
श्रीनगर: कश्मीर घाटी में कुछ घंटों के अंतराल के बाद एक बार फिर हिंसा भड़क उठी है। पिछले 24 घंटों में घाटी में चार लोगों की मौत हो चुकी है और पुलिसकर्मियों सहित 70 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घाटी में कर्फ्यू जारी है। हिंसा के दौरान, सुरक्षा बलों ने पथराव करती भीड़ पर गोली चलाई, जिसमें एक व्यक्ति फय्याज अहमद वानी की मौत हो गई। बटमालु में प्रदर्शन के दौरान एक युवक की, गटर में गिरकर हुई मौत के विरोध में जनता सड़कों पर उतरी थी। इसी इलाके में फैंसी नाम की एक 25 वर्षीय युवती की भी गोली लगने से मौत हो गई। प्रदर्शनकारीयों ने यहां पुलिस की एक इमारत में आग लगाने की कोशिश की जिसके बाद पुलिस ने हवा में गोलियां चलाईं। हिंसा के बाद घाटी में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया गया है।श्रीनगर के मेइसुमा में युवकों ने कर्फ्यू का उल्लंघन करते हुए, सुरक्षा बलों पर पथराव किया। इसके बाद, पुलिस ने उनपर फायरिंग कर दी, जिससे 18 साल के युवक अबरार खान की मौत हो गई। श्रीनगर के अलावा बारामुला, पांपोर, और पुलवामा में भी हिंसा हुई, जिसमें 25 लोग घायल हो गए। घायलों में एक पुलिस अधिकारी भी शामिल है। श्रीनगर में भी जगह जगह भीड़ और सुरक्षा बलों के बीच हिंसक झड़प हुईं, जिसमें करीब 45 लोग घायल हुए।
श्रीनगर में विपक्षी दल पीडीपी की नेता महबूबा मुफ्ती ने आरोप लगाया है कि सरकार की गैरजिम्मेदाराना कार्रवाई से जनता भड़क रही है, जिससे माहौल और भी बिगड़ गया है। हुर्रियत काफ्रेंस नेता मीरवाइज उमर फारूख ने हिंसा के विरोध में श्रीनगर में धरना दिया। बाद में समर्थकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि घाटी में आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक कि सुरक्षा बल हटाए नहीं जाते।
No comments:
Post a Comment