
रविवार को भारत से दुबई जा रहे पाकिस्तानी सूफी गायक राहत फतेह अली खान को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से गिरफ़्तार कर लिया गया। डायरेक्ट्रेट ऑफ रिवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) द्वारा राहत को विदेशी मुद्रा की तस्करी के प्रयास के आरोप में हिरासत में लिया गया है। राहत फतेह अली खान अपने 20 सहयोगियों के साथ दुबई जा रहे थे। उनके कब्जे से डीआरआई ने 1,15,000 अमेरिकी डॉलर (करीब 51 लाख रुपए) बरामद किए। भारतीय नियमों के अनुसार किसी भी विदेशी पासपोर्ट धारी को दस हजार यूएस डालर से अधिक विदेशी मुद्रा विदेश ले जाने की अनुमति नहीं है।
सूफी गायक राहत फतेह अली खान इन दिनों अजमेर में आयोजित एक समारोह में भाग लेने के लिए भारत आए हुए थे। कार्यक्रम में भाग लेने के उपरांत वे दुबई जाने के लिए रविवार शाम इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे। लेकिन इसके पहले डीआरआई की टीम को सूचना मिली कि वह भारी मात्रा में विदेशी मुद्रा लेकर विदेश जाने की कोशिश में हैं। सूचना मिलते ही डीआरआई की टीम डिपार्चर हाल में मुस्तैद हो गई।
राहत शाम छह बजे सहयोगियों समेत टर्मिनल टी-3 पर पहुंचे। चेक इन के लिए वे जैसे ही एयरलाइंस काउंटर पहुंचे कि डीआरआई की टीम ने उन्हें रोक लिया। डीआरआई की टीम राहत के अलावा ट्रुप मैनेजर और इवेंट कंपनी मैनेजर को भी कस्टम विभाग के दफ्तर में ले गई। अब दिल्ली पुलिस राहत के साथ उनके दो साथियों को भी गिरफ्तार करके पूछताछ कर रही है कि आखिर इतनी बड़ी विदेशी मुद्रा उनके पास आई कहाँ से?
राहत के साथ मैनेजर समेत कुल 20 लोगों का ग्रुप था। वे अपने ग्रुप के साथ एमिरेट्स की फ्लाइट से दुबई जा रहे थे। राहत फतेह अली खान ने इतनी बड़ी राशि की जानकारी भारत के आव्रजन अधिकारियों को नहीं दी थी। सूत्रों के अनुसार अभी तक वे इस राशि के बारे में कुछ भी नहीं बता रहे हैं। पुलिस उस एजेंट की तलाश भी कर रही है, जिसने यह रकम उन तक पहुँचाई थी।
इसी बीच राहत की सहायता के लिए पाकिस्तान उच्चायोग के अधिकारी दिल्ली में डीआरई के दफ्तर पहुँच गए हैं लेकिन किसी भी अधिकारी को राहत से मिलने की इजाजत नहीं दी गई है।

No comments:
Post a Comment