ज्यादा मायने नहीं रखती। दर्शक फिल्मों में बड़े सितारे नहीं बल्कि कहानी में दम देखना चाहते हैं। यही वजह है कि कम और औसत बजट की फिल्मों को भी खूब दर्शक मिलने लगे हैं। इसके साथ ही ये फिल्में बॉक्स ऑफिस पर 16 से 40 करोड़ रुपये तक का व्यवसाय करने में भी समर्थ हैं।

फिल्मकार किरण राव के निर्देशन में पांच करोड़ रुपये की लागत से बनी धोबी घाट ने बॉक्स ऑफिस पर 16 करोड़ रुपये का व्यवसाय किया तो वहीं रोमांसप्रधान हास्य फिल्म तनु वेड्स मनु ने 40 करोड़ रुपये का व्यवसाय किया जबकि तनु वेड्स मनु का निर्माण 16 करोड़ रुपये में हुआ था। वहीं वास्तविक जिंदगी की कहानी पर आधारित राजकुमार गुप्ता की नो वन किल्ड जेसिका इस साल प्रदर्शित होने वाली पहली फिल्म है जिसने टिकट खिड़की पर 28 करोड़ रुपये की कमाई की। इस फिल्म में नौ करोड़ रुपये का निवेश हुआ था। पिछले साल प्रदर्शित हुईं उड़ान और पीपली लाइव भी औसत बजट की फिल्में थीं लेकिन इन दोनों ही फिल्मों ने अच्छा व्यवसाय किया।

यूटीवी मोशन पिक्चर्स के सीईओ सिद्धार्थ रॉय कपूर कहते हैं, कम बजट की फिल्मों की सफलता बताती है कि आजकल के दर्शक मनोरंजन के साथ सामग्री की गुणवत्ता भी देखते हैं। यदि आप उनके लिए रोचक ढंग से कोई कहानी पेश करें तो वे बड़े कलाकार न होने पर भी फिल्में देखने आते हैं। साल के पहले चार महीनों में धर्मेद्र और उनके बेटों सन्नी व बॉबी देओल की यमला पगला दीवाना और विशाल भारद्वाज की 7 खून माफ भी प्रदर्शित हुई। यमला पगला दीवाना जहां दर्शकों को गुदगुदाने में कामयाब रही वहीं 7 खून माफ को मिलीजुली प्रतिक्रिया मिली। दूसरी ओर पटियाला हाउस और गेम जैसी बड़े बजट की फिल्में बॉक्सऑफिस पर पिट गईं।

कपूर कहते हैं, आज के दर्शक बड़े बजट की बेकार फिल्मों को देखने की बजाए कम बजट की अच्छी फिल्में देखकर खुश हैं।

छुट्टी के लिये पेशे और इंसानियत से खिलवाड़



केरल: अलेप्‍पी जिले में लापरवाही और स्‍वार्थ के चलते लगभग दो दर्जन महिलाओं के जान से खेलने का अजीबो गरीब मामला सामने आया है। जिले के सरकारी अस्‍पताल में दो गायनकोलॉजिस्‍ट पर आरोप है कि उन्‍होंने छुट्टी लेने के चलते अपने पेशे और इंसानियत को ताख पर रखकर 21 महिलाओं के ऑपरेशन कर डाले।

सूत्रों के मुताबिक इस हफ्ते गुड फ्राइडे और फिर वीक एंड पड़ने के कारण तीन दिन की सरकारी अवकाश मिल जाये इसके लालच में दो लेडी डॉक्‍टरों ने बुधवार को गुरुवार को 21 सिजेरियन केस निपटा दिए। इतना ही नहीं अस्‍पताल में भर्ती महिलाओं ने दावा किया है कि उनके डिलीवरी की डेट अगले हफ्ते की थी और उनका ऑपरेशन पहले कर दिया गया। माकपा यूथ विंग के कार्यकर्ताओं ने इस घटना पर खासा विरोध जताया है। मामले ने जब तुल पकड़ना शुरु कर दिया तो जिला कलेक्‍टर ने 20 सर्जरी की पुष्टि होने के बाद जिला स्‍वास्‍थ्‍य अधिकारी से पूरे मामने की विस्‍तृत रिपोर्ट मांगी है और राज्‍य सरकार ने भी मामले की तह तक जाने के लिये एक विशेष कमेटी का गठन किया है।

अब राज्य सरकार ने इस मसले को गंभीरता से लिया है। केरल के स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री पी के श्रीमाथी ने कहा है कि पिछले कुछ सालों से इस इलाके कई सिजेरियन मामले सामने आए हैं। हमने मामले को गंभीरता से लिया है और सच्चाई का पता लगाने के लिए विशेषज्ञ कमेटी का गठन किया गया है।

पुट्टापर्थी के साई बाबा चिरनिद्रा में लीन


पुट्टापर्थी: आध्‍यात्मिक गुरु श्री सत्‍य साईं बाबा का रविवार की सुबह साढ़े सात बजे अनंतपुर जिले के पुट्टापर्थी में स्थित सुपर स्‍पेशियलिटी हॉस्पिटल में निधन हो गया। उनके निधन की खबर सवा दस बजे मेडिकल बुलेटिन में दी गई। साईं के निधन से उनके करोड़ों भक्‍तों के बीच शोक की लहर दौड़ गई है।

पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे साईं बाबा को 28 मार्च को सांस में तकलीफ के चलते अस्‍पताल में भर्ती कराया गया था। पहले उनके फेंफड़ों में तकलीफ रही और दिन ब दिन उनकी हालत बिगड़ती गई। फिर उनके सभी आंतरिक अंगों ने काम करना बंद कर दिया और रविवार की सुबह 7:40 बजे उन्‍होंने अंतिम सांस ली।

आंध्र प्रदेश के इस छोटे से जिले में सत्‍य साईं के दर्शन करने के लिए भक्‍तों का तांता लग गया है। भक्‍त रो रहे हैं। भक्‍तों का मानना है कि उनके भगवान का निधन हो गया है। सत्‍य यही नहीं सत्‍य साईं के मंदिर में फिर से प्रार्थना शुरू कर दी है।

अनंतपुर जिला प्रशासन का कहना है कि आज दिन भर यहां भक्‍तों का सैलाब उमड़ेगा जिसके लिए यहां सुरक्षा के पुख्‍ता इंतजाम किये गये हैं। हालांकि भक्‍तों को भावनाओं को देखते हुए ट्रस्‍ट ने बाबा के अंतिम दर्शन कराने का निर्णय लिया है। सत्‍य साईं बाबा का पार्थिव शरीर पुट्टापर्थी में स्थित आश्रम में शाम 6 बजे से अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। उन्‍हें यहां अगले दो दिनों तक रखा जाएगा, ताकि उनके भक्‍त अंतिम दर्शन कर सकें।

बाबा का जन्‍म 23 नवंबर 1926 को पुट्टापर्थी में हुआ था। उनका नाम सत्‍यनारायण राजू था। गौरतलब है कि बाबा ने 14 वर्ष की आयु में खुद को शिरडी के साईं बाबा का अवतार घोषित कर दिया था, जिसके बाद लोग उनके भक्‍त बनते गये।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York