Showing posts with label 09-02-2011. Show all posts
Showing posts with label 09-02-2011. Show all posts

Wednesday, February 9, 2011

सबरीमाला हादसों के पीड़ितों को मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग


तिरुवनंतपुरम : केरल विधानसभा में विपक्ष ने सरकार से तुरंत कार्यवाही की मांग करते हुए कहा कि सरकार अब तक, हाल में हुए सबरीमाला मंदिर हादसे के पीड़ितों को मुआवज़ा नहीं दे पाई है। सबरीमाला हादसे के अलावा भी पुराने हादसों के मामले में भी पीड़ितों को अभी तक मुआवजा प्रदान नहीं किया गया है। कांग्रेस विधायक टी. राधाकृष्णन ने सबरीमाला दुर्घटना मामले में चर्चा के लिए स्थगन प्रस्ताव की मांग की।

गौरतलब है कि गत 14 जनवरी को सबरीमाला मंदिर के समीप पुलुमेंदू में दर्शन के दौरान भीड़ के बीच भगदड़ मच गई थी। इस हादसे में 103 लोग मारे गए थे। राधाकृष्णन ने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि केरल राज्य में तीन हादसों वर्ष 1999 की दुर्घटना में मारे गए 53 लोगों, वर्ष 2002 में कन्नामलाई हादसे में मारे गए 12 लोगों और हाल में हुई दुर्घटना में मरने वाले लोगों के लिए मुआवजे की सरकारी घोषणा केवल कोरी कल्पना ही साबित हुई है।

विधायक ने कहा कि वर्ष 2009 में हुई दुर्घटना में मारे गए लोगों के लिए मुआवज़े के तौर पर एक लाख रुपये की राशि घोषित की गई थी। जिसका अभी तक भुगतान नहीं हो पाया है। ठीक इसी तरह, पुलुमंदू हादसे में घोषित किये गये पांच लाख रुपये अभी तक पीड़ितों को नहीं मिल पाए है।

राधाकृष्णन के सवालों के जवाब में देवासम मंत्री कडनपल्ली ने बताया कि वर्ष 2009 के हादसे में तकनीकी कारणों के चलते मुआवजे का भुगतान नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2009 में हुई दुर्घटना में देवासम ने मुआवजे की घोषणा की थी, लेकिन इसका भुगतान नहीं हो पाया क्योंकि हाईकोर्ट ने बोर्ड के सभी भुगतानों की मंजूरी अदालत द्वारा दिए जाने का आदेश दिया है। हालांकि हमने पीड़ितों के परिजनों को 25,000 रुपये की मदद मुहैया कराई है।

दिल्ली में स्थापित होगा ’करगिल हाउस’


जम्मू : जम्मू कश्मीर सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में करगिल हाउस का निर्माण करने की योजना बनाई है। राज्य सरकार का मानना है कि करगिल हाउस बनने से राष्ट्रीय राजधानी आने वाले करगिल के लोगों को अस्थाई रूप से रहने की सुविधा मुहैया कराई जा सकेगी।

जम्मू कश्मीर के उपभोक्ता एवं परिवहन मामलों के मंत्री कमर अली अखून ने बताया कि करगिल हाउस के निर्माण के लिए नई दिल्ली के द्वारका में भूमि अधिग्रहित की गई है। अखून ने जानकारी दी कि करगिल हाउस को चार मंजिला बनाया जाएगा जो राष्ट्रीय राजधानी में करगिल हज यात्रियों और आम लोगों के रहने की सुविधा के उद्देश्य से तैयार किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस काम को दो साल में पूरा करने की योजना है। इसके लिए पर्याप्त कोष की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जमीन की कीमत के रूप में दिल्ली विकास प्राधिकरण को 15 लाख रुपए की राशि जारी करने के निर्देश दे दिये हैं।

आरुषि हत्याकांड: कोर्ट ने माता-पिता को आरोपी क़रार दिया


गाजियाबाद : देश भर में चर्चा का विषय बने आरुषि हत्याकांड में आख़िरकार अदालत ने अपना अंतिम निर्णय सुना ही दिया। इस मामले में अदालत ने आरुषि के माता-पिता राजेश तलवार और नुपुर तलवार को ही दोषी क़रार दिया है। गाजियाबाद में सीबीआई की विशेष अदालत ने सीबीआई द्वारा पेश की गई क्‍लोजर रिपोर्ट को खारिज करते हुए तलवार दंपति पर हत्‍या का मुकदमा चलाने को कहा। आरुषि के पिता राजेश तलवार ने सीबीआई की क्‍लोजर रिपोर्ट के खिलाफ अदालत में अपील दायर की थी। इसी अपील पर सुनवाई करते हुए अदालत ने यह फैसला सुनाया।

