Showing posts with label Indian Railways. Show all posts
Showing posts with label Indian Railways. Show all posts

Thursday, March 10, 2011

जाट आंदोलन को मिला मायावती का समर्थन


लखनऊ : अपने आंदोलन के माध्यम से केंद्र सरकार को झंझोड़ कर आरक्षण हासिल करने की जुगत में लगे उत्तर प्रदेश-हरियाणा के जाटों को अब समर्थन मिलना भी शुरू हो गया है। उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने जाट समुदाय द्वारा आरक्षण की मांग को लेकर किए जा रहे आंदोलन का समर्थन कर केंद्र को इनकी मांग पर विचार करने की सलाह दे डाली है।

आज लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहीं सीएम ने कहा कि केंद्र को इस पर विचार करके जाटों को आरक्षण देना चाहिए। वहीं उन्होंने जाटों से आग्रह किया कि वह लोग दिल्ली में जाकर केंद्र सरकार का घेराव करें, न कि अपने ही प्रदेश में कानून-व्यवस्था को खराब करें। मुख्यमंत्री के इस बयान ने जाटों की उम्मीदों में चार चांद लगा दिये हैं।


मुख्यमंत्री की इस बात से गदगद हुए अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक ने कहा कि, हम मुख्यंत्री का धन्यवाद करते हैं। उन्होंने हमारी मांग का समर्थन किया है। हमारा यूपी सरकार से कोई संघर्ष नहीं है। हम केंद्र से आरक्षण की लड़ाई लड़ रहे हैं। प्रदेश सरकार की किसी संपत्ति या कानून व्यवस्था को नुकसान नहीं पहुंचा रहे हैं। जाट समुदाय कल दिल्ली की तरफ कूच करेगा।


गौरतलब है कि जाट आंदोलनकारियों द्वारा की जा रही आरक्षण की मांग पर सरकार को दिया गया अल्टीमेटम आज गुरुवार को खत्म हो गया। जिसके बाद जाटों ने आंदोलन तेज कर दिया है। गुरुवार को छठे दिन भी आंदोलन जारी रहा और पश्चिम यूपी से हिसार तक प्रदर्शन किए जा रहे हैं।

इस बगावत से उत्तर प्रदेश और हरियाणा से गुजरने वाली ट्रेनों सबसे ज़्यादा प्रभावित हो रही है। सबसे पहली और बड़ी क्षति ये हुई है कि यात्री ट्रेन और मालगाड़ी की आवाजाही ठप पड़ने के कारण खेदड़ का थर्मल प्लांट बंद होने की कगार पर पहुंच गया है। ऐसा होने की स्थिति में बड़े इलाके की बत्ती भी गुल हो जाएगी। जाटों का आरक्षण की मांग के आंदोलन में अब हर उम्र के लोगों को शामिल किया जा रहा है। आंदोलनकारियों ने हिसार-जयपुर रेलवे ट्रैक को पूरी तरह से जाम कर दिया। जिसका असर रेल सेवाओं पर पड़ा।

जाट नेताओं का आरोप है कि केंद्र सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है, इसलिए आंदोलन जारी रहेगा। यही नहीं जाट प्रदर्शनकारी दिल्ली का पानी रोकने और मथुरा रिफायनरी से तेल की आपूर्ति भी रोकने की तैयारी में लगे हुए है।

आंदोलन के कारण मुरादाबाद डिवीजन और भिवानी-हांसी सेक्शन पर रेल मार्ग ठप पड़ गया है। इस रूट पर गुरुवार को 30 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया। दिल्ली, बरेली और सहारनपुर की तरफ जाने वाली ट्रेनें इसकी चपेट में आई हैं।

आंदोलन की वजह से 17 ट्रेनों को मंजिल से पहले ही रोक दिया गया है। जयपुर, श्रीगंगानगर, रेवाड़ी और भिवानी रूट की ट्रेनों पर इसका असर पड़ा है। इसके अलावा 26 ट्रेनों के रूट भी बदले गए हैं। शुक्रवार 11 मार्च को भी हजरत निजामुद्दीन-अंबाला कैंट पैसेंजर और भुज-बरेली अल हजरत एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।

Sunday, February 27, 2011

अब शताब्दी की हर सीट पर होगा टीवी


अगर आप शताब्दी ट्रेन से सफर करने के लिये सोच रहे है तो इस खबर पर ध्यान दें। अब आपका सफ़र और भी मनोरंजक होने वाला है। क्योंकि भारतीय रेल कालका शताब्दी एक्सप्रेस में एक प्रयोग किया जा रहा है और इस प्रयोग में हर सीट पर एक टीवी लगा होगा। साथ ही प्रत्येक का अलग-अलग हैडफोन होगा।

