Showing posts with label Congress MP. Show all posts
Showing posts with label Congress MP. Show all posts

Monday, February 14, 2011

सुप्रीम कोर्ट के जज पर, सांसद ने लगाया रिश्‍वत का आरोप

नई दिल्‍ली : हमारा देश घोटालों और रिश्वतख़ोरी के मामले में ऊंची से ऊंची उपाधि हासिल कर रहा है। भ्रष्टाचार के नये से नये मामले सामने आते जा रहे हैं। मंत्रियों, नेताओं व अफ़्सरों से लेकर सभी सरकारी दफ़्तर इस भ्रष्टचार के दलदल में डूबे हुए हैं। अब तक इस देश की न्यायपालिका ही इस भ्रष्टाचार के दाग़ से पाक-साफ़ थी। लेकिन कांग्रेस के एक सांसद के आरोपों ने न्यायपालिका को भी दाग़दार बना दिया है।

कांग्रेस सांसद के. सुधाकरन की ओर से सुप्रीम कोर्ट के एक जज पर भ्रष्‍टाचार के आरोप लगाने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। कन्‍नूर लोकसभा सीट से सांसद सुधाकरन ने एक सार्वजनिक सभा में आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट के एक जज ने केरल के बार मालिकों को लाइसेंस जारी रखने के एवज में रिश्‍वत के तौर पर 36 लाख रुपये लिए थे। इन आरोपों के प्रकाश में आने के बाद माकपा ने इस पूरे मामले की गहन जांच की मांग की है।

सुधाकरन ने कोट्टारकारा में एक सभा में कहा था कि 1994 में सुप्रीम कोर्ट के एक जज ने केरल में 21 बार लाइसेंसों पर लगी हाईकोर्ट की पाबंदी हटाने के लिए यह रिश्‍वत ली थी। कांग्रेसी सांसद ने यह भी दावा किया कि राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली स्थित केरला हाउस में हुई इस घटना को वह चुपचाप देखते रहे। हालांकि उन्‍होंने यह कहा कि इन आरोपों को साबित करने के लिए उनके पास कोई सबूत नहीं हैं लेकिन यदि उनसे पूछा गया तो वह अदालत में इस जज का नाम और अन्‍य ब्‍यौरा कबूल करने को तैयार हैं।

कांग्रेसी सांसद के इस आरोप के बाद केरल में सत्‍तारुढ माकपा ने मांग की है कि सुप्रीम कोर्ट को इस मामले का खुद संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज करते हुए जांच करानी चाहिए। पार्टी ने जारी बयान में कहा, ‘कांग्रेस नेता ने गंभीर आरोप लगाए हैं जिससे न्‍यायपालिका संदेह के दायरे में है। रिश्‍वत देने वाले लोगों और इसे कबूल करने वाले सुप्रीम कोर्ट के जज का नाम का खुलासा करना सुधाकरन की नैतिक जिम्‍मेदारी है।’

हमारा देश भ्रष्टाचार के समुन्द्र में डूबता जा रहा है। अब शायद न्यायपालिका से भी लोगों का विश्वास उठने लगेगा। अब तक इस आरोप से अछूती रहने वाली न्यायपालिका को भी इस पैसे की हवस ने कटघरे में खड़ा कर दिया है।

Wednesday, February 9, 2011

प्रिया दत्‍त ने की जिस्‍मफरोशी को कानूनी मान्‍यता देने की मांग

इंदौर : मुंबई से कांग्रेसी सांसद प्रिया दत्त ने शायद एक नई बहस को जन्म दे दिया है। प्रिया दत्त ने जिस्मफरोशी को कानूनी मान्यता देने की मांग की। इस बात की ज़ोरदार वकालत करते हुए कांग्रेस सांसद ने कहा कि यौनकर्मी भी समाज का एक हिस्सा हैं और उनके अधिकारों की कतई अनदेखी नहीं की जा सकती।

प्रिया ने कहा कि जिस्मफरोशी को वैधानिक दर्जा दिया जाना चाहिए, ताकि यौनकर्मियों की आजीविका पर कोई असर नहीं पड़े। उन्होंने कहा कि जिस्मफरोशी को दुनिया का सबसे पुराना पेशा कहा जाता है। यौनकर्मियों की समाज में एक पहचान है। हम उनके हकों की अनदेखी नहीं कर सकते। उन्हें समाज, पुलिस और कई बार मीडिया के शोषण का भी सामना करना पड़ता है।

ग़ौरतलब है कि प्रिया दत्त, उत्तर-मध्य मुंबई की कांग्रेस पार्टी की सांसद हैं। प्रिया, मुंबई के रेड लाइट एरिया की महिलाओं पर रिसर्च कर चुकीं हैं। इस रिसर्च के दौरान हुए अनुभव को लेकर उनहोंने कहा, ‘उन पर काम के दौरान मैंने महसूस किया कि हर महिला की अलग ही कहानी है। यह बहुत पुराना पेशा है, जिसे चाहकर भी नकारा नहीं जा सकता। कुछ रेड लाइट क्षेत्रों में विकास के नाम पर बहुत सारे यौनकर्मियों को बेघर किया जा रहा है।’

उन्होंने कहा कि बंद कमरों की अपनी दुनिया में हम इन महिलाओं को नजरअंदाज करते हैं। साथ ही उन्हें कई तरह के शोषण का शिकार होना पड़ता है। उनकी जिंदगी को बेहतर बनाने के लिए कानूनी मान्यता देना जरूरी है। अब ये तो वक़्त ही बताएगा कि कांग्रेसी सांसद द्वारा की गई ये मांग विपक्ष की बहस का मुद्दा बनती है या फिर केंद्रीय सरकार इस ओर कोई क़दम उठाकर जिस्मफरोशी को क़ानूनी मान्यता देकर यौनकर्मियों की ज़िंदगी में सुधार लाती है।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York