हत्या के अलावा अदालत ने तलवार दंपति को हत्या के सबूत नष्ट करने और आपराधिक साजिश का भी आरोपी माना है। दोनों को आईपीसी की धारा 302 (हत्‍या), 201 (सुबूत नष्‍ट करने) और १२०बी (अपराधिक साज़िश रचने) के तहत अभियुक्‍त बनाया गया है। कोर्ट ने राजेश तलवार और नुपुर तलवार को समन जारी करते हुए उन्हें 28 फरवरी को अदालत में पेश होने का आदेश दिया है।
ग़ौरतलब है कि सीबीआई ने कोर्ट में अपनी क्लोज़र रिपोर्ट पेश की थी। रिपोर्ट में सीबीआई ने ठोस सबूत ना मिल पाने के कारण कोर्ट से ’आरूषि हत्याकांड़ मामला’ बंद करने की अपील की थी। हालांकि अपनी क्लोज़र रिपोर्ट में सीबीआई ने तलवार दंपति को शक़ के घेरे में खड़ा करते हुए कहा था कि हत्‍या के वक्‍त घर पर तलवार दंपती के अलावा कोई नहीं था। इसलिए उनके अलावा किसी पर शक नहीं जाता है।
दूसरी ओर, तलवार के वकील का कहना है कि सीबीआई द्वारा की गई जांच में कई खामियां हैं। आज के अदालती आदेश पर तलवार की दूसरी वकील रेबेका जॉन ने कहा कि वह इस आदेश के खिलाफ ऊंची अदालत में अपील करेंगी। उन्‍होंने मीडिया को निशाना बनाते हुए कहा, 'आपने माहौल बना दिया और उसी के चलते यह हुआ है। देश में कानून का राज है। अदालत के फैसले को चुनौती देने का विकल्‍प खुला है।'

2जी स्पेक्ट्रम घोटाला: शाहिद बलवा 2 दिन के ट्रांज़िट रिमांड पर


मुंबई : सीबीआई द्वारा बुधवार को 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले में गिरफ्तार किये गये स्वान टेलीकॉम के मालिक शाहिद बलवा को मुंबई की एक अदालत ने 2 दिनों के ट्रांजिट रिमांड पर सीबीआई के हवाले कर दिया। बलवा को सीबीआई ने मंगलवार की रात को गिरफ्तार कर उन्हें बुधवार की सुबह अदालत में पेश किया और अब उन्हे आगे की पूछताछ के लिए दिल्ली ले जाया जाएगा।

सीबीआई ने अपने रिमांड आवेदन में बताया है कि बलवा की कंपनी को 2जी स्पेक्ट्रम के आवंटन में कथित तौर पर फायदा पहुंचाया गया। इस कारण राजकोष को 22 हजार करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचा है। ग़ौरतलब है कि शाहिद बलवा 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन में गिरफ्तार होने वाले चौथे व्यक्ति हैं। पूर्व दूरसंचार मंत्री ए. राजा और उनके दो सहयोगियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

कर्नाटक: देश के सबसे बड़े एयर शो ’एयरो इंड़िया’ का शुभारंभ


बेंगलुरू : भारत की आईटी राजधानी में भारतीय वायु सेना के विमानों और हेलीकाप्टरों की शानदार कलाबाजियों के साथ ’एयरो इंडिया 2011’ का शुभारंभ हुआ। ग़ौरतलब है कि ’एयरो इंडिया 2011’ देश में अब तक का सबसे बड़ा एयर शो है।

इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा मंत्री एके एंटनी ने शहर के बाहरी इलाके में स्थित येलाहांका वायु सेना केंद्र में आठवें द्विवार्षिक एयरोस्पेस एंड एविएशन ट्रेड एक्सपो का उद्घाटन किया। इस दौरान 40 विदेशी शिष्टमंडल, गणमान्य हस्तियां, अधिकारी और वैश्विक एयरोस्पेस कारोबार से सम्बंधित लोग मौजूद रहे।

पांच दिनों तक चलने वाला ये कार्यक्रम रक्षा मंत्रालय द्वारा भारतीय उद्योग परिसंघ [सीआईआई] के सहयोग से आयोजित किया गया है। यह कार्यक्रम दक्षिण एशिया में अब तक का सबसे बड़ा आयोजन है। इसमें 29 देशों के 380 प्रदर्शनकर्ताओं सहित कुल 675 प्रदर्शनकर्ता अपनी आधुनिक एयरोस्पेस प्रौद्योगिकियों और उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे है।

बिहार: आठवीं तक के सभी स्कूल हुए आनलाइन


पटना : बिहार की बागड़ोर नितीश कुमार के हाथों में आ जाने से प्रदेश तरक़्की की राह पर गामज़न है। एक वक़्त ऐसा भी था जब बिहार प्रदेश को तरक़्की के मामले में बिल्कुल शून्य माना जाता था। लेकिन नितीश कुमार ने सत्ता में आते ही बिहार की तस्वीर बदल दी। अब बिहार के नाम के साथ नई उप्लब्धि जुड गई है। बिहार अब देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है, जहां पहली से लेकर आठवीं वर्ग तक के करीब सभी 70,000 विद्यालयों को आनलाइन कर दिया गया है। अब लोगों को एक क्लिक के साथ ही इन विद्यालयों की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त हो जाएगी।

'डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डाट स्कूल रिपोर्ट का‌र्ड्स डाट इन' के पते की ये वेबसाइट इन विद्यालयों से संबंधित छोटी से छोटी और बड़ी से बड़ी जानकारी उप्लब्ध कराएगी। इन जानकारियों में विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या, शिक्षकों की संख्या, शिक्षा की स्थिति, फोन नंबर, भवन की स्थिति सहित सभी जानकारियां उपलब्ध कराई गई है। जिला शिक्षा सूचना व्यवस्था [डीआईएसई] नामक योजना के लिए केंद्रीय मानव संसाधन विभाग और यूनिसेफ इसके लिए मदद कर रहा है। सूत्रों के अनुसार देश में अब तक 13 लाख से ज्यादा विद्यालयों ने अपने रिपोर्ट कार्ड बना लिए है।

शिक्षा विभाग के सूत्रों के मुताबिक इस योजना के तहत राज्य के सभी प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों को रखा गया है। राज्य के शिक्षा विभाग के एक अधिकारी की मानें तो बिहार में इस योजना की गति काफी तेज है। उन्होंने बताया कि सभी विद्यालयों के प्राचार्यो ने विद्यालय की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्रखंड शिक्षा अधिकारी को दी। वहां से जिला शिक्षा अधीक्षक के माध्यम से यह सचिवालय तक पहुंचा जहां इसे डाटा का रूप में परिवर्तित कर दिया गया। इस कारण इस रिपोर्ट कार्ड में उपलब्ध कराई गई जानकारी में गलती की संभावना नहीं के बराबर है।

राज्य शिक्षा विभाग के अधीन काम करने वाली बिहार शिक्षा परियोजना परिषद ने मुख्य रूप से इस कार्य को किया है। परिषद के विशेष परियोजना निदेशक राजेश भूषण ने बताया कि इस रिपोर्ट कार्ड में शिक्षा के 46 मानदंडों से संबंधित प्रश्नों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

उन्होंने बताया कि इन सभी रिपोर्ट कार्डो की जानकारियों को वर्ष में एक बार अपडेट किया जाएगा जिससे स्थिति और स्पष्ट नजर आएगी। इन रिपोर्ट कार्डो में मध्याह्न भोजन योजना से लेकर मुख्यमंत्री पोशाक [ड्रेस] योजना के साथ-साथ विद्यार्थियों और शिक्षकों के अनुपात और विद्यालय के भवनों की स्थिति और कमरे की संख्या तक का उल्लेख किया गया है।

प्रिया दत्‍त ने की जिस्‍मफरोशी को कानूनी मान्‍यता देने की मांग

इंदौर : मुंबई से कांग्रेसी सांसद प्रिया दत्त ने शायद एक नई बहस को जन्म दे दिया है। प्रिया दत्त ने जिस्मफरोशी को कानूनी मान्यता देने की मांग की। इस बात की ज़ोरदार वकालत करते हुए कांग्रेस सांसद ने कहा कि यौनकर्मी भी समाज का एक हिस्सा हैं और उनके अधिकारों की कतई अनदेखी नहीं की जा सकती।

प्रिया ने कहा कि जिस्मफरोशी को वैधानिक दर्जा दिया जाना चाहिए, ताकि यौनकर्मियों की आजीविका पर कोई असर नहीं पड़े। उन्होंने कहा कि जिस्मफरोशी को दुनिया का सबसे पुराना पेशा कहा जाता है। यौनकर्मियों की समाज में एक पहचान है। हम उनके हकों की अनदेखी नहीं कर सकते। उन्हें समाज, पुलिस और कई बार मीडिया के शोषण का भी सामना करना पड़ता है।

ग़ौरतलब है कि प्रिया दत्त, उत्तर-मध्य मुंबई की कांग्रेस पार्टी की सांसद हैं। प्रिया, मुंबई के रेड लाइट एरिया की महिलाओं पर रिसर्च कर चुकीं हैं। इस रिसर्च के दौरान हुए अनुभव को लेकर उनहोंने कहा, ‘उन पर काम के दौरान मैंने महसूस किया कि हर महिला की अलग ही कहानी है। यह बहुत पुराना पेशा है, जिसे चाहकर भी नकारा नहीं जा सकता। कुछ रेड लाइट क्षेत्रों में विकास के नाम पर बहुत सारे यौनकर्मियों को बेघर किया जा रहा है।’

उन्होंने कहा कि बंद कमरों की अपनी दुनिया में हम इन महिलाओं को नजरअंदाज करते हैं। साथ ही उन्हें कई तरह के शोषण का शिकार होना पड़ता है। उनकी जिंदगी को बेहतर बनाने के लिए कानूनी मान्यता देना जरूरी है। अब ये तो वक़्त ही बताएगा कि कांग्रेसी सांसद द्वारा की गई ये मांग विपक्ष की बहस का मुद्दा बनती है या फिर केंद्रीय सरकार इस ओर कोई क़दम उठाकर जिस्मफरोशी को क़ानूनी मान्यता देकर यौनकर्मियों की ज़िंदगी में सुधार लाती है।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York