Friday, March 11, 2011

वर्ल्ड कप: इंग्लैंड पर बांग्लादेश की शानदार जीत


चिटागॉंग : बांग्लादेश ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को 2 विकेट से मात दी और क्वार्टर फ़ाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को क़ायम रखा है। बांग्लादेश ने पुछल्ले बल्लेबाज़ों के शानदार प्रदर्शन के बदौलत इंग्लैंड के जबड़े से जीत छीन ली। सलामी बल्लेबाज़ तमीम इक़्बाल और इमरुल क़ाएस ने बांग्लादेश को अच्छी शुरूआत दी थी। इन दोनों ने पहले विकेट के लिये शानदार 52 रन जोड़े थे। तमीम इक़बाल को ब्रेसन्न ने बोल्ड मार कर बांग्लादेश को पहला झटका दिया था।

तमीम ने 5 चौके लगाकर 26 गेंदों में 38 रनों की शानदार पारी खेली। फिर आगे बांग्लादेश ने महज़ 21 रनों के बाद 2 विकेट और खो दिये। जिसमें जुनैद 12 रन बनाकर रन आउट हो गए। रक़ीबुल हसन बग़ैर खाता खोले ही शहज़ाद का शिकार बने। फिर कप्तान शाकिब अल हसन और इमरुल काएस के बीच चौथे विकेट के लिये 82 रनों की साझेदारी हुई जिसने बांग्लादेश की जीत की नींव रखी।

लेकिन इमरुल काएस के रन आउट हो जाने के बाद बांग्लादेश की बल्लेबाज़ी लड़खड़ा गई। इमरुल काएस ने 5 चौके लगाकर 100 गेंदों में 60 रन बनाए। 169 रन के स्कोर पर बांग्लादेश ने अपने 8 विकेट खो दिये थे। उस समय बांग्लादेश की हार निश्चित लगने लगी थी। लेकिन फिर मेहमूदुल्लाह और शफ़िउल इस्लाम के बीच हुई 9वें विकेट के लिये नाबाद 58 रनों की साझेदारी ने बांग्लादेश को जीत दिला दी। मेहमूदुल्लाह ने 2 चौकों की मदद से 42 गेंदों में नाबाद 21 रन बनाए जबकि शफ़िउल इस्लाम ने 4 चौके और 1 छक्का लगाकर 24 गेंदों में नाबाद 24 रन बनाए।

इंग्लैंड की ओर से ए शहज़ाद सबसे सफ़ल गेंदबाज़ रहे जिन्होंने 43 रन देकर 3 खिलाड़ियों को आउट किया। जबकि स्वान ने 42 रन देकर 2 विकेट लिये। ब्रेसन्न को 35 रन देकर 1 विकेट मिला। एन्डरसन महंगे साबित हुए, उन्होंने अपने 9 ओवरों में 54 रन दिये और उन्हें कोई सफ़लता भी नहीं प्राप्त हुई।

इससे पहले इंग्लैंड की टीम, जोनाथन ट्रॉट (67) और इयॉन मोर्गन (63) के अर्धशतकों के बावजूद 225 रन के मामूली स्कोर पर सिमट गई। इंग्लैंड 53 रन पर तीन विकेट गंवाकर गहरे संकट में था लेकिन ट्रॉट और केविन पीटरसन के हर्निया की चोट के बाहर विश्वकप से बाहर होने उनकी जगह शामिल किए गए मोर्गन ने चौथे विकेट के लिए 109 रन जोड़कर स्थिति को काफी हद तक संभाल लिया। लेकिन इस जोड़ी के टूटते ही इंग्लिश टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और 49.4 ओवर में 225 रन ही जुटा सकी।

बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया और उनके गेंदबाजों ने योजना के अनुरूप गेंदबाजी करते हुए इंग्लिश टीम को कभी भी संभलने का मौका नहीं दिया। नईम इस्लाम, अब्दुर रज्जाक और शाकिब अल हसन ने दो-दो विकेट लिए जबकि शफीउल इस्लाम, रुबेल हुसैन और महमूदुल्ला को एक-एक विकेट मिला।

बांग्लादेशी गेंदबाजों ने स्थानीय जहूर अहमद चौधरी स्टेडियम में खेले गए विश्वकप के इस पहले मुकाबले में अनुशासित गेंदबाजी करते हुए इंग्लिश गेंदबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।

No comments:

Post a Comment

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York