
लोबथांग: अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री दोरजी खांडू का हवाई दुर्घटना में निधन हो गया। उनका शव आज सुबह लोबथांग इलाके से मिला। दोरजी खांडू का विमान शनिवार को लापता हुआ था। हेलिकॉप्टर में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई है और सभी शव बरामद किए जा चुके है। हालांकि सरकार ने इस खबर की पुष्टी नहीं की है।
केंद्रीय गृहमंत्री पी. चिदंबरम ने कहा कि पुख्ता तौर पर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा कि सेना की टीम सेला रवाना हो चुकी है और कुछ ही देर में घटनास्थल तक पहुंच जाएंगी।
पवन हंस कम्पनी के इस हेलिकॉप्टर ने शनिवार सुबह 9.50 बजे तवांग से उड़ान भरी थी। हेलिकॉप्टर के पायलट से आखिरी सम्पर्क 10.15 बजे हुआ था। उस समय हेलिकॉप्टर चीन सीमा के निकट सेला दर्रा इलाके में 13,700 फुट की ऊंचाई पर था। हेलिकॉप्टर को शनिवार 11.30 बजे राजधानी में उतरना था। लोबथांग तवांग के उत्तर पूर्व में स्थित है।
खांडू के अलावा हेलिकॉप्टर में दो पायलट, कैप्टन जेएस बब्बर, कैप्टन टीएस मामिक, खांडू के सुरक्षा अधिकारी येशी चोड्डक तथा तवांग के विधायक सेवांग धोंडुप की बहन येशी ल्हामू भी सवार थे।
गौरतलब है कि पिछले पांच दिनों से खांडू के हेलिकॉप्टर की तलाश जारी थी। सेना, एसएसबी, आईटीबीपी, एनडीआरएफ तथा राज्य पुलिस के करीब 3000 जवान और स्थानीय नागरिक भूटान के पुटूजिजी इलाके सहित पांच स्थानों पर खांडू के हेलीकॉप्टर की तलाश कर रहे थे।

No comments:
Post a Comment