
नई दिल्ली: राजधानी में आए दिन होने वाली वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इस बार धौलाकुंआ इलाके में काल सेंटर में काम करने वाली एक युवती का मंगलवार रात अपहरण करने के बाद चार युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। धौलाकुआं थाना पुलिस ने लड़की का मेडिकल कराने के बाद अपहरण और गैंगरेप का मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन बुधवार शाम तक भी आरोपियों का पुलिस सुराग तक नहीं लगा पाई थी।
गुड़गांव के एक काल सेंटर से अपनी ड्यूटी के बाद मंगलवार रात दीपिता (काल्पनिक नाम) अपनी सहेली के साथ मोतीबाग स्थित अपने घर से मात्र 200 मीटर की दूरी पर कैब से उतरी। इसी दौरान ऑटो में सवार चार युवक आए और दोनों को कट्टा दिखाते हुए अपने साथ चलने को कहा। विरोध जताने पर चारों युवक युवतियों को जबरदस्ती ऑटो में बैठाने लगे लेकिन इसी दौरान एक युवती भागने में कामयाब हो गई, जबकि दीपिता को युवकों ने ऑटो में डाल लिया। अपने आपको बचाने में कामयब रही युवती ने 100 नम्बर पर फोन कर पुलिस को इस वाकये की जानकारी दी। जिससे पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर उसने युवती को अपने कब्जे में लिया। युवती के मिलने की सूचना मिलने और उसका मेडिकल कराने के बाद धौला कुआं थाना पुलिस ने भी अपहरण के बाद युवती से बलात्कार का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक पीड़ित लड़की को हिंदी नहीं आती है और वह मणिपुरी राज्य की निवासी लगती है।
