Showing posts with label 18-01-2011. Show all posts
Showing posts with label 18-01-2011. Show all posts

Tuesday, January 18, 2011

चीन ने किया वर्ल्ड बैंक को भी पीछे...




पिछले कुछ समय से चीन ने काफी तेजी से आर्थिक तरक्की की है। इतना ही नहीं अब कर्ज देने के मामले में चीन ने वर्ल्ड बैंक को भी पछाड़ कर एक नई पहचान बनाई है।

खबर के मुताबिक चीन के विकास बैंक और आयात-निर्यात बैंक ने पिछले दो सालों में अलग अलग सरकारों और निजी कंपनियों को 110 अरब डॉलर का कर्ज दिया है। यह विश्व बैंक के ऋण वादों से 10 फीसदी ज्यादा है। विश्व बैंक ने वित्तीय संकट के दौरान वर्ष 2008 से 2010 के बीच सौ अरब डॉलर के ऋण मंजूर किए हैं। इसी दौरान चीन ने वेनेजुएला, रूस और ब्राजील को तेल सौदों के लिए भारी कर्ज दिया जो चीन की लगातार बढ़ती आर्थिक का सबसे बड़ा सबूत है।

इन कर्जों के जरिए चीन विकासशील देशों के साथ अपने संबंध मजबूत करने की कोशिश कर रहा है। साथ ही चीन पश्चिम देशों को निर्यात पर भी अपनी निर्भरता कम करता नजर आ रहा है।

जल्द खुलेगा स्विस-बैंक में जमा ’काले धन’ का राज़

लंदन:अहम गोपनीय दस्‍तावेज लीक कर अमेरिका की नाम में दम करने वाली वेबसाइट ’विकीलीक्स’ को स्विस बैंक में काम कर चुके और गोपनीय खातों के रहस्यों से वाकिफ एक अधिकारी ’रूडोल्फ एल्मर’ ने दो हजार बैंक खातों का ब्योरा सौंपा है। अपने खुलासों से तहलका मचाने वाली वेबसाइट विकीलीक्स अब स्विस बैंकों में दुनिया भर के पूंजीपतियों और राजनेताओं के अकूत धन वाले गोपनीय बैंक खातों का भंडाफोड़ करने की फ़िराक में लग गई है। एल्मर ने लंदन में एक प्रेस कांफ्रेंस में इन बैंक खातों की जानकारियां दो सीडी में विकीलीक्स को सौंपी।
एल्‍मर का दावा है कि इसमें अमेरिका, इंग्‍लैंड सहित कई एशियाई देशों के राजनेताओं और बिजनेसमैन के बारे में सूचनाएं हैं।इस बीच, जर्मन बैंक ने भी एक सूची सौंपी है, जिसमें 28 भारतीयों के नाम हैं। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि इस एल्‍मर की ओर से सौंपी गई सूची में भारत से काला धन स्विस बैंक में जमा कराने वालों के नाम हैं या नहीं। स्विस अखबार ‘डेयर जॉनटाग’ में छपी रिपोर्ट के मुताबिक 1990 से 2009 के बीच स्विस बैंक में काला धन जमा करने वाले लोगों के नाम ही लिस्ट में शामिल हैं।

इस खबर के बाद से भारत में राजनीतिक सरगर्मियों ने ज़ोर पकड लिया है। देश की सरकार चलाने वाली पार्टी ’कांग्रेस’ और प्रमुख विपक्षी दल ’बीजेपी’ इस मुद्दे पर आमने-सामने आ गई हैं। बीजेपी, केंद्र सरकार पर स्विस बैंक के खाताधारकों के नाम जगजाहिर करने का दबाव बनाने में लग गई है। भाजपा का दावा है कि भारत सरकार को जर्मनी की सरकार ने स्विस बैंक के खाताधारकों की सूचना पहले ही सौंप दी है। वहीं, कांग्रेस ने सरकार का बचाव करते हुए कहा है कि जो मामला सुप्रीम कोर्ट में चल रहा है, उस पर बयानबाजी नहीं करनी चाहिए।
भाजपा प्रवक्‍ता रविशंकर प्रसाद ने नई दिल्‍ली में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘हम इस बैंक के भारतीय खाताधारकों के नाम जानना चाहते हैं और पूरा देश भी यही चाहता है कि सार्वजनिक संपत्ति को लूट कर स्विस बैंक में जमा करने वालों का पर्दाफाश होना चाहिये। इसलिए हम उम्‍मीद करते हैं कि ये नाम जल्‍द से जल्‍द लोगों के सामने आने चाहिए जिससे देश की जनता यह जान सके कि किसने देश की सेवा की, या खुद को अमीर बनाया।’भाजपा ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार के खिलाफ अभियान छेड़ रखा है जिसने सत्‍ता में दोबारा वापसी के बाद 100 दिनों के भीतर विदेशों में जमा भारतीय लोगों के काला धन को देश लाने का वादा किया था।

