
वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले खेले जा रहे अभ्यास मैचों में आज नीदरलैंड़ ने केन्या को 2 विकेटों से मात दी। नीदरलैंड की ओर से आर एन टैन ने नाबाद 98 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई। केन्या ने टास जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला करते हुए 5 विकेट के नुक़सान पर 263 रनों का स्कोर खडा किया था।
केन्या ने ओपनर बल्लेबाज़ एस वाटर्स के नाबाद 126 रनों की बदौलत ये स्कोर खड़ा किया था। केन्या ने ए ओबान्ड़ा के रूप में महज़ 21 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट खो दिया था। इसके अलावा डी ओ ओबुया, अम ए औउमा ने केवल 20-20 रन बनाए। अनुभवी बल्लेबाज़ एस ओ तिकोलो केवल 8 रन बनाकर ही पवेलियन लौट गये। फिर आर आर पटेल ने ज़िम्मेदारी से खेलते हुए एस वाटर्स के साथ 5वें विकेट के लिये 129 रनों की साझेदारी निभाई। आर आर पटेल ने 64 रन बनाए।
नीदरलैंड़ की ओर से नाबाद 98 रन बनाने वाले आर एन टैन ने 2 विकेट भी लिये। इनके अलावा बेरेन्ड, बी पी लूट्स व पी एम सीलार ने 1-1 विकेट लिया।
फिर 264 रनों का लक्ष्य हासिल करने मैदान में उतरी नीदरलैंड की शुरूआत अच्छी रही। ओपनर करवेज़ी ने महज़ 33 गेंदों पर 49 रनों की ताबडतोड़ पारी खेली। नीदरलैंड को पहला झटका, 67 रन के योग पर लगा, जब बेहद ख़तरनाक खेल रहे करवेज़ी को एन ओढियाम्बो ने बोल्ड़ मार दिया। केन्या की ओर से स्टीव तिकोलो सबसे क़ाम्याब गेंदबाज़ रहे, जिन्होंने 39 रन देकर 4 बल्लेबाज़ों को आउट किया, लेकिन वो भी अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।