Monday, July 5, 2010

भारत बंद: हवाई, रेल और सड़क यातायात बाधित

पेट्रोल, डीज़ल एंव रसोई गैस की बढ़ती क़ीमतों के ख़िलाफ़ विपक्ष का भारत बंद काफ़ी हद तक सफ़ल रहा । भारत बंद से हवाई, रेल एंव सडक यातायात प्रभावित हुआ ।

दिल्ली के कई इलाकों में दुकाने बंद रहीं । बंद समर्थक दुकानें और कारोबारी प्रतिष्ठान जबरन बंद कराते देखे गए। दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता राजन भगत ने बताया, "बंद के मद्देनजर पुलिस की 100 कंपनियों को तैनात किया गया है ।"

संयुक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) सत्येंद्र गर्ग ने बताया, "बसों के टायरों की हवा निकालने या फिर उन्हें रोके जाने की इक्का-दुक्का घटनाएं हुई हैं। कुछ जगहों पर जाम लगाया गया था, लेकिन उसे खुलवा दिया गया है ।"

कोलकाता हवाई अड्डे से उड़ानों का संचालन सुबह से प्रभावित रहा। यहां कई जगहों पर वाम दलों के कायकर्ताओं ने रेल सेवाओं को भी बाधित कि या।

महाराष्ट्र के विदर्भ में भी भाजपा और शिवसेना के समर्थकों ने कई रेलगाड़ियां रोकीं। बंद का असर मुंबई में भी देखा गया जहां लोकल ट्रेनों का आवागमन भी बाधित हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि मुंबई से जाने वाली निजी विमानन कंपनियों की 46 उड़ानें रद्द की गईं हैं क्योंकि यात्री हवाई अड्डों पर समय से नहीं पहुंच चुके हैं ।

उत्तर प्रदेश में भी बंद का असर है। राज्य में कई जगहों पर समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं रेलगाडियां रोकीं। सपा कार्यकर्ताओं ने जौनपुर शहर के निकट जौनपुर-इलाहाबाद पैसेंजर रेलगाड़ी को देर तक रोके रखा। वाराणसी रेलवे स्टेशन के निकट बनारस-भटनी पैसेंजर को रोक दिया। इलाहाबाद के पुलिस अधीक्षक (सिटी) एस.एस. बघेल ने बताया कि बंद समर्थकों ने इलाहाबाद में गंगा-गोमती एक्सप्रेस को रोका। इस दौरान कई लोगों को हिरासत में ले लिया गया।

लखनऊ में भाजपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठियां भांजी। पार्टी के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली और उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी सहित कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी। गिरफ्तारी देने के दौरान जेटली ने संवाददाताओं से कहा कि
कांग्रेस की अगुवाई वाली केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों की वजह से हुई महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। जेटली, नकवी, लखनऊ के सांसद लालजी टंडन और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही सहित करीब 50 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को पुलिस गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले गई ।

राज्य विधान सभा के बाहर प्रदशर्न कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर हिंसक झ्झड़पे हुईं। पुलिस ने
प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया, जिसमें करीब 20 से ज्यादा कार्यकर्ता घायल हो गए। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एच.एन.दीक्षित ने संवाददाताओं से कहा भाजपाई शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे थे लेकिन पुलिस ने बर्बर ढंग से लाठीचार्ज किया। करीब 25 कार्यतकर्ता लाठीचार्ज में घायल हुए हैं ।

सपा के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शिवपाल यादव को सैंकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ गिरफ्तार कर लिया गया ।

बंद के मद्देनजर बिहार में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। पटना सहित राज्य के कई क्षेत्रों में बंद समर्थकों ने रेलमार्ग और सड़क जाम कर आवागमन बाधित किया। पटना के राजेंद्रनगर टर्मिनल के पास महिला बंद समर्थकों ने दानापुर-हाबड़ा एक्सप्रेस को घंटों रोके रखा। बाद में पुलिस ने बंद समर्थकों को पटरी से हटाया और फिर यह रेलगाड़ी रवाना हो पाई ।

इसी तरह बांका, सासाराम, बाढ़, गुलजारबाग तथा आरा में भी बंद समर्थक पटरी पर जमा हुए। इससे रेलगाड़ियों के परिचालन पर व्यापक प्रभाव देखा जा रहा है। जहानाबाद, शेखपुरा, भागलपुर तथा मुंगेर में कई स्थानों पर सड़क मार्ग भी बंद समर्थकों द्वारा बाधित किए जाने की खबर है ।

पटना में बंद के कारण सभी निजी विद्यालयों को सोमवार को बंद कर दिया गया है। रेल प्रशासन ने रेलवे पुलिस बल को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। प्रदर्शनकारियों के स्टेशन पर आते ही रेल गाड़ियों का परिचालन बंद करने का निर्देश दिया गया है। पटना रेल पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार सिंह ने कहा कि तोड़फोड़ करने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी ।

: न्यूज़लाइन एजेंसीज़

No comments:

Post a Comment

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York