Tuesday, March 8, 2011

हसन अली मामले में कल होगी सुनवाई


मुंबई : काला धन मामले में कार्रवाई की पहली कड़ी साबित हुए हसन अली के ख़िलाफ़ चलने वाले मामले की सुनवाई कल तक के लिए स्थगित कर दी गई है। काला धन और टैक्स चोरी के आरोप में गिरफ्तार हसन अली खान को मंगलवार को मुंबई की एक अदालत में पेश किया गया। अदालत ने हसन अली को एक दिन के लिए प्रवर्तन निदेशालय की हिरासत में भेज दिया है।

धन शोधन और कर चोरी के आरोपी हसन अली खान को गिरफ्तारी के बाद मंगलवार को नियमित चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि 53 वर्षीय खान को सुबह लगभग सात बजे नियमित जाच के लिए जेजे अस्पताल ले जाया गया। खान को बुधवार को दिन में अदालत में पेश किया जाएगा।

प्रवर्तन निदेशालय के कई अधिकारियों ने सोमवार को मुंबई से पुणे जाकर काले धन से जुड़े मामले में खान के परिसरों पर छापे मारे थे। खान को इसके बाद मुंबई लाया गया। निदेशालय के अधिकारियों ने सोमवार देर रात तक उससे पूछताछ की। खान को आधी रात के बाद से नजरबंदी में रखा गया है। पुणे के इस व्यापारी को धन शोधन निरोधक अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत आरोपी बनाया गया है।

जेजे अस्पताल में खान की ईसीजी और खून की जांच समेत कई परीक्षण किए गए। अस्पताल के डीन डा. सीटी लहाने के मुताबिक़, खान के चिकित्सा परीक्षणों में उसका स्वास्थ्य सामान्य होना बताया गया है। चिकित्सकों ने परीक्षणों के बाद जाचकर्ताओं को खान को वापस ले जाने की सलाह दी।

अस्पताल के डीन लहाने ने बताया कि मरीज के हृदय और गुर्दे संबंधित परीक्षण किए गए। पेट में दर्द की शिकायत के बाद उसके सर्जिकल परीक्षण भी किए गए, जिसके बाद पता चला कि उसका स्वास्थ्य सामान्य है। लहाने ने बताया कि खान के परीक्षण लगभग चार घटे चले। इसके बाद पता चला कि उसका रक्तचाप और ईसीजी सामान्य है।

सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद जागी सरकार को तेज़ी से इस काला धन मामले में कार्रवाई के लिये तेज़ी से क़दम उठाने होंगे। क्योंकि अभी भी ना जाने कितने ’हसन अली’ सरकार की पकड़ से बाहर हैं, जिन्होंने अपना काला धन विदेशी बैंकों में जमा कर भारत को दुनिया के क़र्ज़दारों की सूची में ५वें पायदान पर ला खड़ा किया है।

No comments:

Post a Comment

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York