
बेंगलुरु : भारतीय क्रिकेट प्रेमियों पर वर्ल्ड कप का इतना बुख़ार चढ़ा हुआ है कि पुलिस के लाठी-डंडे भी इनके जोश में कोई कमी नहीं ला सकते। बेंगलुरु में भारत-इंग्लैंड के बीच 27 फरवरी को खेले जाने वाले क्रिकेट मैच के टिकट ख़रीदने गए लोगों को पुलिस की लाठियों से पिटना पडा। मैच के टिकटों को ब्लैक में बेचे जाने से नाराज लोगों ने आज स्टेडियम के बाहर जमकर हंगामा किया।
कुछ लोगों ने कर्नाटक क्रिकेट बोर्ड के अधिकारियों को ब्लैक में टिकट बेचते पकड़ लिया और जमकर बवाल काटा। दूसरी ओर हंगामा कर रहे लोगों को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठियां बरसानी पड़ी।
हंगामा कर रहे लोगों ने बताया कि वो मैच देखने के लिए टिकट खरीदने आए हैं। बीती रात से टिकट खरीदने के लिए लम्बी कतारों में खड़े थे, लेकिन बोर्ड के अधिकारी टिकट की कालाबाजारी कर रहे थे। जिसके बाद लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। पुलिस के मुताबिक सुबह होते ही लोग की तादाद और बढ़ गई। हंगामा करते लोगों को काबू करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करनी पड़ी।
गौरतलब है कि चिन्नास्वामी स्टेडियम में 27 फरवरी को भारत-इंग्लैंड का मैच खेला जाना है। इस स्टेडियम में करीब 60 हजार दर्शकों की बैठक की क्षमता है। पहले ये मैच कोलकाता में होना था, लेकिन स्टेडियम तैयार नहीं होने की वजह से बेंगलुरु स्थानांतरित करना पड़ा।