रेलवे के मुताबिक शताब्दी के हर कोच में 56 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था होती है और अब इसमें हर सीट के आगे एक टीवी सेट लगाया जा रहा है सात इंच लंबे और चार इंच चौडे इस टीवी स्क्रीन पर डिश टीवी के माध्यम से 88 चैनल दिखाएं जाएंगे। रेलवे के मुताबिक अगर उनका यह प्रयोग सफल होता है तो इसे दूसरी ट्रेनों में भी प्रयोग किया जाएगा।

गौरतलब है कि इससे पहले भी 1956 में रेलवे ने कानपुर से झा झा स्टेशन के बीच में ऐसा प्रयोग किया था लेकिन कुछ समय बाद इसे हटा दिया गया था। अब ट्रेन में टीवी की यह मांग काफी दिनों से यह उठ रही है जिसके चलते रेलवे ने यह कदम उठाया है।

Monday, December 27, 2010

उत्तर भारत में कोहरे का कहर, यातायात ठप्प

नई दिल्ली: उत्‍तर भारत में कोहरे की वजह से मुसाफिरों की शामत आ गई है। रेल, सड़क और हवाई यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। सोमवार को भी विमान और रेल सेवा चरमराई हुई है। कोहरे के चलते दिल्‍ली में करीब 70 उड़ानों के या तो रूट बदले गए या फिर उनके समय में बदलाव करना पड़ा है। दिल्ली की तरफ आ रहे 23 विमानों के रूट में बदलाव करते हुए उन्हें आसपास के शहरों की तरफ भेजना पड़ा। कोहरे का असर ट्रेनों की आवाजाही पर भी पड़ा है। कोहरे के चलते पांच ट्रेनों (भोपाल शताब्दी, अमृतसर शताब्दी, सीमांचल एक्सप्रेस और ताज एक्सप्रेस) के समय में बदलाव किया गया और 55 ट्रेनें देर से चल रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे कोहरे का कोहराम जारी रहेगा। नागरिक उड्डयन मंत्री प्रफुल्‍ल पटेल ने सोमवार को कहा कि अगर 50 मीटर से ज्‍यादा दूर की चीजें कोहरे के चलते नहीं दिखेंगी तो विमान नहीं उड़ाए जा सकते।

शनिवार देर शाम से ही आईजीआई एयरपोर्ट के तीनों रनवे पर धुंध पसर गई थी। रनवे पर विजीबिलीटी 50 से 175 मीटर हो गई थी, जिसके चलते उड़ानों पर असर पड़ा। इससे पहले रविवार को करीब 100 उड़ानों पर कोहरे का असर पड़ा था। 14 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों समेत 40 फ्लाइटों के रास्ते बदलने पड़े वहीं, 38 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इनमें चाइना एयर, सिंगापुर एयरलाइंस, थाई एयरवेज, एयर फ्रांस और ब्रिटिश एयरवेज शामिल हैं। दृश्यता शून्य के करीब पहुंच गई और करीब दो घंटे एयरपोर्ट बिल्कुल ठप रहा। शनिवार रात से लो विजिबिलिटी प्रोसीजर (एलवीपी) लागू कर दिया गया।

रेल सेवाओं को भी कोहरे ने पूरी तरह थाम कर रख दिया। गुर्जर आंदोलन का भी ट्रेनों के आवागमन पर असर जारी है। सामान्य मेल या एक्सप्रेस गाड़ियां तो दूर, आधा दर्जन राजधानी और शताब्दी जैसी वीआईपी गाडिय़ों की सेवाएं भी प्रभावित हुई। कोहरे की वजह से पांच ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है और 55 ट्रेनें दो से तीस घंटे की देरी से चल रही हैं। जिन पांच ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है, उनमें भोपाल शताब्दी, अमृतसर शताब्दी, सीमांचल एक्सप्रेस और ताज एक्सप्रेस शामिल हैं। जो ट्रेनें देर से चल रही हैं उनमें पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस, सियालदह एक्सप्रेस और हावड़ा राजधानी शामिल हैं। देहरादून बांद्रा एक्सप्रेस और मुंबई जनता एक्सप्रेस अगले सात दिनों तक नहीं चलेंगी। राजस्थान में गुर्जर आंदोलन के चलते रेलवे ने कुछ ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इनमें कोटा जनशताब्दी और अजमेर शताब्दी शामिल हैं। वहीं मौसम विभाग ने अभी और तापमान के गिरने की भविष्यवाणी की है।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York