
पलवल : राष्ट्रीय राजमार्ग पर होडल स्थित डबचिक पर्यटन स्थल के सामने ढाबे पर कुछ दबंग बदमाश, एक ख़तरनाक घटना को अंजाम देकत फ़रार हो गये। दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए पांच बदमाश हरियाणा पुलिस के दारोगा को गोली मारकर बच्चू डकैत को पुलिस की गिरफ़्त से छुड़ा ले गए। बदमाश अपने साथ दारोगा की पिस्टल, कारतूस व एक सिपाही की कारबाइन भी लूट ले गए। गोली लगने से घायल दारोगा की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। दो अन्य पुलिसकर्मियों को भी गंभीर चोटें आई हैं। पुलिसकर्मी उसे कोर्ट में पेशी के लिए मथुरा ले जा रहे थे।
मथुरा के कोसीकलां थाना अंतर्गत गांव खर्रोट निवासी बच्चू सिंह पर हरियाणा व उत्तर प्रदेश के कई थानों में लूट, डकैती, हत्या व हत्या के प्रयास के करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पिछले दिनों बच्चू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। बच्चू गुड़गांव के भोंडसी जेल में बंद था। सोमवार को पलवल कोर्ट गारद में तैनात दारोगा ओमप्रकाश, सिपाही रामप्रसाद व अमित कुमार बच्चू को हरियाणा रोडवेज की बस से मथुरा की अदालत में पेशी के लिए ले जा रहे थे।
उत्तर प्रदेश के गोवर्द्धन थाने में हत्या के प्रयास के मुकदमे में बच्चू डकैत को पेश होना था। इस दौरान बस होडल में डबचिक पर्यटन स्थल के सामने पर्यटन विभाग के फास्ट फूड काउंटर पर रुकी। पुलिस कर्मी बच्चू को लेकर बस से नीचे उतर गए। अन्य यात्री ढाबे पर चाय नाश्ता करने लगे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच बदमाशों ने वहां पहुंचते ही पुलिस कर्मियों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। दारोगा ओमप्रकाश ने अपनी पिस्टल से जवाबी फायरिंग करने का प्रयास किया तो बदमाशों ने उसे गोली मार दी। उसके पेट व छाती में दो गोलियां लगीं। सिपाही अमित कुमार के भी सिर में गहरी चोट आई। वहीं, दूसरा सिपाही राम प्रसाद भी घायल है।
साथ ही बदमाशों ने ओमप्रकाश की पिस्तौल व 20 जिंदा कारतूस लूट ली। इसके बाद उन लोगों ने सिपाही अमित कुमार से कारबाइन लूट ली तथा मोटरसाइकिल पर सवार होकर बच्चू डकैत को अपने साथ लेकर चले गए। सूचना मिलते ही एसपी अनिल धवन अतिरिक्त पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंच गए।
ओमप्रकाश व घायल सिपाहियों को फरीदाबाद के निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने दारोगा ओमप्रकाश को मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में डीएसपी नरेंद्र कादियान ने बताया कि पुलिस ने चारों तरफ नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस की कई टीमें उत्तर प्रदेश व हरियाणा के गांवों में दबिश दे रही हैं।
No comments:
Post a Comment