Showing posts with label 02-02-2011. Show all posts
Showing posts with label 02-02-2011. Show all posts

Wednesday, February 2, 2011

बढ़ती महंगाई पर लगेगी रोक:पवार


केन्द्रीय कृषि मंत्री शरद पवार का मानना है कि पिछले साल के मुकाबले इस साल कई खाद्य पदार्थों की पैदावार में बढ़ोतरी होने के कारण खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों पर रोक लगेगी।

आज भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की सालाना आम बैठक के बाद पवार ने संवाददाताओं से कहा कि उन्हें विभिन्न राज्यों से जो रिपोर्टें मिली हैं उनके अनुसार इस साल गेहूँ, दलहन, कपास आदि फसलें पिछले साल की तुलना में अधिक बड़े क्षेत्र में उगाई गई हैं| इस साल खाद्यान्नों की उपज में वृद्धि का अनुमान है। ऐसे में उम्मीद तो यही है कि इस साल अधिक अन्न उत्पादन होने के कारण खाद्य पदार्थों की कीमतों पर काफी हद तक अंकुश लग सकेगा।

उनका कहना है कि सरकार ने इस साल के लिए आठ करोड़ 20 लाख टन गेहूँ उत्पादन का लक्ष्य रखा है| उन्हें पूरी उम्मीद है कि इस लक्ष्य को हासिल करने में कोई दिक्कत नहीं आयेगी। क्योंकि इस साल न केवल गेहूँ की फसल का क्षेत्रफल अधिक है, बल्कि फसल की स्थिति भी बहुत अच्छी है

अब भारतीय नागरिकता मिलेगी ऑनलाइन



नई दिल्ली: अब गृह मंत्रालय ने भारतीय नागरिकता प्रदान करने के लिए ऑनलाइन सुविधा शुरू की है। जिसके तहत एक साफ्टवेयर तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से भारतीय नागरिकता प्राप्त करने के इच्छुक लोग ऑनलाइन आवेदन भेज सकते हैं।

एक आवेदन पर एक ही आवेदक अप्लाई कर सकता है। अप्लाई करने के बाद आवेदक को एक इंटरनेट फाइल नंबर मिलेगा जिसके जरिए वह अपने आवेदन का स्टेटस पता कर सकता है। आवेदन को कंप्यूटर से मिलने वाला फार्म भरकर डीसी के कार्यालय में जमा करवाना होगा, जिसके बाद उसकी नागरिकता हेतु प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

यह प्रक्रिया गृह मंत्रालय की वेबसाइट www.mha.nic.in पर भी देखी जा सकती है। आईएंडसी के डायरेक्टर अनुज शर्मा ने बताया कि इस सुविधा के तहत आवेदक संबंधित एजेंसी को ऑनलाइन आवेदन भेज सकता है। इतना ही नहीं कोई विदेशी नागरिक भी वेबसाइट पर अप्लाई कर सकता है।

नाबालिग से किया एक महीने तक रेप



नई दिल्ली: राजधानी में आए दिन हो रही वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही है। इस बार एक नाबालिग के साथ यौन उत्पीड़न की घटना सामने आई है।

मामला पटेल नगर इलाके का है जहां के एक सरकारी स्कूल में कक्षा चार में पढ़ने वाली 11 वर्षीय एक नाबालिग छात्रा को दो युवकों ने एक माह तक हवस का शिकार बनाया। जब छात्रा ने अपने साथ हो रहे यौन उत्पीड़न की जानकारी अपनी बहन को दी तो परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने शिकायत मिलने के साथ ही छात्रा की डॉक्टरी जांच कराई जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हो गई।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का कहना है कि दोनों आरोपियों अमित कुमार (45) व मोहम्मद उमर (20) को गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारी के मुताबिक इन दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया जिसके बाद उन्हें तिहाड़ जेल भेज दिया गया। इन दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376, धारा 506 और धारा 511 के तहत मामला दर्ज किया गया।

