
दुनिया की जानी मानी कंपनी ‘वॉल्वो’ ने भारतीय बाज़ार में अपनी एंट्री लेवल की लग्जरी कार ‘एस-60’ को पेश किया है। भारत में इसकी कीमत 27 लाख रुपए से 34 लाख रुपए के बीच रहेगी। ‘एस-60’ वॉल्वो की भारत में मौजूद अब तक की सुपरलग्जरी कारों में से सबसे सस्ती कार है। ‘वॉल्वो’ को दुनिया में सबसे सुरक्षित वाहन बनाने वाली कंपनी के नाम से भी जाना जाता है। लेकिन लग्जरी बस सेगमेंट में धाक जमाने के बाद भी वॉल्वो भारत के बढ़ते कार बाजार में अपने पैर नहीं जमा पाई।
भारत में वॉल्वो की अब तक मौजूद कारें सुपरलग्जरी सेगमेंट की हैं जिनकी कीमत 50 लाख रुपये से भी ज्यादा है। लेकिन अब वॉल्वो ने इस सेगमेंट में एंट्री लेवल कार ‘एस-60’ उतार दी है। ‘एस-60’ पेट्रोल के साथ डीजल इंजन में भी मिलेगी। सुरक्षा के लिहाज से इसमें कई सेफ्टी फीचर दिए गए हैं जिनके लिए वॉल्वो पूरी दुनिया में जानी जाती है।
इस कार में ‘पेडेस्ट्रियन प्रोटेक्शन सिस्टम’ लगाया गया है। इस सिस्टम का कार्य ये है कि अगर 35 किलोमीटर की रफ्तार से चल रही इस कार के रास्ते में अगर कोई चीज आचानक आती है तो कार में खुद-ब-खुद ब्रेक लग जाते हैं।
इसके अलावा इसमें सेफ्टी के लिए ‘एडैप्टिव क्रूज कंट्रोल’, ‘फ्रंट में वाइड एंगल कैमरा’ और ड्राइवर अलर्ट सिस्टम दिया गया है। इसके पेट्रोल वेरिएंट में 3 लीटर का इंजन लगा है जो 304 बीएचपी पावर देता है और डीजल वेरिएंट में 2.4 लीटर का इंजन लगा है जो 205 बीएचपी पावर देता है।
‘एस-60’ पेट्रोल 9 किलोमीटर की माइलेज देती है जबकि डीजल वर्जन में माइलेज 14 किलोमीटर मिलेगी। वॉल्वो एस60 को मर्सिडीज की ‘सी क्लास’, बीएमडब्ल्यू की ‘3 सीरीज’ और ऑडी ‘ए-4’ से कड़ा मुकाबला करना होगा। क्योंकी ये तीनों पहले से ही लग्जरी सेगमेंट में खूब बिक रही हैं और बाज़ार में ख़ूब छाई हुई हैं।

No comments:
Post a Comment