चलती कार में गैंगरेप, तीन गिरफ़्तार

गाजियाबाद : एनसीआर में एक बार फ़िर शर्मसार कर देने वाली घटना ने कानून-व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। गाजियाबाद के राजनगर इलाके में बीती रात इंटर की छात्रा के साथ सरेआम कार में गैंगरेप हुआ।

गाजियाबाद के राजनगर इलाके में इंटर की एक छात्रा को लिफ्ट देने के बहाने कार में बैठाने के बाद तीन युवकों ने उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया, और उसके बाद तीनों युवक छात्रा को मेरठ रोड पर छोड़कर फरार हो गए। बदहवास हालत में अपने घर पहुंची छात्रा ने इस बाबत परिजनों को बताया। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस ने रविवार देर रात तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। एक पुलिस अधिकारी ने बताय कि छात्रा ट्यूशन पढ़ने के लिए जा रही थी तभी उसके जानने वाले एक युवक मोनू ने कार में लिफ्ट देने की बात कही। मोनू के साथ दो और युवक कार में सवार थे। जब छात्रा ने कार में बैठने से इन्कार किया तो इन तीनों ने ज़बरदस्ती छात्रा को कार में खींच लिया और चलती कार में ही उसके साथ रेप किया।

घटना के वक़्त तीनों युवक नशे में थे।और ये तीनों भी इंटर के छात्र बताये जा रहे हैं।

अमिताभ के होटल के पास बम विस्फ़ोट

लंदन में जिस होटल में बिग बी अमिताभ बच्चन ठहरे हुये थे उस होटल के पास बम धमाका हुआ है। हालांकि बम की सूचना मिलने के बाद उन्हें सुरक्षित होटल से बाहर निकाल लिया गया था। फ़िल्म की शूटिंग के लिये लंदन पहुंचे अमिताभ बच्चन ने ट्विटर के जरिए खबर दी है कि बम की खबर के बाद लन्दन की जिस होटल से अमिताभ को बाहर किया गया था उस होटल के पास ज़ोरदार धमाका हुआ।

बिग बी ने बताया है कि यह घटना एसटी जेम्स कोर्ट होटल के करीब स्थित निर्माणाधीन मकान के पास हुआ है।

घटना की आशंका को देखते हुए होटल खाली करा लिया गया था और कहा गया था कि डरने की कोई बात नहीं सब कुछ जल्द ही समान्य हो जाएगा। हमलोग कार में सवार होकर सुरक्षित जगह पहुच गए थे। काफी ठंड होने के बावजूद पुलिस और फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने सब कुछ सम्भाल लिया और अब स्थिति सामान्य हो गई है।

मंत्रिमंडल विस्तार संभव, सोनिया-मनमोहन की भेंट

नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्रिमंडल में जल्दी ही कुछ नये मंत्री शामिल किये जा सकते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों के बीच मंगलवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात की। सोनिया के साथ उनके राजनीतिक सचिव अहमद पटेल भी थे।

वहीं प्रधानमंत्री ने सोमवार को राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल से मुलाकात की थी। इसे हालांकि शिष्टाचार मुलाकात बताया जा रह है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक इस हफ्ते में यूपीए मंत्रिमंडल में फेरबदल और विस्तार की संभावना है। सूत्रों का यह भी कहना है कि मनमोहन सिंह इस बार मंत्रिमंडल में युवा चेहरे शामिल कर सकते हैं। शरद पवार और कपिल सिब्बल जैसे मंत्रियों के पास एक से अधिक मंत्रालयों का प्रभार है।ऎसे में उनसे कुछ मंत्रालय लिए जा सकते हैं।

मंत्रिमंडल में ए. राजा, पृथ्वीराज चव्हाण और शशि थरूर के इस्तीफे के बाद कुछ पद रिक्त भी हैं। फेरबदल और विस्तार का मुख्य उद्देश्य इन मंत्रालयों को भरना बताया जा रहा है।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York