वहीं एक अन्य घटना में राजधानी में एम्स के एक जूनियर डॉक्टर पर एक नाबालिग लड़के के साथ कुकृत्य करने का मामला भी सामने आया है। इस मामले में किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं की गई है ,लेकिन धारा 377 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

असांजे सिडनी शांति पदक से सम्मानित




बहुचर्चित वेबसाइट विकीलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे एक बार फिर चर्चा में है। इस बार कोई विवाद नहीं बल्कि उन्हें सिडनी शांति फाउंडेशन की ओर से उनके ‘साहसिक कार्यों’ के लिए स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया है।

14 साल पुराने इस फाउंडेशन ने असांजे को उनके ‘असाधारण साहस’ और ‘मानवाधिकारों के संदर्भ में कदम उठाने’ के लिए यह सम्मान दिया है। इससे पहले यह सम्मान सिर्फ तीन लोगों तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा, दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला और जापान के बौद्ध गुरु दाइसाकू इकेदा को दिया गया है।

फाउंडेशन के निदेशक स्टुअर्ट रीज ने कहा कि असांजे के कार्य ने राजनीति और पत्रकारिता की पुरानी परिपाटी को एक चुनौती पेश की है। रीज का कहना है कि असांजे को इस सम्मान के बारे में बीते महीने सूचित कर दिया गया था। असांजे यह सम्मान पाकर काफी खुश है और उन्होंने फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया

मिस्र संकट:अब भारतीय कंपनियों पर भी असर



मिस्र में चल रही अशांति और राजनैतिक संकट का खतरा अब भारतीय कंपनियों पर भी हो रहा है। मिस्र और पड़ोसी देशों से भारतीय कंपनियों को 500 करोड़ रुपए का सालाना राजस्व मिलता है। लेकिन बिगड़ते हालातों के चलते कंपनियों ने मिस्र में स्थित अपने कर्मचारियों को वापस बुलाना शुरू कर दिया है।

इंफोसिस ने मिस्र से अपने 19 भारतीय कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है, और विप्रो ने काहिरा के अपने सपोर्ट सेंटर से अपने सभी 20 कर्मचारियों को देश वापस बुला लिया है।

उधर मिस्र संकट का सबसे ज्यादा असर मारिको , इमामी , डाबर और एशियन पेंट्स पर पड़ा है। कंपनियों के मिस्र में स्थित प्लांट पूरी तरह से ठप्प पड़ गए हैं। सप्लाई कम होने और लागत बढ़ने से कंपनियों की आय पर असर पड़ेगा।

श्वेता तिवारी ने की शादी...?.


रियलिटी शो बिग बॉस-4 की विजेता बनने के बाद श्वेता तिवारी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार चर्चा का कारण है श्वेता की शादी। शो जीतने के बाद श्वेता ने दोबारा शादी करने की इच्छा जताई थी। उन्होंने कहा था कि वो ऐसे इंसान से शादी करेंगी जो अच्छा पति होने के साथ एक बेहतर पिता भी साबित हो सके।

खबरों के मुताबिक बिग बॉस विजेता श्वेता तिवारी अपने दोस्त अभिनव कोहली से शादी कर चुकी हैं। श्वेता ने बिग बॉस के घर में आने से पहले ही कुछ दोस्तों और परिवार वालों के सामने एक छोटे से समारोह में अपने प्रेमी अभिनव कोहली से शादी कर ली थी। इतना ही नहीं जब राजा को इस बात का पता चला तो उन्होंने श्वेता के घर जाकर उनकी पिटाई कर दी। लेकिन श्वेता भी चुप बैठने वाली नहीं थी। उन्होंने राजा की शिकायत पुलिस से कर दी जिसके बाद राजा को हवालात की हवा खानी पड़ी।

ADS

चिट्ठाजगत तुरंत छापो

चिट्ठाजगत

The Alex hotel New York