
एथेंस : यूनान में बढ़ती महंगाई से जूझ रहे लोगों ने एक अनोखी 'क्रांति' का आग़ाज़ किया है। लोगों ने महंगाई के ख़िलाफ़, 'आइ वोंट पे' के नाम से एक आंदोलन चला रखा है, जो धीरे-धीरे उग्र होता जा रहा है। इस आंदोलन के तहत वहां के लोगों ने सरकारी परिवहन से यात्रा के लिए किराया देना बंद कर दिया है।
यही नहीं, प्रदर्शनकारियों ने हाईवे के टोल बूथ की नाकाबंदी कर दी है। सबवे की टिकट मशीनों को प्लास्टिक बैग से पहले ही ढंक दिया गया है, ताकि यात्री किराए का भुगतान न कर सकें। यही नहीं, डॉक्टर भी इस मुहिम में शामिल हो रहे हैं और मरीजों को सरकारी अस्पतालों में फीस देने से रोक रहे हैं। हालांकि कुछ लोग इस अभियान को असभ्य बता रहे हैं, तो कुछ की राय में ये भावनाओं की अभिव्यक्ति है।
आर्थिक संकट से जूझ रहे यूनान में इस अभियान को लेकर गर्म बहस छिड़ी है। जिसने सरकार पर बढ़ते टैक्स, पेंशन और मजदूरी में कटौती और सार्वजनिक सेवाओं में मूल्य वृद्धि पर लगाम लगाने का दबाव बनाया है। पिछले दिनों कई राजनीतिक घोटालों के सामने आने से भी प्रदर्शनकारियों में काफी गुस्सा व्याप्त है।
पिछले शुक्रवार सैकड़ों की संख्या में श्रमिक समर्थित कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एथेंस के मेट्रो स्टेशन पर टिकट मशीन को पॉलीथीन बैग से ढक दिया। सार्वजनिक यातायात का किराया बढ़ाया जाने का विरोध करने के लिए प्रदर्शनकारी यात्राओं को किराया देने से रोक रहे थे। अब स्थानीय लोग भी उनकी मुहिम में साथ दे रहे हैं।
हजारों की संख्या में सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करते समय लोग टिकट लेना जरूरी नहीं समझ रहे। एक कार्यकर्ता ने कहा कि लोगों ने पहले ही कर के माध्यम से भुगतान कर दिया है। इसलिए उन्हें मुफ्त में यात्रा करनी चाहिए।
No comments:
Post a Comment