Showing posts with label 10-04-2011. Show all posts
Showing posts with label 10-04-2011. Show all posts

Sunday, April 10, 2011

फ़्रांस में बुर्के पर बैन का विरोध, कई गिरफ़्तार


पेरिस : फ्रांस की राजधानी पेरिस में बुर्के पर प्रतिबंध के बाद विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। शनिवार को मुस्लिम परिधान बुर्के पर लगे प्रतिबंध के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे 59 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में से 20 लोग प्लेस दे ला नेशन में पूरा बुर्का पहन कर प्रदर्शन करने पंहुच गए थे, इस प्रदर्शन को मंजूरी नहीं दी गई थी।

गिरफ्तार व्यक्तियों में एक ब्रिटेन एवं एक बेल्जियम से आना वाला व्यक्ति भी शामिल है। उल्लेखनीय है कि इस सोमवार से फ्रांस में बुर्के को प्रतिबंधित करने वाला कानून प्रभावी हो जाएगा। इसके तहत देश के सभी सार्वजनिक स्थानों पर बुर्का पहनना वर्जित है और इस कानून की अवमानना किए जाने पर 150 यूरो का दंड भी मुकर्रर किया गया है। फ़्रांस में ज़्यादातर रोमन कैथोलिक हैं। देश के 50 लाख नागरिक इस्लाम धर्म में आस्था रखते हैं।

मध्य प्रदेश : पूर्व बीजेपी विधायक ने खुदकुशी की


दतिया : मध्य प्रदेश के दतिया जिले में बीजेपी के पूर्व विधायक शंभू तिवारी ने शनिवार रात खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ग्वालियर क्षेत्र के डीआईजी डी. पी. गुप्ता ने रविवार को बताया कि पूर्व विधायक तिवारी ने शनिवार रात दतिया के कोतवाली थाना क्षेत्र में अपने आवास पर खुद को गोली मार ली जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

बताया गया है कि तिवारी के बेटे चंदन तिवारी की लगभग चार साल पहले हत्या कर दी गई थी। पूर्व विधायक तभी से तनाव में थे। तिवारी 1990 में बीजेपी के टिकट पर दतिया से विधायक निर्वाचित हुए थे। इस घटना के बाद कई नेता उनके आवास पर पहुंचे।

मलबे में मिल रहे है नगदी और जेवरात



जापान में सुनामी के कारण बड़े बड़े शहर मलबे में तब्दील हो गए हैं जिसके चलते जापान में अभी तक बचाव का कार्य जारी है। इस बचाव कार्य में अब तक करोड़ो रुपए नगदी और जेवरात मिल चुके हैं।

अब तक की इस सबसे बड़ी प्राकृतिक आपदा के बाद जापान के लोगों को बचाने आए बचाव दल के सदस्यों और दूसरे लोगों को मलबे में करोड़ो रुपए नगदी और जेवरात मिल रहे हैं लेकिन जापानी ईमानदारी के नाम से पूरी दुनिया में मशहूर ये लोग इन पैसों को सरकारी खजानों में जमा करवा रहे हैं।

सुनामी में इवाते और मियागी परफेक्चर्स शहरों में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ हैं। यहां के एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक मलबा हटाने में लगे लोगों को यहां रोज टनो नोटो के ढेर मिल रहे हैं लेकिन इस दौलत में से अभी तक केवल दस फीसदी लोगों को ही उनके पैसे मिले हैं। वहां के स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अगर इन पैसों का कोई वारिस नहीं मिलता तो इसे सरकार अपने अधिकार में ले सकती है जिसका इस्तेमाल वहां दोबारा विकास के कार्यों के लिए किया जाएगा।

संयुक्त समिति में कोई वंशवाद नही : अन्ना


नई दिल्ली : संयुक्त समिति में शामिल सदस्यों के बारे में बाबा रामदेव की आपत्ति पर अन्ना हजारे ने कहा है कि देशहित के लिए बाबा ऐसे सवाल न उठाएं। उन्होंने कहा कि समिति में कोई भाई-भतीजावाद नहीं है। अन्ना ने कहा, मैं बाबा रामदेव से मिलूंगा और उनसे आग्रह करूंगा कि वे देशहित के लिए ऐसे सवाल न उठाएं। शांति भूषण और प्रशांत भूषण दोनों अनुभवी हैं और समिति को उनकी जरूरत है। गौरतलब है कि
योग गुरु बाबा रामदेव ने मसौदा तैयार करने वाली संयुक्त समिति में पिता-पुत्र शांति भूषण और प्रशांत भूषण को शामिल किए जाने का विरोध किया है।

