
इंग्लैंड की टीम भले ही जीत से शुरुआत करने में सफल रही हो लेकिन उसे इस मैच से काफी सीख लेनी होगी क्योंकि नीदरलैंड के खिलाफ उसके गेंदबाजों ने दिशाहीन गेंदबाजी की जबकि क्षेत्ररक्षक भी उम्मीद पर खरे नहीं उतरे, जिससे विरोधी टीम रेयान टेन डोएशे (119) की अगुआई में छह विकेट पर 292 रन का बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रही।
हाल में ऑस्ट्रेलिया के हाथों एकदिवसीय मैच में 1-6 से शिकस्त झेलने वाले इंग्लैंड की ओर से स्ट्रास ने 88, जोनाथन ट्राट ने 62, केविन पीटरसन ने 39 रन की पारी खेली जिससे टीम ने 293 रन के लक्ष्य को 48.4 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 296 रन बनाकर हासिल कर लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरे इंग्लैंड को स्ट्रास और पीटरसन की सलामी जोड़ी ने सिर्फ 17.4 ओवर में 105 रन जोड़कर तेज शुरुआत दिलाई।
स्ट्रास को इसके बाद ट्राट के रूप में उपयोगी जोड़ीदार मिला और दोनों ने दूसरे विकेट के लिए तेजी से 61 रन जोड़े। बुखारी ने स्ट्रास को टाम कूपर के हाथों कैच कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। इंग्लैंड के कप्तान ने 83 गेंद की अपनी पारी में नौ चौके मारे।
ट्राट ने इसके बाद इयान बेल के साथ तीसरे विकेट के लिए 58 रन जोड़े। नीदरलैंड के शतकवीर डोएशे ने ट्राट को स्टंप कराके इस साझेदारी को तोड़ा। डोएशे ने बेल (33) को भी सीधी गेंद पर बोल्ड किया।
पाल कॉलिंगवुड (नाबाद 30) और रवि बोपारा (नाबाद 30) ने इसके बाद पाँचवें विकेट के लिए 55 रन की अटूट साझेदारी करके टीम को जीत दिला दी। नीदरलैंड की ओर से डोएशे सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 47 रन देकर दो विकेट चटकाए।
इससे पहले आईसीसी के 2010 के 'एसोसिएट क्रिकेटर ऑफ द ईयर' डोएशे ने 110 गेंद में नौ चौकों और तीन छक्कों की मदद से 119 रन बनाए, जिससे हॉलैंड टेस्ट खेलने वाले किसी देश के खिलाफ अपना सर्वाधिक स्कोर खड़ा करने में सफल रहा।
डोएशे ने युवा टॉम कूपर (47)के साथ तीसरे विकेट के लिए 78, टॉम डि ग्रूथ (28) के साथ पांचवें विकेट के लिए 64 और कप्तान पीटर बोरेन (नाबाद 35) के साथ छठे विकेट के लिए 61 रन की उपयोगी साझेदारियाँ की। डोएशे और कूपर ने इसके बाद 78 रन जोड़कर पारी को संभाला। स्वान को छोड़कर इंग्लैंड के अन्य गेंदबाजों को लय हासिल करने में दिक्कत हुई।
कूपर को कॉलिंगवुड ने आउट किया। उन्होंने 73 गेंद की अपनी पारी में तीन चौके मारे। स्वान ने इसके बाद बैस जुइडेरेंट (1) को कॉलिंगवुड के हाथों कैच कराया। डोएशे ने ग्रूथ के साथ मिलकर तेजी से रन जोड़े। ग्रूथ की जगह मैदान पर उतरे कप्तान बोरेन और डोएशे ने सिर्फ 5.2 में 61 रन की साझेदारी करके टीम का स्कोर 300 रन के करीब पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई।
इंग्लैंड की ओर से स्वान ने सबसे किफायती गेंदबाजी की। उन्होंने अपने कोटे के दस ओवर में 35 रन देकर दो विकेट चटकाये। हॉलैंड ने अंतिम 10 ओवर में 104 रन जोड़े।
No comments:
Post a Comment