
हाल ही में दो पाकिस्तानी नागरिकों की गोली मारकर हत्या करने वाले अमेरिकी अधिकारी रेमंड डेविस को शुक्रवार को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। लाहौर की एक अदालत में अमेरिकी अधिकारी के ख़िलाफ़ ये कार्रवाई हुई। हालांकि अपने पक्ष में डेविस ने दावा किया है कि उनके साथ लूटपाट का प्रयास किया गया जिसपर उन्होंने गोली चलाई।
डेविस को आज कड़ी सुरक्षा में बख्तरबंद वाहन में मॉडल टाउन में न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। डेविस की आवाजाही पर नजर रखने वाले स्थानीय लोगों और विदेशी पत्रकारों को भ्रम में डालने के लिये पुलिस ने दो सशस्त्र वाहन अन्य अदालतों में भेज दिये।
पंजाब सरकार के अभियोजक अब्दुल समद ने अदालत के बाहर संवाददाताओं से कहा कि डेविस को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। इस मामले की अगली सुनवाई 25 फरवरी को होगी। अदालत के आदेश के तुरंत बाद डेविस को लखपत जेल ले जाया गया। प्रशासन ने हाल ही में इस जेल में डेविस के लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम किए हैं।
अधिकारियों ने कहा कि न्यायिक हिरासत पूरा होने जाने के बाद पुलिस की ओर से डेविस के खिलाफ आरोपपत्र दर्ज करने की संभावना है। डेविस को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है क्योंकि पुलिस ने उस घटना की जांच पूरी कर ली है, जिसमें उन्होंने 27 जनवरी को लाहौर में गोली मारकर दो पाकिस्तानियों की हत्या कर दी थी।
इससे पहले डेविस को 28 जनवरी को न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया था जहां से उन्हें तीन फरवरी तक के लिए पुलिस हिरासत में भेजा गया था। फिर बाद में पुलिस हिरासत की अवधि ११ फरवरी तक बढ़ा दी गयी थी।
साथ ही, पाकिस्तान के शीर्ष अधिकारियों ने डेविस को रिहा करने की अमेरिका की मांग को खारिज कर दिया है। अमेरिका का कहना है कि डेविस को राजनयिक छूट प्राप्त है जबकि पाकिस्तानी नेताओं का कहना है कि इस मामले का फैसला देश के कानून के अनुसार अदालत ही तय करेगी।
डेविस पर पाकिस्तान और अमेरिका के बीच गतिरोध से दोनों देशों के बीच संबंध में तनाव पैदा हो चुका है। अमेरिका ने पाकिस्तान के साथ अपने सारे उच्चस्तरीय संपर्क तोड़ लिए हैं और ऐसी खबरे हैं कि जब तक डेविस को रिहा नहीं किया जाता, तब तक संपर्क बहाल नहीं किये जाएंगे।
अमेरिकी सांसदों ने चेतावनी भी दी है कि इस मामले से पाकिस्तान को अरबों डॉलर का अमेरिकी असैन्य एवं सैन्य सहायता खटाई में पड़ सकती है। इसके अलावा इस मामले के चलते आगामी पाकिस्तान-अफगानिस्तान-अमेरिका बैठक और राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी की अमेरिका यात्रा भी प्रभावित होने की भी खबरे हैं।

No comments:
Post a Comment