पूर्व आईपीएस किरण बेदी के दिल्ली स्थित आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में अन्ना हज़ारे ने कहा कि उन्हें जनता के इतने समर्थन की उम्मीद नहीं थी। अन्ना हजारे ने कहा, कि अब लोग भ्रष्टाचार से ऊब चुके हैं, इसलिए उन्होंने इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। गौरतलब है कि योग गुरु बाबा रामदेव ने मसौदा तैयार करने वाली संयुक्त समिति में पिता-पुत्र शांति भूषण और प्रशांत भूषण को शामिल किए जाने का विरोध किया है। उन्होंने सवाल खड़ा किया है कि समिति में भाई - भतीजावाद क्यों है और इसमें पिता-पुत्र को क्यों शामिल किया गया है।

अन्ना हजारे 5 अप्रैल से जन लोकपाल बिल की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे थे। शुक्रवार की रात तीन दौर की बातचीत के बाद अन्ना समर्थकों और सरकार के बीच समझौता हो गया था। जिसके बाद अन्ना हजारे ने अपना अनशन तोड़ दिया था।

उधर, जन लोकपाल बिल की ड्राफ्टिंग कमेटी के सह-अध्यक्ष पूर्व कानून मंत्री शांति भूषण ने कहा है कि ड्राफ्टिंग कमेटी में योग नहीं होगा। कमेटी में कानून की समझ रखने वाले लोगों की जरूरत है न कि योग करने और कराने वालों की।

गोलमा ने लौटाई सरकारी गाड़ी, इस्तीफ़ा देंगी


जयपुर : दो दिन से अपनी ही सरकार के खिलाफ धरने पर बैठी राजस्थान की खादी राज्य मंत्री गोलमा देवी ने शनिवार को सरकारी गाड़ी लौटा दी। गोलमा देवी खुद सरकारी गाड़ी लौटाने के लिए मोटर गैराज मंत्री भरोसीलाल जाटव के सरकारी आवास पर पहुंची और उनको गाड़ी लौटाने का पत्र सौंपा और गाड़ी उनके आवास पर खड़ी कर दी। गौरतलब है कि मीडिया में सरकारी गाड़ी और बंगले की बात आने के बाद गोलमा देवी ने सरकारी गाड़ी लौटाई है।

गोलमा ने गुरुवार रात किरोड़ीलाल मीणा के साथ धरने पर बैठने के दौरान कहा कि सरकार के मंत्री और अफसर भ्रष्ट हैं, मुख्यमंत्री को ऐसे मंत्रियों और अफसरों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। गोलमा के इस वक्तव्य के बाद किरोड़ीलाल मीणा और गोलमा देवी के विरोधियों में तीखी प्रतिक्रिया हुई। वहीं लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रहे लक्ष्मण मीणा ने कहा है कि गोलमा और किरोड़ी को अगर महसूस होता है कि सरकार में भ्रष्टाचार है तो पद छोड़ देना चाहिए। इस्तीफा दे दिया है तो गाड़ी-बंगले का उपयोग क्यों कर रहे हैं और सरकार की खिलाफत क्यों की जा रही है। फ़िलहाल इस मसले पर मुख्यमंत्री की ओर से कोई भी टिप्पणी नहीं आई है।

-

आईआईटी-जेईई की परीक्षा आज


आज (रविवार) को देश भर में प्रतिष्ठित आईआईटी की परीक्षा आयोजित की जा रही है। 4.85 लाख छात्र यह परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षा में पिछले साल के मुकाबले इस साल 30 हजार अधिक छात्र अपनी किस्मत आजमाएंगे। इस बार की परीक्षा का संचालन आईआईटी कानपुर कर रहा है। परिणामों की घोषणा के बाद उत्तर पुस्तिका की स्कैन्ड प्रतियां जेईई की वेबसाइट पर भी डाली जाएंगी। इससे परीक्षा में पारदर्शिता आएगी और छात्र अपनी कमजोरियों को भी जान पाएंगे।

आईआईटी की परीक्षा के लिये 131 शहरों में 1051 सेंटर बनाये गये हैं। प्रवेश परीक्षा में उत्तीर्ण छात्र देश की 15 आईआईटी, आईटी बीएचयू वाराणसी और आईएसएम धनबाद में एडमिशन ले सकेंगे । २५ मई को प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित किया जायेगा, जो आईआईटी की वेबसाईट पर भी उपलब्ध होगा। इस साल की परीक्षा में 7 प्रतिशत छात्रों की बढ़ोत्तरी हुई है। आईआईटी में 500 सीटें बढ़ीं हैं जबकि आरक्षित सीटों में 263 का इजाफा किया गया है।

आईआईटी में सामान्य वर्ग के लिये 4750, एससी उम्मीदवारों के लिये 1500 , एसटी के लिये 750 , ओबीसी की 2700 जबकि विकलांग वर्ग के लिये 300 सीटें है।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York